फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Pakistan's Shehbaz Sharif government blamed India for recent terrorist attacks

Pakistan: संकट गहराया तो पाकिस्तान सरकार को ‘इंडिया कार्ड’ याद आया

Thu, 15 Dec 2022 04:52 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद Published by: Harendra Chaudhary Updated Thu, 15 Dec 2022 04:52 PM IST
विज्ञापन
सार
Pakistan: आर्थिक के साथ-साथ आतंकवाद के मोर्चे पर भी बेअसर साबित हो रही शहबाज शरीफ सरकार ने अब आतंकवादी कार्रवाइयों का दोष भारत पर मढ़ा है। लेकिन उसने इस बारे में कोई साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया है...
loader
Pakistan's Shehbaz Sharif government blamed India for recent terrorist attacks
Pakistan: Shahbaz Sharif - फोटो : Agency (File Photo)

विस्तार

देश के मसलों का हल ढूंढने में लगातार नाकाम रहने के बाद अब पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार घिसे-पिटे तरीके पर उतर आई है। उसने फिर उन्हीं आरोपों का सहारा लिया है, जो राजनीतिक संकट के दौरान जनता को भरमाने के लिए पाकिस्तान के राजनेताओं का जाना-पहचाना तरीका रहा है। आर्थिक के साथ-साथ आतंकवाद के मोर्चे पर भी बेअसर साबित हो रही शहबाज शरीफ सरकार ने अब आतंकवादी कार्रवाइयों का दोष भारत पर मढ़ा है। लेकिन उसने इस बारे में कोई साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया है।

पाकिस्तान के गृह मंत्री राना सनाउल्लाह ने मंगलवार को यह दावा किया कि पिछले साल लाहौर में हुए बम धमाके में भारतीय एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) का हाथ होने का पाकिस्तान सरकार को ‘अकाट्य सबूत’ मिला है। लेकिन ये सबूत क्या और कितना भरोसेमंद है, इसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी। पिछले साल लाहौर के जोहार इलाके में बम धमाका हुआ था। पाकिस्तान सरकार का दावा है कि उस सिलसिले में तीन ‘आतंकवादी’ गिरफ्तार किए गए। उनसे पाकिस्तान की जांच एजेंसियों को कथित सबूत हासिल हुए।

इस दावे को और फैलाते हुए सनाउल्लाह ने यह भी कह दिया कि “भारत का हाथ सिर्फ जोहरा बम धमाके में ही नहीं था, बल्कि पाकिस्तान में आतंकवाद फैलाने में वह शामिल पाया गया है।” विश्लेषकों के मुताबिक इस तरह आम इल्जाम लगा कर सनाउल्लाह ने अपनी दलील को और कमजोर कर दिया है। सनाउल्लाह ने ये आरोप एक प्रेस कांफ्रेंस में लगाए, जहां उनके साथ पंजाब प्रांत के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट के अतिरिक्त आईजी इमरान महमूद भी मौजूद थे।

सनाउल्लाह ने कुलभूषण जाधव का भी जिक्र किया, जिन्हें पाकिस्तान ने अवैध रूप से जेल में बंद कर रखा है। लेकिन सनाउल्लाह ने जाधव पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया और दावा किया कि उनकी गिरफ्तारी से ऐसी गतिविधियों में भारत का हाथ साबित हुआ है। पर्यवेक्षकों के मुताबिक जाधव का मामला अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में गया था, जहां फैसला पाकिस्तान के खिलाफ गया। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने जाधव को सुनाई गई सजा-ए-मौत की ‘प्रभावी समीक्षा और उस पर पुनर्विचार’ करने का निर्देश दिया था।

अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने सजा के खिलाफ अपील के लिए जाधव को उचित मंच प्रदान करने का निर्देश भी पाकिस्तान को दिया था।
पर्यवेक्षकों के मुताबिक देश में अपनी नाकामियों और अपनी सत्ता के लिए बढ़ रही चुनौतियों से ध्यान हटाने के लिए शहबाज शरीफ सरकार ने बिना ठोस सबूत पेश किए भारत पर इल्जाम लगाने की रणनीति अपनाई है। वह मामले को अभी और हवा दे सकती है।

सनाउल्लाह ने कहा कि पाकिस्तान का विदेश मंत्रालय ‘आतंकवाद में भारत के हाथ’ का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी संयुक्त राष्ट्र में इस मसले को उठाएंगे। सनाउल्लाह ने आरोप लगाया कि भारत ने पाकिस्तान में दहशतगर्दी फैलाने के लिए आतंकवादियों को आठ लाख डॉलर दिए हैं।

जानकारों के मुताबिक पाकिस्तान का आर्थिक संकट हर गुजरते दिन के साथ बढ़ता जा रहा है। इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने देश में जल्द चुनाव कराने के लिए दबाव बना रखा है। शहबाज शरीफ सरकार इन हालात से घिरी हुई है। इसके बीच उसने ‘इंडिया कार्ड’ चला है। लेकिन इससे उसे राहत मिलने की संभावना नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed