Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   russia ukraine abu dhabi peace talks US Mediated explained

अबू धाबी में रूस-यूक्रेन शांति वार्ता: नौ महीने बाद आमने-सामने आए दोनों देश; जमीन पर क्या स्थिति?

Tue, 10 Nov 2026 11:50 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई,अबू धाबी।
पीटीआई,अबू धाबी। Published by: राकेश कुमार Updated Tue, 10 Nov 2026 11:50 PM IST
सार

अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच नौ महीने बाद चार घंटे लंबी शांति वार्ता आयोजित हुई है, जिसमें मुख्य रूप से मानवीय मुद्दों, कैदियों की अदला- बदली और सुरक्षा गारंटियों पर चर्चा की गई। अमेरिकी दूतों और यूरोपीय सहयोगियों की मौजूदगी के बावजूद दोनों देश अपने पुराने क्षेत्रीय और रणनीतिक दावों पर अड़े हुए हैं। जमीन पर लगातार जारी हमलों और कड़े विरोध के बीच यह दो दिवसीय बैठक बुधवार को भी जारी रहेगी, जिससे एक स्थाई शांति की संभावनाओं को टटोला जा रहा है।
 

विज्ञापन
russia ukraine abu dhabi peace talks US Mediated explained
रूस-यूक्रेन शांति वार्ता - फोटो : @AI/अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

करीब नौ महीनों के लंबे अंतराल के बाद रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों ने संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में एक बार फिर शांति वार्ता की मेज पर आमने-सामने बैठकर चर्चा की है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप के इस सबसे बड़े संघर्ष को रोकने के लिए अमेरिकी मध्यस्थता में हुई यह बैठक लगभग चार घंटे तक चली। हालांकि, इस सत्र को लेकर दोनों पक्षों या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुत ज्यादा उम्मीदें नहीं जताई जा रही हैं, क्योंकि इस साल हुई पिछली तीन दौर की बैठकों में किसी तरह का ठोस ब्रेकथ्रू सामने नहीं आ सका था। इसके बावजूद, अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के नतीजों और रूस की युद्ध-अर्थव्यवस्था पर बढ़ते दबाव ने कूटनीतिक हलकों में चर्चा का नया दौर जरूर शुरू कर दिया है।
विज्ञापन


बैठक में शामिल नहीं हुए जेलेंस्की और रूबियो
इस अहम बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की खुद शामिल नहीं हुए, लेकिन दोनों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पेरिस में जी-7 बैठक के दौरान मार्को रूबियो ने अबू धाबी की इस बातचीत को काफी प्रोडक्टिव बताया, हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि अगले 24 घंटों में किसी जादुई समाधान की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी। दूसरी ओर, डेनमार्क की कोपेनहेगन यूनिवर्सिटी में बोलते हुए राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि यह पूरी चर्चा मुख्य रूप से मानवीय मुद्दों पर केंद्रित थी।
विज्ञापन
  • यूक्रेन और रूस के बीच कैदियों की बड़े पैमाने पर अदला-बदली और जंग के दौरान रूस ले जाए गए यूक्रेनी बच्चों की वतन वापसी पर मुख्य रूप से चर्चा हुई।
  • विज्ञापन
    विज्ञापन
  • इस महत्वपूर्ण बैठक में दोनों देशों के बीच भविष्य की सुरक्षा गारंटियों को लेकर भी खुलकर बात की गई है।
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रॉन के दामाद जेरेड कुशनर और दूत स्टीव विटकॉफ ने इस शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

शांति की राह में अड़चन क्यों?
जंग रोकने के लिए दोनों देशों के प्रतिनिधि आमने-सामने तो जरूर आए हैं, लेकिन उनके शुरुआती रुख और पुरानी मांगें अब भी एक-दूसरे से कोसों दूर हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की साफ मांग है कि यूक्रेन उन चार क्षेत्रों से अपनी सेना पूरी तरह पीछे हटा ले, जिन्हें मॉस्को ने सितंबर 2022 में अपने कब्जे में ले लिया था, हालांकि रूसी सेना उन पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं बना पाई है। इसके अलावा, पुतिन चाहते हैं कि यूक्रेन नाटो की अपनी सदस्यता की दावेदारी हमेशा के लिए छोड़ दे और अपनी सेना के आकार पर कड़े प्रतिबंध स्वीकार करे। दूसरी तरफ, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने स्वेच्छा से अपनी जमीन छोड़ने या सेना को सीमित करने की इन तमाम शर्तों को सिरे से खारिज कर दिया है।
  • यूक्रेन की सरकार का यह कड़ा रुख है कि बिना किसी शर्त के तत्काल युद्धविराम ही किसी व्यापक समझौते की तरफ बढ़ने का पहला और एकमात्र कदम होना चाहिए।
  • रूस के मुख्य वार्ताकार व्लादिमीर मेडिंस्की का मानना है कि यह बैठक दोनों देशों के लोगों के हित में शांति के रास्ते को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगी।
  • मॉस्को ने यूरोपीय देशों की इस बातचीत में शुरुआती दखल पर आपत्ति जताई है, हालांकि बाद में यूरोपीय प्रतिनिधियों को इसमें शामिल किए जाने पर सहमति बन सकती है।

अमेरिका और नाटो की नई रूपरेखा क्या है?
अमेरिकी मध्यस्थों का साफ कहना है कि उनका मुख्य मकसद अतीत के अनुभवों से सीखकर एक नया ढांचा तैयार करना है। वाशिंगटन की तरफ से यह भी संकेत दिए गए हैं कि केवल यूक्रेन तक सीमित न रहकर एक बड़े और व्यापक यूरोपीय सुरक्षा समझौते पर काम चल रहा है, जो कई अन्य मोर्चों को भी अपने दायरे में लेगा।


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रॉन ने भी पिछले दिनों एक बड़े समझौते का जिक्र किया था जिसमें केवल यूक्रेन का मामला नहीं बल्कि पूरे यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था शामिल होगी। नाटो कमांडर अमेरिकी जनरल एलेक्सस ग्रिंकेविच भी इस बैठक में मौजूद रहे और उन्होंने दोनों पक्षों के साथ मिलकर एक स्थाई शांति की नींव रखने की अपनी मंशा जताई। यूक्रेन की टीम ने इस पूरी प्रक्रिया में अमेरिका के अलावा ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नाटो और यूरोपीय आयोग के प्रतिनिधियों के साथ भी अलग से अहम बैठक की है।

संघर्ष थमेगा या नहीं?
जब अबू धाबी में कूटनीतिक बातचीत चल रही थी, तब भी जमीन पर जंग की भीषण हकीकत में कोई कमी नहीं आई है। रूस ने बीती रात यूक्रेन पर एक बैलिस्टिक मिसाइल और 162 अलग-अलग तरह के ड्रोन दागे, तो वहीं रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी दावा किया कि उसने अपने आठ क्षेत्रों और क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर यूक्रेन के 155 ड्रोन हवा में ही मार गिराए। जमीनी मोर्चों पर दोनों सेनाएं लगभग आमने-सामने की स्थिति में पूरी तरह डेडलॉग पर हैं। 

विश्लेषकों का मानना है कि जब तक दोनों देश अपनी बुनियादी और कठोर शर्तों से पीछे नहीं हटते, तब तक किसी स्थायी शांति समझौते पर पहुंचना बेहद मुश्किल रहेगा। बहरहाल, दो दिनों तक चलने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक का दूसरा दिन बुधवार को है, जिस पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed