एनवीडिया विवाद: एआई चिप की तस्करी में एलिस का नाम, कंबोडिया के अपराध सिंडिकेट से कनेक्शन; रिपोर्ट में दावा
अमेरिका की एआई चिप चीन पहुंचाने के कथित नेटवर्क में एलिस हुआंग का नाम सामने आया है। जांच में सैकड़ों मुखौटा कंपनियों, गेमिंग कारोबारियों और कंबोडिया के अपराध सिंडिकेट से संबंधों की पड़ताल हो रही है। मेगास्पीड ने एक साल में 4.6 अरब डॉलर का हार्डवेयर आयात किया। आखिर एलिस हुआंग कौन हैं? जेनसन हुआंग से उनकी नजदीकी क्या थी और प्रतिबंधित चिप चीन कैसे पहुंचीं? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...
विस्तार
अमेरिका की महंगी और उन्नत एआई चिप चीन तक पहुंचाने के कथित अवैध नेटवर्क में एक चीनी कारोबारी एलिस हुआंग का नाम सामने आया है। इस मामले में ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों के बड़े कारोबारियों, सैकड़ों मुखौटा कंपनियों और कंबोडिया के एक कथित अपराध सिंडिकेट के संबंधों की जांच की जा रही है। आरोप है कि अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद अरबों डॉलर की एआई चिप दक्षिण-पूर्व एशिया के रास्ते चीन पहुंचाई गईं। जांच में एलिस हुआंग के पुराने कारोबारी संबंधों और एनवीडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग से उनकी नजदीकी भी चर्चा में है। हालांकि, चीन ने उनके जासूस होने के आरोपों को खारिज किया है।
एलिस हुआंग पर अमेरिका को शक क्यों है और उनका नेटवर्क कैसे काम करता था?
- एलिस हुआंग चीन की रहने वाली पूर्व मेगास्पीड अधिकारी हैं। मेगास्पीड कभी दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया की सबसे बड़ी ग्राहक कंपनियों में शामिल थी। अमेरिकी अधिकारी जांच कर रहे हैं कि क्या इस कंपनी का इस्तेमाल प्रतिबंधित एआई प्रोसेसर चीन पहुंचाने के लिए किया गया।
- जांच में सैकड़ों मुखौटा कंपनियों, ऑनलाइन गेमिंग कारोबारियों और कंबोडिया के कथित अपराध सिंडिकेट से जुड़े कारोबारी संबंध सामने आए हैं। हालांकि, कुछ अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि एलिस हुआंग चीनी खुफिया एजेंसी के लिए भी काम कर सकती थीं।
- बीजिंग ने इस आरोप को बदनाम करने की कोशिश बताया है। व्यापार से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2024 से दिसंबर 2025 के बीच मेगास्पीड की मलेशियाई सहायक कंपनी स्पीडमैट्रिक्स ने एक अमेरिकी सर्वर निर्माता से 4.6 अरब डॉलर के हार्डवेयर का आयात किया।
- आरोप है कि इनमें से कई उन्नत प्रोसेसर दक्षिण-पूर्व एशिया में इस्तेमाल होने के बजाय कई देशों की सीमाएं पार करके चीन पहुंचाए गए। वहां इन्हें सामान्य कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचा गया।
एनवीडिया की चिप चीन तक पहुंचाने के लिए कैसे बनाया गया कारोबारी रास्ता?
- इस पूरे नेटवर्क की शुरुआत मार्च 2023 के बाद हुई, जब अमेरिका ने चीनी सर्वर निर्माता इंस्पर को व्यापार प्रतिबंधों की सूची में डाल दिया। आरोप था कि कंपनी चीनी सेना की मदद कर रही थी। हालांकि, इंस्पर की सैन जोस स्थित आंशिक स्वामित्व वाली सहायक कंपनी प्रतिबंध से बच गई। बाद में इसका नाम बदलकर एवरेस कर दिया गया और यह एनवीडिया से चिप खरीदने लगी।
- एनवीडिया के ओईएम साझेदारों को बड़ी मात्रा में सिस्टम खरीदने के लिए यह दिखाना पड़ता है कि उनके अंतिम ग्राहक के पास तीन साल का कारोबारी रिकॉर्ड है और कंपनी का बहुमत स्वामित्व चीनी नागरिकों के पास नहीं है। ऐसे में इंस्पर के कुछ चीनी ग्राहकों ने चिप हासिल करने के लिए चीन की गेमिंग कंपनी सेंचुरी हुआतोंग का सहारा लिया। आरोप है कि इस कंपनी के अधिकारियों ने विदेश में एक मुखौटा कंपनी खरीदकर उसे नियो-क्लाउड सेवा देने वाली कंपनी के रूप में पेश करने की योजना बनाई।
जेनसन हुआंग से एलिस के क्या संबंध थे और मेगास्पीड कैसे बनी?
साल 2023 में एलिस हुआंग ने सिंगापुर में 7रोड इंटरनेशनल की इकाई खरीदी। यह शेनझेन की एक गेमिंग कंपनी की विदेशी इकाई थी। इस सौदे में उनके और उनके पति कांग वेई के निवेश फंड हेक्सी इन्वेस्टमेंट की भूमिका थी। इसके बाद कंपनी का नाम बदलकर मेगास्पीड कर दिया गया। हांगकांग की नागरिकता, अच्छी अंग्रेजी और साफ कारोबारी रिकॉर्ड के कारण एलिस को कंपनी का भरोसेमंद चेहरा बनाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया प्रमुख जेनसन हुआंग से उनकी नजदीकी इतनी बढ़ गई थी कि चीन में कुछ लोग उन्हें जेनसन का निजी सहायक तक कहते थे। एक कारोबारी सूत्र ने बताया कि एलिस को वर्षों से बने भरोसे के कारण कंपनी का नेतृत्व सौंपा गया था। हालांकि, एनवीडिया ने बाद में मेगास्पीड और उसकी एक सहायक कंपनी को अपनी प्रतिबंधित सूची में डाल दिया। कंपनी ने कहा कि वह इन संस्थाओं को चिप नहीं बेचती और अपने ओईएम साझेदारों को भी इनके लिए आपूर्ति की मंजूरी नहीं देती। मेगास्पीड पहले अपने कारोबार को वैध और कानूनी बता चुकी है।
कंबोडिया के अपराध सिंडिकेट और गेमिंग कारोबारियों का क्या है कनेक्शन?
चिप को चीन पहुंचाने और उनसे कमाए गए पैसे को छिपाने के लिए कथित तौर पर एक तीसरे नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया। इसमें कंबोडिया स्थित प्रतिबंधित प्रिंस ग्रुप के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी बताए गए हू शियाओवेई का नाम सामने आया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हू पर साइबर धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और तस्करी के नेटवर्क चलाने के आरोप हैं। उन्हें इस साल की शुरुआत में जापान में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि वह हांगकांग की विमान लीजिंग कंपनियों के जरिये खरीदे गए निजी विमानों से प्रतिबंधित सामान की आवाजाही में भी शामिल थे। कारोबारी रिकॉर्ड के मुताबिक, हू का सेंचुरी हुआतोंग से भी संबंध रहा है। वह पहले एक कंपनी में इसके चेयरमैन वांग जी के साथ निदेशक रह चुके थे। उन्होंने लोकप्रिय ऑनलाइन गेम ‘लेजेंड ऑफ मिर’ के निजी सर्वर भी चलाए थे। बाद में वह करीब 2016 में कंबोडिया चले गए। विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन गेमिंग कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने बाद में पैसे और सामान को एक देश से दूसरे देश पहुंचाने के लिए अवैध नेटवर्क तैयार किए। अमेरिका के चिप प्रतिबंधों ने भी मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर पैदा किया है, जिससे तस्करी के लिए आर्थिक फायदा बढ़ गया है।
