पाकिस्तानः रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ बोले- पहले ही दिवालिया हो चुका PAK, नौकरशाह, सेना-नेता इसके लिए जिम्मेदार
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि देश पहले ही दिवालिया हो चुका है। उन्होंने मौजूदा आर्थिक संकट के लिए सेना, नौकरशाही और राजनीतिक नेताओं को जिम्मेदार ठहराया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कंगाल देश कहने पर बौखलाने वाला पाकिस्तान अब खुद मान लिया है कि वह दिवालिया हो चुका है। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि देश पहले ही दिवालिया हो चुका है। उन्होंने मौजूदा आर्थिक संकट के लिए सेना, नौकरशाही और राजनीतिक नेताओं को जिम्मेदार ठहराया। अपने गृह नगर सियालकोट में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को खुद को स्थिर करने के लिए अपने पैरों पर खड़ा होना जरूरी है। ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार ने उनके हवाले से कहा कि आपने सुना होगा कि पाकिस्तान दिवालिया हो रहा है। यह पहले ही हो चुका है। हम एक दिवालिया देश में रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी समस्याओं का समाधान देश के भीतर है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास पाकिस्तान की समस्याओं का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि सेना, नौकरशाही और राजनीतिक नेताओं समेत हर कोई मौजूदा आर्थिक बदहाली के लिए जिम्मेदार है क्योंकि पाकिस्तान में कानून और संविधान का पालन नहीं किया जाता।
पूर्ववर्ती सरकार पर हमलावर रुख अपनाते हुए आसिफ ने कहा कि ढाई साल पहले पाकिस्तान में आतंकवादी लाए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप आतंकवाद की मौजूदा लहर चली। शुक्रवार को कराची में पुलिस कार्यालय पर हुए हमले के बारे में उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावरों का बहादुरी से मुकाबला किया।
पाकिस्तान में दक्षिण कोरिया की कंपनियां बंद करेंगी उत्पादन
बदतर आर्थिक हालात के बीच फंसे पाकिस्तान को अब दक्षिण कोरियाई कंपनियों ने झटका दिया है। दक्षिण कोरिया की कई कंपनियां यहां अपने उत्पादन बंद करने जा रही हैं। लगभग खत्म हो चुके विदेशी मुद्रा के बीच इन कंपनियों को कच्चा माल आयात करने में मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है। कराची स्थित चैंबर ऑफ कोरियन इन्वेस्टर के चेयरमैन जिन हान चुंग के अनुसार, पाकिस्तानी बैंकों की तरफ से लेटर ऑफ क्रेडिट जारी नहीं किए जाने की वजह से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यहां तक कि 20,000 डॉलर के भुगतान भी नहीं हो पा रहे हैं, जबकि पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक के गवर्नर ने पाकिस्तानी बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बंदरगाहों पर पड़े सामान को उठाने के लिए तुरंत भुगतान किया जाए।
आटा खरीदने के चक्कर में चार लोग गंवा चुके हैं जान
आर्थिक तंगी की वजह से पाकिस्तान के कई इलाकों में आटे की किल्लत हो गई है। सब्सिडी वाले आटे का स्टॉक खत्म हो गया है। इस वजह से सरकार देश के अलग-अलग हिस्सों में जनता को कम दामों पर आटे के पैकेट उपलब्ध करा रही है। पिछले महीने जनवरी में आटे की किल्लत इतनी ज्यादा हो गई थी कि सस्ता आटा खरीदने के चक्कर में 4 लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। वहीं, पाकिस्तान में इस सप्ताह की महंगाई दर बढ़कर 38.4% हो गई है।