Pakistan Update: इमरान खान ने बांग्लादेश का उदाहरण दिया, कहा- सरकार मेरी पार्टी के खिलाफ कार्रवाई बंद करे
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा है कि यहां की सरकार को भी तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के खिलाफ कार्रवाई को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में उत्पीड़न के कारण यह हाल हुआ है।
विस्तार
इमरान खान ने कहा- बांग्लादेश से सीख लेकर तहरीक-ए-इंसाफ के खिलाफ कार्रवाई बंद करें
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने बांग्लादेश में हो रही घटनाओं के पीछे उत्पीड़न’ को मुख्य कारण बताया है। इमरान ने कहा कि सरकार को बांग्लादेश से सीख लेते हुए तहरीक-ए-इंसाफ(पीटीआई) के खिलाफ कार्रवाई बंद करनी चाहिए।
इमराखन खान इस समय रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। यहां वकीलों के एक समूह से बात करते हुए इमरान खान ने यह टिप्पणी की है।
तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रवक्ता रऊफ हसन जमानत पर रिहा
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रवक्ता रऊफ हसन को मंगलवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया। रऊफ विस्फोटक रखने के मामले में जेल में बंद थे। हसन को इलेक्ट्रॉनिक अपराध रोकथाम अधिनियम 2016 (पेका) के तहत संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने एक मामले में 22 जुलाई को इस्लामाबाद में गिरफ्तार किया था।
31 जुलाई को जब पुलिस ने उन्हें विस्फोटक मामले में गिरफ्तार किया था तब वह न्यायिक हिरासत में थे। इस्लामाबाद की एक अदालत ने उन्हें 1 अगस्त को पेका मामले में जमानत दे दी थी, लेकिन उन्हें रिहा नहीं किया जा सका क्योंकि उन्हें पहले ही दो दिन की रिमांड पर आतंकवाद निरोधक विभाग को सौंप दिया गया था।