फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Russia Ukraine War : Vladimir Putin Claims Victory On Mariupol On 57th Day, Asks Army To Stop Attacks

रूस-यूक्रेन युद्ध : 57वें दिन मैरियूपोल पर पुतिन ने किया 'जीत' का दावा, सेना से कहा- हमले रोकें

Fri, 22 Apr 2022 01:18 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, कीव/मॉस्को।
एजेंसी, कीव/मॉस्को। Published by: योगेश साहू Updated Fri, 22 Apr 2022 01:18 AM IST
सार

रूस ने यूक्रेन के बंदरगाह शहर पर इस्पात संयंत्र को छोड़ पूरे क्षेत्र पर अपना कब्जा होने का दावा किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का आदेश है कि रूसी सेना मैरियूपोल शहर को चारों तरफ से घेरे ताकि यहां परिंदा भी पर न मार सके।
 

विज्ञापन
Russia Ukraine War : Vladimir Putin Claims Victory On Mariupol On 57th Day, Asks Army To Stop Attacks
गोलाबारूद की जांच करता सैन्य कर्मी। - फोटो : Social Media

विस्तार

यूक्रेन पर रूस द्वारा छेड़े गए युद्ध के 57वें दिन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मैरियूपोल शहर पर जीत का दावा करते हुए अपनी सेना को आदेश दिया है कि वह यूक्रेन के इस अंतिम गढ़ पर धावा न बोले। उन्होंने कहा, सेना शहर को चारों ओर से घेर ले ‘ताकि वहां परिंदा भी पर न मार सके’। रक्षामंत्री सर्गेइ शोइगु ने कहा कि अजोवस्तान इस्पात संयंत्र के अलावा बाकी के शहर को ‘मुक्त’ कर दिया गया है।

विज्ञापन


रूसी अधिकारी यूक्रेन के उन इलाकों को ‘मुक्त’ बता रहे हैं, जहां उन्होंने कब्जा कर लिया है। इस संयंत्र में यूक्रेनी सेना छिपी हुई है। हालांकि, इसे यूक्रेन के हाथों में छोड़ने से रूस की मैरियूपोल पर पूर्ण विजय की क्षमता खत्म हो गई है। बंदरगाह शहर मैरियूपोल को कब्जे में लेना रूस के लिए सामरिक और सांकेतिक, दोनों रूप से महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन


यह रूस और क्रीमिया को जोड़ देगा और इससे रूसी सेना दोनबास में कहीं भी जा सकेगी। शोइगु ने कहा कि इस संयंत्र को भी सुरक्षित रूप से घेर लिया गया है।  इससे पहले उन्होंने कहा कि नागरिकों को लेकर चार बसें शहर से बाहर निकल गई हैं, जबकि शहर में हजारों और नागरिक हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


हमारे पास चंद दिन या कुछ घंटे बाकी : यूक्रेनी बल
रूसी सेना ने मैरियूपोल में एक विशाल इस्पात संयंत्र में छिपे रक्षकों के खिलाफ घेराबंदी बढ़ा दी है। यह बंदरगाह शहर में यूक्रेन का अंतिम गढ़ है। अंदर छिपे एक लड़ाके ने वीडियो में मदद की गुहार लगाते हुए कहा है कि ‘हमारे पास शायद चंद दिन या कुछ घंटे बचे हैं।’ इस बीच, क्रेमलिन ने युद्ध खत्म करने के लिए अपनी मांगों के एक मसौदे में कहा कि देश छोड़कर भागने वाले लोगों की संख्या 50 लाख पर पहुंच गई है।

रूस ने किया ‘सरमत’ मिसाइल परीक्षण, एक साथ 15 वॉरहेड ले जाने में सक्षम
अमेरिका व पश्चिमी देशों से जारी तनाव के बीच रूस ने ‘सरमत’ अंतरमहाद्वीपीय बैलेस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। एटमी हथियार ले जाने में सक्षम यह मिसाइल एक साथ 15 वॉरहेड ले जा सकती है। इससे ब्रिटेन, फ्रांस या अमेरिका के टेक्सास प्रांत को एक ही वार से तबाह किया जा सकता है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह मिसाइल शत्रु देशों को चिंतित होने पर मजबूर कर देगी। पुतिन ने कहा, ‘सरमत’ मिसाइल दुश्मनों को दो बार सोचने पर मजबूर करेगी। इसे पुतिन ने अजेय कहा। इसमें किंजल और अवांगार्ड हाइपरसोनिक मिसाइल भी शामिल हैं। पुतिन ने कहा, यह मिसाइल तकनीक खासियतों वाली है।

यह सभी एंटी मिसाइल रक्षा प्रणालियों से बचते हुए एक साथ दस या उससे ज्यादा परमाणु बम लेकर हमला कर सकती है और एक साथ कई लक्ष्यों को बर्बाद कर सकती है। अभी इसके मुकाबले की मिसाइल दुनिया में मौजूद नहीं है। हालांकि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने इसे नियमित परीक्षण बताते हुए कहा कि वह इसे खतरा नहीं मानता है।

लुहांस्क के 80 प्रतिशत क्षेत्र पर रूस का कब्जा
यूक्रेन के पूर्वी प्रांत लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदाई के मुताबिक, रूसी सेना ने इस क्षेत्र के 80 फीसदी हिस्से पर कब्जा कर लिया है। लुहांस्क उन दो महत्वपूर्ण प्रांतों में से एक है, जिनको मिलाकर दोनबास का क्षेत्र कहा जाता है। रूस के घोषित लक्ष्यों में से एक दोनबास में मॉस्को समर्थित अलगाववादियों के नियंत्रण वाले क्षेत्र का विस्तार करना है। 24 फरवरी को यूक्रेन पर रूसी सेना के हमले से पहले लुहांस्क का 60 प्रतिशत क्षेत्र यूक्रेनी नियंत्रण में था।

गेंद यूक्रेन के पाले में : क्रेमलिन 
लुहांस्क प्रांत के गवर्नर ने कहा कि रूसी सेना क्रेमिन्ना पर कब्जा जमाने के बाद रूबिझने और पोपस्ना के शहरों की ओर बढ़ रही है। उन्होंने सभी निवासियों से तत्काल शहर छोड़ने को कहा है। रूस ने कहा है कि उसने संघर्ष को खत्म करने के लिए अपनी मांगों का एक मसौदा यूक्रेन को सौंपा है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, ‘गेंद उनके पाले में है, हम जवाब की प्रतीक्षा कर रहे हैं।’ उन्होंने मसौदा प्रस्ताव पर कोई जानकारी नहीं दी

यूक्रेन को अतिरिक्त सैन्य मदद भेज सकते हैं बाइडन
राष्ट्रपति जो बाइडन रूसी हमले का सामना कर रहे यूक्रेन की मदद करने के लिए अतिरिक्त सैन्य सहायता जल्द भेज सकते हैं। नाम उजागर ना करने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि बाइडन व्हाइट हाउस में एक भाषण के दौरान यह घोषणा कर सकते हैं। इसमें यूक्रेन को आवश्यक भारी तोपखाना और गोला-बारूद शामिल होगा। कनाडा और नीदरलैंड ने भी यूक्रेन को हथियारों की खेप भेजने का एलान किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed