Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Pew Report says Pakistan US Hindu Populations Set to Double by 2070 India Hindu Population to Reach Billions

प्यू रिपोर्ट में अनुमान: पाकिस्तान-अमेरिका में दोगुनी होगी हिंदू आबादी, 2070 तक भारत में होंगे 1.29 अरब हिंदू

Fri, 20 Nov 2026 04:15 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Fri, 20 Nov 2026 04:15 AM IST
सार

प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी दोगुनी से ज्यादा और अमेरिका में करीब ढाई गुना हो सकती है। भारत में हिंदुओं की संख्या बढ़कर 1.29 अरब पहुंचने का अनुमान है। वहीं, मुस्लिम और ईसाई आबादी में भी बड़े बदलाव होंगे। ऐसे में सवाल है कि क्या अगले पांच दशकों में दुनिया का धार्मिक और जनसांख्यिकीय नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा? आइए, विस्तार से पूरी रिपोर्ट पर नजर डालते हैं...

विज्ञापन
Pew Report says Pakistan US Hindu Populations Set to Double by 2070 India Hindu Population to Reach Billions
भारत में कितने हो जाएंगे हिंदू और क्या घटेगी हिस्सेदारी? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

दुनिया में अगले पांच दशकों के दौरान धार्मिक आबादी की तस्वीर बदलने वाली है। हिंदू आबादी के मामले में पाकिस्तान और अमेरिका में बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान है। पाकिस्तान में 2070 तक हिंदुओं की संख्या दोगुनी से ज्यादा हो सकती है, जबकि अमेरिका में भी हिंदू आबादी ढाई गुना के करीब पहुंचने का अनुमान है। प्यू रिसर्च सेंटर की 2020 से 2070 तक के जनसांख्यिकीय बदलावों पर आधारित रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान दुनिया में हिंदुओं की कुल आबादी करीब 19.9 करोड़ बढ़ेगी। हालांकि, इस बढ़ोतरी का सबसे बड़ा हिस्सा भारत में ही देखने को मिलेगा। रिपोर्ट में ईसाई, मुस्लिम, बौद्ध और नास्तिक आबादी के भविष्य को लेकर भी महत्वपूर्ण अनुमान लगाए गए हैं।

विज्ञापन


पाकिस्तान और अमेरिका में कितनी बढ़ जाएगी हिंदू आबादी?

  • रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में 2020 में हिंदुओं की आबादी करीब 50 लाख थी। उच्च जन्म दर के कारण 2070 तक यह बढ़कर 1.03 करोड़ होने का अनुमान है। यानी पांच दशकों में पाकिस्तान में हिंदुओं की संख्या दोगुने से ज्यादा हो सकती है।
  • विज्ञापन
  • अमेरिका में भी हिंदू आबादी तेजी से बढ़ने का अनुमान है। वहां 2020 में करीब 30 लाख हिंदू रहते थे, जिनकी संख्या 2070 तक बढ़कर 74 लाख हो सकती है। अमेरिका में इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह आप्रवासन यानी दूसरे देशों से लोगों का वहां जाकर बसना बताया गया है।
  • विज्ञापन
    विज्ञापन
  • रिपोर्ट में अमेरिका, पाकिस्तान, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, मलयेशिया, बांग्लादेश, भारत, नेपाल, श्रीलंका और इंडोनेशिया जैसे देशों में हिंदू आबादी के बदलाव का भी अनुमान दिया गया है।


भारत में कितने हो जाएंगे हिंदू और क्या घटेगी हिस्सेदारी?
दुनिया में हिंदू आबादी की कुल बढ़ोतरी का करीब 88 फीसदी हिस्सा अकेले भारत में केंद्रित रहने का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में हिंदुओं की संख्या 2020 के करीब 1.11 अरब से बढ़कर 2070 तक 1.29 अरब हो सकती है। भारत और नेपाल दुनिया के ऐसे दो देश बने रहेंगे, जहां हिंदू बहुसंख्यक आबादी में होंगे। हालांकि, भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी में थोड़ी गिरावट का अनुमान है। 2020 में देश की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी करीब 79 फीसदी थी, जो 2070 तक घटकर 76 फीसदी रह सकती है। यानी हिंदुओं की कुल संख्या बढ़ने के बावजूद देश की कुल आबादी में उनका अनुपात कम हो सकता है। सूरीनाम, फिजी और मॉरीशस जैसे देशों में भी कुल आबादी के अनुपात में हिंदुओं की हिस्सेदारी पांच प्रतिशत अंक या उससे अधिक घटने का अनुमान है।

क्या अमेरिका बन जाएगा दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी हिंदू आबादी वाला देश?

  • रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक अमेरिका दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी हिंदू आबादी वाला देश बन सकता है। वहां हिंदुओं की संख्या बढ़ने के पीछे आप्रवासन की बड़ी भूमिका रहने का अनुमान है। अमेरिका में धार्मिक समूहों की हिस्सेदारी में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। ईसाई और मुस्लिम आबादी पहले दो बड़े धार्मिक समूह बने रहेंगे, जबकि हिंदू आबादी यहूदियों को पीछे छोड़कर तीसरा सबसे बड़ा धार्मिक समूह बन सकती है।
  • यह बदलाव अमेरिका में धार्मिक विविधता के बढ़ने की तस्वीर पेश करता है। खास बात यह है कि अमेरिका में हिंदुओं की आबादी बढ़ने का अनुमान केवल जन्म दर पर आधारित नहीं है, बल्कि दूसरे देशों से वहां जाकर बसने वाले लोगों की वजह से भी इसमें तेजी आ सकती है।


ईसाई और मुस्लिम आबादी के मामले में कौन-से बदलाव होंगे?
रिपोर्ट में दुनिया की धार्मिक आबादी के भौगोलिक केंद्र में बदलाव का भी अनुमान लगाया गया है। ईसाई आबादी का केंद्र आने वाले दशकों में सब-सहारा अफ्रीका बन सकता है। वैश्विक ईसाई आबादी 2020 के करीब 2.27 अरब से बढ़कर 2070 तक लगभग 3 अरब होने का अनुमान है। हालांकि, दुनिया की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी करीब 29 फीसदी के आसपास बनी रह सकती है। यूरोप और उत्तरी अमेरिका में ईसाइयों की हिस्सेदारी घटने के बीच 2070 तक दुनिया के आधे से ज्यादा ईसाई सब-सहारा अफ्रीका में रह सकते हैं। वहीं, मुस्लिम आबादी में करीब 80 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान है। 2020 में दुनिया की आबादी में ईसाइयों की हिस्सेदारी 28.8 फीसदी और मुस्लिमों की 25.6 फीसदी थी। युवा आबादी और अपेक्षाकृत अधिक प्रजनन दर के कारण 2070 तक दुनिया में मुस्लिमों की संख्या करीब 3.6 अरब हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है।



क्या दुनिया में नास्तिक और बौद्ध आबादी का अनुपात घटेगा?
रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी अमेरिका और यूरोप में धर्म से दूर होने वाले लोगों की संख्या बढ़ने के बावजूद दुनिया की कुल आबादी में नास्तिकों की हिस्सेदारी कम हो सकती है। 2020 में यह हिस्सेदारी 24.2 फीसदी थी, जो 2070 तक घटकर 17 फीसदी रह जाने का अनुमान है। इसके पीछे चीन में संभावित जनसंख्या गिरावट को एक अहम वजह बताया गया है। वहीं, पूर्वी एशिया में प्रजनन दर घटने के कारण बौद्ध आबादी में भी कमी का अनुमान है। 2020 में दुनिया में करीब 32.4 करोड़ बौद्ध थे, जो वैश्विक आबादी का 4.1 फीसदी थे। 2070 तक इनकी संख्या घटकर करीब 25 करोड़ और वैश्विक हिस्सेदारी 2.5 फीसदी रह सकती है। इस तरह रिपोर्ट बताती है कि अगले पांच दशकों में अलग-अलग धर्मों की आबादी और उनका भौगोलिक केंद्र बदल सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed