Prince Harry: बीमार पिता की खातिर परिवार से सुलह चाह रहे प्रिंस हैरी, पर किंग चार्ल्स बेटे से नहीं कर रहे बात
सरकारी सुरक्षा को लेकर अदालत में चल रहे मामले में फैसला आने के बाद प्रिंस हैरी ने एक साक्षात्कार दिया है। जिसमें उन्होंने अपने पिता के साथ सुलह करने की इच्छा जताई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रिंस हैरी ब्रिटिश शाही परिवार से सुलह चाहते हैं, लेकिन उनके पिता किंग चार्ल्स उनसे बात नहीं कर रहे हैं। शुक्रवार को बीबीसी से हैरी ने कहा कि उनके पिता कैंसर से जूझ रहे हैं। उन्हें नहीं पता कि किंग चार्ल्स कितने समय तक जीवित रहेंगे। इसलिए वह अतीत की सारी बातें भुलाकर शाही परिवार से सुलह करना चाहते हैं। हैरी ने कहा, जीवन अनमोल है। मुझे नहीं पता कि मेरे पिता के पास और कितना समय है। वह मुझसे बात नहीं करेंगे, लेकिन फिर भी मैं उनसे सुलह करना चाहूंगा।
सरकारी सुरक्षा को लेकर अदालत में चल रहे मामले में फैसला आने के बाद उनका यह साक्षात्कार प्रकाशित हुआ। इसमें उन्होंने अपने पिता के साथ संबंधों पर, अपनी शाही जिम्मेदारियों और परिवार को ब्रिटेन वापस लाने सहित कई विषयों पर बात की। हैरी ने बताया कि उनकी अपने पिता से आखिरी मुलाकात बीते साल फरवरी में तब हुई थी जब किंग चार्ल्स को कैंसर की बीमारी के बारे में पता चला था। हैरी ने बताया कि लंदन में हुई यह मुलाकात बहुत छोटी थी। उन्होंने कहा कि अब सुरक्षा संबंधी बातों के कारण पिता मुझसे नाराज हैं, और मुझे नहीं पता कि उनके पास कितना वक्त और शेष है, ऐसे में मैं उनसे सुलह करना चाहता हूं।
परिवार को वापस ब्रिटेन लाने को लेकर प्रिंस हैरी ने कहा कि ये फिलहाल मेरे लिए असंभव है। मुझे वर्तमान में ऐसी कोई स्थिति नहीं दिखती जिसमें मैं अपनी पत्नी और बच्चों को ब्रिटेन वापस लाऊं। उन्होंने कहा कि मुझे ब्रिटेन की बहुत याद आती है। मैं वहां के कई हिस्सों को याद करता हूं। मुझे अफसोस है कि मैं अपने बच्चों को वह सब नहीं दिखा पाउंगा।
आगे उन्होंने सुरक्षा को लेकर अदालत में चल रहे उनके मामले में फैसले को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मेरे पिता के पास बहुत अधिक नियंत्रण और क्षमता है। ऐसे में यह पूरा मामला, उनके माध्यम से हल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मेरे और मेरे परिवार के कुछ सदस्यों के बीच बहुत से मतभेद रहे हैं। बीते पांच सालों से सुरक्षा के संबंध में जो भी चल रहा है, वह एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि सरकारी सुरक्षा का इस्तेमाल एक तरह से दबाव बनाने के तौर पर किया गया।आज के फैसले के बारे में मुझे सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि इससे एक मिसाल कायम हो रही है कि सुरक्षा का इस्तेमाल (शाही) परिवार के सदस्यों को नियंत्रित करने के लिए किया जा सकता है। साथ ही यह प्रभावी रूप से परिवार के अन्य सदस्यों को एक अलग जीवन चुनने से रोकती है।
आगे ड्यूक ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी ने कहा कि मैं जिस चीज को माफ करने के लिए संघर्ष कर रहा हूं, वह है 2020 में लिया गया एक निर्णय जो मेरे हर एक दिन को प्रभावित करता है और जो जानबूझकर मुझे और मेरे परिवार को खतरे में डाल रहा है।
कोर्ट ऑफ अपील ने प्रिंस हैरी को सरकारी सुरक्षा नहीं देने के फैसले को बताया सही
वहीं, ब्रिटेन की कोर्ट ऑफ अपील ने प्रिंस हैरी को सरकारी सुरक्षा नहीं देने के फैसले को सही बताते हुए उस अपील खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने यूके सरकार के उस फैसले को चुनौती दी थी जिसमें उन्हें सरकारी खर्च पर मिलने वाली सुरक्षा से वंचित कर दिया गया था। मामले में सुनवाई के दौरान ब्रिटेन की एक अपीलीय अदालत ने कहा है कि प्रिंस हैरी के साथ कोई अन्याय नहीं हुआ जब उन्हें सरकारी खर्च पर सुरक्षा देना बंद कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें- Britain: 'प्रिंस हैरी के साथ अन्याय नहीं हुआ', ब्रिटेन की अदालत ने सरकारी सुरक्षा न देने के फैसले को बताया सही
कोर्ट ने कहा कि हैरी को रॉयल ड्यूटी छोड़ने और अमेरिका में बसने के बाद अब हर बार यूके आने पर केस-बाय-केस आधार पर सुरक्षा मिलेगी, और यह फैसला किसी भी तरह से अनुचित नहीं है। कोर्ट ने साफ किया कि जब कोई व्यक्ति शाही जिम्मेदारियां छोड़ देता है, तो उसे स्वचालित रूप से सरकारी सुरक्षा नहीं मिलती।
पिता के राज्याभिषेक में शामिल हुए थे हैरी
बता दें कि हैरी ने 2020 में शाही कर्तव्यों से इस्तीफा दे दिया था और अपनी अमेरिकी पत्नी मेघन और अपने दो बच्चों के साथ कैलिफोर्निया आ गए थे। तब से वह यहीं रहते हैं। घर छोड़ने के बाद से उन्होंने नेटफ्लिक्स की एक डॉक्यूमेंट्री में और अपनी आत्मकथा स्पेयर में शाही परिवार से जुड़े कई खुलासे किए गए थे। इसके चलते किंग चार्ल्स प्रिंस हैरी से नाराज हैं। हालांकि, कैलिफोर्निया के जाने के बाद भी वह बीच-बीच में ब्रिटेन आते रहते हैं। इससे पहले वह साल 2022 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यहां आए थे। उसके बाद अपने पिता के राज्याभिषेक में शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें- Pahalgam Attack: आतंकी हमले के बाद बढ़ा भारत-पाकिस्तान तनाव, पड़ोसी का दावा- उसे UNSC बैठक बुलाने का पूरा हक
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.