Pakistan: पाकिस्तानी सेना का आरोप- पड़ोसी देश से मिल रहे TTP को आधुनिक हथियार, आतंकी हमलों में बढ़ोतरी की वजह
Pakistan: सेना ने एक बयान में कहा, 'एक पड़ोसी देश में प्रतिबंधित संगठन टीटीपी और उसी किस्म के अन्य समूहों के आतंकवादियों को उपलब्ध पनाहगाह तथा आधुनिकतम हथियारों की उपलब्धता को पाकिस्तान की सुरक्षा को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारण में गिना गया है।'
विस्तार
पाकिस्तानी सेना के शीर्ष अधिकारियों ने सोमवार को तालिबान शासित अफगानिस्तान का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि 'एक पड़ोसी देश' में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों को उपलब्ध पनाहगाह और आधुनिकतम हथियार हाल में आतंकवादी हमले बढ़ने के पीछे एक कारण है।
सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की अध्यक्षता में 258वें कोर कमांडर सम्मेलन में सेना के शीर्ष अधिकारियों ने पाकिस्तान की जनता की भलाई के लिए हरसंभव तकनीकी और प्रबंधन सहायता प्रदान कर आर्थिक पुनरुद्धार के लिए सरकार की रणनीतिक पहलों को पूरी तरह समर्थन का संकल्प व्यक्त किया।
सेना ने एक बयान में कहा, 'एक पड़ोसी देश में प्रतिबंधित संगठन टीटीपी और उसी किस्म के अन्य समूहों के आतंकवादियों को उपलब्ध पनाहगाह तथा आधुनिकतम हथियारों की उपलब्धता को पाकिस्तान की सुरक्षा को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारण में गिना गया है।'
उन्होंने पड़ोसी देश का नाम नहीं लिया लेकिन माना जा रहा है कि उनका आशय अफगानिस्तान से था जिस पर पाकिस्तान ने पिछले सप्ताह प्रतिबंधित टीटीपी को सक्रिय रहने देने का आरोप लगाया था।
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को दावा किया कि उनके देश में खून-खराबे में शामिल आतंकवादी अफगानिस्तान में पनाह पा रहे हैं तथा पाकिस्तान इसे और बर्दाश्त नहीं करेगा।