Russia-Ukraine War: पुतिन ने ट्रंप की तारीफ की, यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइल देने पर चेताया भी; जानिए असर
Russia-Ukraine War: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि अमेरिका अगर यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलें देता है तो इससे रूस-अमेरिका संबंधों को बड़ा नुकसान होगा, हालांकि युद्ध के हालात नहीं बदलेंगे। जानिए पुतिन के इस तेवर का क्या असर होगा
विस्तार
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलें दी जाती हैं, तो इससे मॉस्को और वॉशिंगटन के रिश्ते गंभीर रूप से प्रभावित होंगे। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि इससे जंग का नतीजा नहीं बदलेगा, क्योंकि रूसी सेना धीरे-धीरे ही सही लेकिन लगातार बढ़त बना रही है।
पुतिन ने कहा कि अगर अमेरिका की टोमहॉक क्रूज मिसाइलें कीव को मिलती हैं, तो यह रूस-अमेरिका संबंधों में तनाव का नया और खतरनाक दौर होगा। उन्होंने दावा किया कि रूसी वायु रक्षा प्रणाली इस खतरे से जल्दी निपटने में सक्षम है और इसका जंग के मैदान पर संतुलन पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
ये भी पढ़ें:- India-Afghanistan: अगले हफ्ते भारत दौरे पर आएंगे अफगानी के विदेश मंत्री; यूएन ने प्रतिबंध से दी छूट को मंजूरी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ भी की
वहीं, पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि अगस्त में अलास्का में हुई उनकी मुलाकात उत्पादक रही और यूक्रेन संकट का समाधान खोजने की दिशा में एक अच्छी पहल थी।
साथ ही, पुतिन ने पश्चिमी देशों को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने रूसी तेल ले जाने वाले जहाजों को कब्जे में लेने की कोशिश की, तो यह समुद्री डकैती होगी और इसका गंभीर परिणाम निकल सकता है। उन्होंने फ्रांस द्वारा एक तेल टैंकर को रोके जाने को राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाने की चाल बताया।
ये भी पढ़ें:- Pakistan: 'पीओके मांगे आजादी' की गूंज, गांव-गांव फैला आंदोलन; पाकिस्तानी सेना व सरकार के लिए चुनौती गहराई
चार्ली किर्क की हत्या घिनौना अपराध- पुतिन
अमेरिकी नेता चार्ली किर्क की हत्या पर पुतिन ने इसे घिनौना अपराध बताया और कहा कि यह अमेरिकी समाज में गहरे विभाजन को दिखाता है। उन्होंने किर्क को उन रूढ़िवादी मूल्यों का समर्थक करार दिया जिनसे रूस भी सहमत है। पुतिन ने माइकल ग्लॉस की भी प्रशंसा की, जो सीआईए अधिकारी के बेटे थे और रूसी सेना में शामिल होकर 2024 में यूक्रेन युद्ध में मारे गए। उन्हें मरणोपरांत रूस का वीरता पदक दिया गया, जो ट्रंप के दूत को मास्को यात्रा के दौरान सौंपा गया।
पुतिन ने नाटो को दी चेतावनी उकसाया तो तुरंत देंगे जवाब
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को नाटो को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके देश को उकसाया गया तो रूस तुरंत जवाब देगा। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन पर चल रहे युद्ध में अमेरिकी नेतृत्व वाले नाटो गठबंधन रूस के खिलाफ लड़ रहा है। सोची में अपने वार्षिक संबोधन में पुतिन ने कहा सभी नाटे देश हमारे खिलाफ लड़ रहे हैं। वे यूक्रेन को खुफिया जानकारी, हथियार और प्रशिक्षण दे रहे हैं। अगर यूरोप हमें भड़काने की कोशिश करता है तो हम चुप नहीं बैठेंगे।
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को खारिज किया कि रूस कागजी शेर है। पुतिन ने कहा कि रूस की सेना दुनिया की सबसे सक्षम सेना है। पुतिन ने नाटो को भी ‘कागजी शेर’ बताया और कहा कि अगर पश्चिम सोचता है कि रूस कमजोर है, तो वह नाटो के खिलाफ भी वही विचार रखता है। पुतिन ने यूरोपीय नेताओं की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि यूरोप लगातार रूस के खिलाफ हंगामा कर रहा है और युद्ध का खतरा बढ़ा रहा है।
हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि रूस कभी भी नाटो सदस्य पर हमला करने की संभावना को नहीं मानेगा। रूसी राष्ट्रपति कहा कि रूस के पास यूक्रेन में लड़ाई जारी रखने के लिए पर्याप्त सैनिक हैं। कीव चाहता है कि युद्ध रुके तो उसे बातचीत की मेज पर आना चाहिए। अमेरिका के साथ संबंधों पर उन्होंने कहा कि रूस अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए अमेरिका के साथ संबंध स्थापित करेगा। एजेंसी