श्रीलंका दौरा : पीएम मोदी ने आतंकवाद को बताया संयुक्त खतरा, कहा- भारत आपके साथ खड़ा है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने विदेश दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मालदीव से श्रीलंका पहुंचे। यहां कोलंबो एयरपोर्ट पर श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह संत एंथोनी चर्च पहुंचे, जहां उन्होंने अप्रैल में ईस्टर के मौके पर किए गए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने कोलंबो स्थित इंडिया हाउस में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए चल चुके हैं।
अपने श्रीलंका दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वहां के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि आतंकवाद एक 'संयुक्त खतरा' है, जिसके खिलाफ संयुक्त रूप से कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है। बता दें कि 10 दिनों के अंदर प्रधानमंत्री ने सिरिसेना से दूसरी बार मुलाकात की है। वहीं, श्रीलंका में अप्रैल में ईस्टर के मौके पर हुए आतंकवादी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका आने वाले पहले विदेशी नेता हैं।
सिरिसेना से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'राष्ट्रपति सिरिसेना से मिला, जो 10 दिनों के अंदर दूसरी मुलाकात है। राष्ट्रपति सिरिसेना और मैं इस बात पर सहमत हुए कि आतंकवाद एक संयुक्त खतरा है जिसके खिलाफ सामूहिक कार्रवाई की जरूरत है। श्रीलंका से साझा, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य के लिए भारत की प्रतिबद्धिता दोहराई।'
Met President @MaithripalaS, our second meeting in 10 days.
President Sirisena and I agreed that terrorism is a joint threat that needs collective and focussed action.
Reiterated India’s commitment to partner with Sri Lanka for a shared, secure and prosperous future. pic.twitter.com/gDkV2vikcM— Narendra Modi (@narendramodi) June 9, 2019
इस दौरान सिरिसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुद्ध की समाधि वाली कलाकृति उपहार के तौर पर दी। प्रधानमंत्री कार्यालय के ट्वीट में कहा गया, 'खास मित्र से मिला खास उपहार। राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुद्ध की समाधि वाली कलाकृति उपहार के तौर पर दी। इसे अनुराधापुर काल की सर्वश्रेष्ठ कलाकृतियों में से एक माना जाता है। मूल प्रतिमा चौथी और सातवीं ईसवी के बीच बनी थी।'
A special gift from a special friend.
— PMO India (@PMOIndia) June 9, 2019
President @MaithripalaS presented PM @narendramodi the Samadhi Buddha Statue.
This is considered to be one of the best sculptures in the Anuradhapura era.
The original statue was sculptured between the 4th and 7th centuries AD. pic.twitter.com/tZO8xomPQ7
राष्ट्रपति सचिवालय जाने से पहले रास्ते में प्रधानमंत्री मोदी का काफिला कोलंबो में कैथोलिक चर्च पहुंचा। यहां उन्होंने अप्रैल में ईस्टर के मौके पर किए गए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मुझे विश्वास है कि श्रीलंका फिर उठ खड़ा होगा। कायराना आतंकवादी हमले श्रीलंका के हौसले को डिगा नहीं सकते। भारत श्रीलंका के लोगों के साथ है।'
बता दें कि श्रीलंका में साल 2009 में गृहयुद्ध समाप्त होने के बाद यह सबसे भीषण घटना थी। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन सरकार ने इसके लिए स्थानीय चरमपंथी समूह नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) को जिम्मेदार ठहराया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि दोनों नेताओं ने परस्पर हितों से संबंधित द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। राष्ट्रपति सिरिसेना ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में भोज का आयोजन किया था। राष्ट्रपति आवास में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया गया। इस दौरान छाता लिए सिरिसेना खुद को और पीएम मोदी को बारिश से बचाते दिखे। तमिल नेशनल अलायंस के प्रतिनिधिमंडल ने आर संपतन के नेतृत्व में पीएम मोदी से मुलाकात की और चुनाव जीतने की बधाई दी।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने श्रीलंका के विपक्ष के नेता महिंदा राजपक्षे के साथ विस्तृत वार्ता की। उन्होंने आतंकवाद निरोधक, सुरक्षा और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच निकट सहयोग की जरूरत पर जोर दिया। राजपक्षे से मुलाकात के संबंध में पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'विपक्ष के नेता महिंदा राजपक्षे के साथ विस्तृत वार्ता की। हमने भारत और श्रीलंका के बीच आतंकरोधी, सुरक्षा और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में नजदीकी सहयोग की जरूरत पर चर्चा की।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलंबो स्थित इंडिया हाउस में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा, 'जब कुछ खास मुद्दों की बात होती है तो मुझे यह बताने में खुशी हो रही है कि विदेश में रह रहे भारतीय समुदाय के लोग और भारत सरकार एक साथ हैं।' उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत की स्थिति मजबूत हो रही है और इसमें प्रवासी भारतीयों का बड़ा योगदान है। प्रधानमंत्री ने कहा, 'मैं जहां भी जाता हूं, मुझे भारतीय प्रवासियों की सफलता और उपलब्धियों के बारे में बताया जाता है।'
Democracy is a part of India’s ethos: PM @narendramodi pic.twitter.com/eIxJUZFRmN
— PMO India (@PMOIndia) June 9, 2019
प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीलंका यात्रा को लाभदायक बताया। वहां से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारे दिल में श्रीलंका की खास जगह है। मैं श्रीलंका के अपने भाईयों और बहनों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारत हमेशा आपके साथ है और आपके देश की उन्नति में सर्थन करेगा। आपके यादगार स्वागत के लिए धन्यवाद।
मालदीव और श्रीलंका का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीलंका से भारत लौट चुके हैं। श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे उन्हें छोड़ने एयरपोर्ट तक आए। अपने विदेश दौरे के पहले दिन शनिवार को पीएम मोदी मालदीव में थे, जहां उन्होंने भारत और मालदीव के बीच छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। मालदीव में प्रधानमंत्री मोदी को विदेशियों को दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान 'रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन' से भी सम्मानित किया गया।