Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Why did Rahul Gandhi’s affection Putin surface in Chicago He accused Western nations failing understand India.

अमेरिका: शिकागो में राहुल गांधी का पुतिन प्रेम क्यों उमड़ा? पश्चिमी देश पर लगाया भारत को न समझने का आरोप

Fri, 20 Nov 2026 09:53 AM IST
अस्मिता त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, शिकागो
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, शिकागो Published by: अस्मिता त्रिपाठी Updated Fri, 20 Nov 2026 09:53 AM IST
सार

अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में राहुल गांधी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तारीफ की। उन्होंने पुतिन को भू-राजनीति की गहरी समझ रखने वाला नेता बताया। राहुल ने कहा कि पश्चिमी देशों के नेताओं की दुनिया को समझने की क्षमता में बदलाव आया है। उनके मुताबिक, पश्चिमी नेतृत्व भारत जैसे देशों की जमीनी हकीकत समझने में पीछे रह गया है। पढ़ें पूरी खबर..

विज्ञापन
Why did Rahul Gandhi’s affection Putin surface in Chicago He accused Western nations failing understand India.
राहुल गांधी ने क्यों की पुतिन की तारीफ? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तारीफ की है। उन्होंने पुतिन को ऐसे नेताओं में से एक बताया, जिन्हें भू-राजनीति की गहरी समझ है। राहुल गांधी ने कहा कि अपने राजनीतिक करियर में उन्होंने पश्चिमी देशों के नेतृत्व में बदलाव देखा है।
विज्ञापन


18 नवंबर को, राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का विषय था - 'ईरान युद्ध और दुनिया में भारत की भूमिका।' चर्चा के दौरान उनके साथ शिकागो विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ईरान युद्ध, रूस, अमेरिका, पश्चिमी देशों और भारत की विदेश नीति जैसे विषयों पर चर्चा हुई।राहुल गांधी से अमेरिका में युवा नेतृत्व को लेकर एक सवाल पूछा गया।
विज्ञापन


प्रोफेसर ने राहुल से क्या सवाल किया?
चर्चा के दौरान, प्रोफेसर रॉबर्ट पेप ने अमेरिका में नेतृत्व के बदलते स्वरूप पर राहुल गांधी की राय जानी। उन्होंने बताया कि अमेरिका में नेताओं की एक नई पीढ़ी सामने आ रही है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी और रिपब्लिकन नेता व मौजूदा अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस का उदाहरण देते हुए, उन्होंने पूछा कि अमेरिका में अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं वाले युवा नेताओं के उभरने को वे किस तरह देखते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


राहुल ने क्या जवाब दिया? 
इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि यह बदलाव अच्छा है। फिर उन्होंने पश्चिमी नेताओं के साथ अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वे पहली बार राजनीति में आए थे, तब पश्चिमी नेताओं को दुनिया के अन्य हिस्सों के हालात और अंतरराष्ट्रीय मामलों की बेहतर समझ थी।

टोनी ब्लेयर का जिक्र कर क्या कहा?
राहुल गांधी ने अपनी बात समझाने के लिए पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के साथ हुई एक बातचीत का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि जब उनकी ब्लेयर से बात हुई, तो उन्हें लगा कि अफगानिस्तान और भारत जैसे देशों के हालात की ब्लेयर को अच्छी समझ है।

हालांकि, राहुल गांधी के अनुसार, बाद में पश्चिमी नेतृत्व के दौर में एक ऐसा समय आया जब कुछ नेता पूरी तरह से अपने ही देशों के आंतरिक मामलों पर केंद्रित हो गए। उन्होंने कहा कि जब ऐसे नेता दूसरे देशों के दौरे पर जाते थे, तो उनकी बातचीत से साफ पता चलता था कि उन्हें उन देशों के हालात और जमीनी सच्चाइयों की पर्याप्त जानकारी नहीं है। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वह किसी एक विशेष पश्चिमी देश की बात नहीं कर रहे थे, बल्कि पश्चिमी नेतृत्व में आए एक व्यापक बदलाव की ओर इशारा कर रहे थे।

राहुल गांधी ने पुतिन की तारीफ में क्या कहा?
पश्चिमी नेताओं के साथ अपने अनुभवों का जिक्र करते हुए, राहुल गांधी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'मैंने जितने भी लोगों से मुलाकात की है, उनमें से पुतिन को भू-राजनीति की सबसे गहरी समझ है।' राहुल गांधी ने आगे कहा कि पुतिन अंतरराष्ट्रीय मामलों पर बहुत व्यापक दृष्टिकोण के साथ बात कर सकते हैं। उनके अनुसार, पुतिन की यह खूबी उन्हें प्रभावित करती है। 


पश्चिमी नेताओं पर क्या आरोप लगाया?
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उन्होंने पश्चिमी नेताओं में खुद तक सीमित रहने की प्रवृत्ति देखी है। इसका मतलब यह है कि पश्चिमी नेता दुनिया के अन्य हिस्सों के हालात समझने के बजाय, अपने आंतरिक घटनाक्रमों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। हालांकि, अपनी बात खत्म करते हुए राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यह उनका निजी अनुभव है और जरूरी नहीं कि उनका यह आकलन पूरी तरह से सही हो।


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed