पाकिस्तान: क्या छोड़ना पड़ेगा इमरान खान को पीएम पद, अविश्वास प्रस्ताव के लिए नेशनल असेंबली का सत्र 25 मार्च को
69 वर्षीय इमरान खान को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है अगर उनके कुछ सहयोगी दल पाला बदल लेते हैं। पाकिस्तान की 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में खान को हटाने के लिए विपक्ष को 172 मतों की जरूरत है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर ने रविवार को प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए 25 मार्च को विधानसभा सत्र बुलाने का एलान किया।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के लगभग 100 सांसदों ने आठ मार्च को नेशनल असेंबली सेक्रेटरिएट के सामने अविश्वास प्रस्ताव जमा किया था। दोनों पार्टियों ने आरोप लगाया है कि इमरान खान की अगुवाई वाली सरकार देश में आर्थिक संकट और तेजी से बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार है।
नेशनल असेंबली सेक्रेटरिएट ने रविवार को एक अधिसूचना जारी की। इसमें मुख्य सत्र के आयोजन को लेकर जानकारी दी गई जिसकी शुरुआत विपक्षी दल कानून के अनुसार 21 मार्च से कराने की मांग कर रहे थे। अधिसूचना के अनुसार सत्र की शुरुआत शुक्रवार को सुबह 11 बजे से होगी। यह वर्तमान नेशनल असेंबली का 41वां सत्र होगा।
विपक्ष यह कहता आ रहा है कि सत्र का आयोजन 14 दिन के अंदर होना चाहिए। लेकिन, देश के आंतरिक मंत्री शेख राशिद ने कहा था कि असाधारण परिस्थितियों के बीच इसमें देरी की जा सकती है। इसमें देरी 22 मार्च से संसद भवन में शुरू हो रहे इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के 48वें शिखर सम्मेलन के कारण हुई है।
बता दें कि पाकिस्तान की 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में इमरान खान को हटाने के लिए विपक्ष को 172 वोटों की जरूरत है। पीटीआई के पास सदन में 155 सदस्य हैं और सरकार में बने रहने के लिए इमरान खान को कम से कम 172 सांसदों की आवश्यकता है। पार्टी को कम से कम छह राजनीतिक दलों के 23 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है।
अविश्वास प्रस्ताव पर बोले थे इमरान, 'एक गेंद से तीन विकेट गिराऊंगा'
इमरान खान बीते दिनों खैबर पख्तूनख्वा में कहा था कि मैं प्रार्थना कर रहा था कि ये लोग मेरे खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अपनी योजना के साथ आगे बढ़ें। ताकि, मुझे एक गेंद पर तीन विकेट लेने का मौका मिल सके। खान ने कहा था, 'मेरा मुकाबला तीन डकैतों के खिलाफ है और मैं एक इनस्विंग यॉर्कर से तीनों विकेट गिराऊंगा।'
उन्होंने विपक्ष पर राष्ट्रीय सुलह अध्यादेश की मांग करने का आरोप भी लगाया था। पाकिस्तानी पासपोर्ट की घटती अहमियत के लिए भी उन्होंने विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया था।
इमरान की पार्टी ने असंतुष्ट सांसदों को जारी किया कारण बताओ नोटिस
उधर, इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने शनिवार को अपने असंतुष्ट सांसदों को कथित दलबदल को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके साथ ही उनसे 26 मार्च तक स्पष्टीकरण देने का कहा गया था कि क्यों नहीं उन्हें दल-बदलू घोषित किया जाए और नेशनल असेंबली की सदस्यता से अयोग्य घोषित किया जाए।
विपक्षी की ओर से इमरान खान सरकार के खिलाफ संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले पीटीआई के करीब दो दर्जन सांसदों ने बगावती तेवर अपना लिए हैं। वहीं, सरकार ने विपक्षी दलों पर सांसदों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाया है।