{"_id":"655c0fe2e5db1d4c180e4223","slug":"philippines-blunt-words-on-china-will-not-give-even-an-inch-of-space-2023-11-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Philippines: चीन पर फिलीपीन के राष्ट्रपति मार्कोस की दो टूक, कहा- एक इंच जगह भी नहीं देंगे, देश झुकेगा नहीं","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Philippines: चीन पर फिलीपीन के राष्ट्रपति मार्कोस की दो टूक, कहा- एक इंच जगह भी नहीं देंगे, देश झुकेगा नहीं
Tue, 21 Nov 2023 07:33 AM IST
यशोधन शर्मा
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, होनोलुलू
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, होनोलुलू
Published by: यशोधन शर्मा
Updated Tue, 21 Nov 2023 07:33 AM IST
सार
इस यात्रा का मार्कोस जूनियर को भू-राजनीतिक और व्यक्तिगत महत्व दोनों हासिल हुआ है। उनकी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका और फिलीपीन अपने लंबे समय से चले आ रहे गठबंधन को मजबूत कर रहे हैं।
विज्ञापन
president ferdinand marcos
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
चीन की विस्तारवादी नीति से दक्षिण चीन सागर में हालात और गंभीर होते जा रहे हैं। फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने कहा है कि स्थिति अधिक गंभीर इसलिए हो गई है क्योंकि चीन ऐसे क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ा रहा है जहां कई देशों के प्रतिस्पर्धी क्षेत्रीय दावे हैं। चीन लगातार फिलीपीन तट के करीब एटोल व शोल तट के लिए अपनी रुचि बढ़ा है, लेकिन हम उसे एक इंच भी जगह नहीं देंगे।
विज्ञापन
मार्कोस ने कहा इस कारण यहां के हालात सुधरने के बजाय और खराब होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा, दुर्भाग्य से मैं यह रिपोर्ट नहीं कर सकता कि हालात में सुधार हो रहा है, क्योंकि स्थिति पहले से भी ज्यादा गंभीर हो गई है। फिलीपीन के राष्ट्रपति सान फ्रांसिस्को में एक क्षेत्रीय शिखर बैठक से लौटते वक्त अमेरिकी सैन्य नेताओं और स्थानीय फिलिपीनो समुदाय से मिलने के लिए हवाई में रुके थे।
विज्ञापन
इस यात्रा का मार्कोस जूनियर को भू-राजनीतिक और व्यक्तिगत महत्व दोनों हासिल हुआ है। उनकी यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका और फिलीपीन अपने लंबे समय से चले आ रहे गठबंधन को मजबूत कर रहे हैं। समुद्री कानून पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन के तहत चीन के व्यापक ऐतिहासिक दावों को अमान्य करने के बावजूद बीजिंग ने इस मध्यस्थता को पूरी तरह से मानने से खारिज कर दिया है। मार्कोस ने कहा कि उनका देश झुकेगा नहीं।
विज्ञापन
द्वीपों का सैन्यीकरण किया
अमेरिका का कहना है कि चीन ने इस क्षेत्र में बनाए गए कई द्वीपों का सैन्यीकरण किया है। उसने यहां जहाज-रोधी और विमान-रोधी मिसाइल प्रणालियों, लेजर और जैमिंग उपकरण तथा लड़ाकू विमान तैनात किए हैं। चीन ने सेकेंड थॉमस शोल पर एक अलग फिलीपीन समुद्री चौकी को भी बाधित कर दिया है। यहां वह आए दिन फिलीपीन के जहाजों को टक्कर मारकर हटा रहा है।
मलयेशिया जैसे पड़ोसियों से किया संपर्क
फिलीपीन ने दक्षिण चीन सागर के संबंध में एक अलग आचार संहिता पर चर्चा के लिए मलयेशिया और वियतनाम जैसे पड़ोसियों से संपर्क किया है, ताकि चीन के साथ एक व्यापक क्षेत्रीय समझौता किया जा सके। राष्ट्रपति मार्कोस ने फिलीपीन के एकमात्र संधि सहयोगी अमेरिका के साथ मजबूत संबंधों को फिर से मजबूत करते हुए चीन के आक्रामक व्यवहार की शिकायत भी की है। मालूम हो कि चीन की विस्तारवादी चाल से वियतनाम, भारत समेत उसके कई पड़ोसी देशों से लगातार संबंध खराब हो रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने युद्धपोत में सोनार प्रणाली के उपयोग पर की निंदा
ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज ने सोमवार को चीनी-ऑस्ट्रेलियाई युद्धपोतों के बीच खतरनाक मुठभेड़ के लिए चीन की आलोचना की। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हालिया वार्ता में इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने कहा कि गत मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में एक ऑस्ट्रेलियाई युद्धपोत के पास एक चीनी विध्वंसक ने सोनार का इस्तेमाल किया, जिससे एक ऑस्ट्रेलियाई गोताखोर घायल हो गया था। रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने शनिवार को विध्वंसक जहाज के असुरक्षित और गैर-पेशेवर व्यवहार के बारे में बीजिंग के समक्ष गंभीर चिंताएं भी जताईं।