Pakistan Audio Leak: ऑडियो क्लिप लीक से जख्मी शहबाज शरीफ सरकार ने बुलाई एनएससी की बैठक
Pakistan Audio Leak: ऑडियो लीक से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का पूरा परिवार घेरे में आ गया है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की उपाध्यक्ष, शरीफ सरकार में सूचना मंत्री और प्रधानमंत्री की भतीजी मरियम नवाज पर भी विपक्ष के हमले खासे तेज हो गए हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऑडियो लीक कांड से हिली शहबाज शरीफ सरकार ने अब इस मुद्दे पर बुधवार को सुरक्षा मामलों की सर्वोच्च इकाई- राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की बैठक बुलाई है। जबकि ऑडियो में जो बातें सुनी गई हैं, उनसे पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अपने विरोधियों को घेरने का नया मौका मिल गया है। उन्होंने इसी आधार पर देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है।
ऑडियो लीक से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का पूरा परिवार घेरे में आ गया है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की उपाध्यक्ष, शरीफ सरकार में सूचना मंत्री और प्रधानमंत्री की भतीजी मरियम नवाज पर भी विपक्ष के हमले खासे तेज हो गए हैं। बीते रविवार को कई ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। उनमें प्रधानमंत्री शरीफ, उनकी सरकार के कई मंत्री, मरियम नवाज और कुछ वरिष्ठ अधिकारी संदिग्ध बातें करते सुने गए। संकेत है कि ये ऑडियो प्रधानमंत्री कार्यालय से लीक हुए। इसलिए प्रधानमंत्री कार्यालय की सुरक्षा को लेकर भी सवाल गहरा गए हैं। सरकार ने अपने बचाव में वरिष्ठ अधिकारियों को उतारा है। उन अफसरों ने दावा किया है कि जो बातें सुनी गईं, उनसे कोई गैर-कानूनी काम होने का कोई संकेत नहीं मिलता।
एनएससी की बैठक बुलाने का एलान सोमवार को हुआ। बैठक बुधवार को प्रधानमंत्री आवास पर होगी। इसमें सेना और सरकार के सर्वोच्च पदाधिकारी भाग लेंगे। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मसलों पर खास चर्चा होगी। अनुमान लगाया गया है कि बैठक में ऑडियो लीक से बनी स्थिति को देखते हुए कुछ महत्त्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। अभी तक सरकार ने इस मामले की जांच कराने का एलान नहीं किया है।
सूचना मंत्री मरियम नवाज ने अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून से बातचीत में सोमवार को कहा कि जांच के बारे में फैसला प्रधानमंत्री शरीफ के लंदन से लौटने के बाद लिया जाएगा। मरियम ने लीक हुए ऑडियो टेप की प्रामाणिकता पर कोई सवाल नहीं उठाए। उन्होंने सिर्फ यह कहा कि सामने आई बातचीत कहीं भी कोई किसी प्रकार का तोहफा मांगता नहीं सुना गया है।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज नेता तलाल चौधरी ने कहा है कि मौजूदा सरकार ऑडियो लीक की घटना की बहुत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि लीक हुए ऑडियो प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई अनौपचारिक बातचीत के मालूम पड़ते हैं। लेकिन यह साफ है कि इनसे कोई गैर-कानूनी काम होने का संकेत नहीं मिलता।
पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान ने ऑडियो लीक के मद्देनजर मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की है। लाहौर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लीक हुई बातचीत से साफ हो गया है कि राजा ‘शरीफ परिवार के घरेलू नौकर’ हैं।
इमरान ने कहा- ऑडियो में नवाज शरीफ राजा को उन नेताओं के नाम बताते सुने गए कि जिन्हें चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कर देना चाहिए। साथ ही वे चुनाव का समय बताते हुए भी सुने गए। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा- ‘अगर राजा में रत्ती भर भी शर्म है, तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो हम उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर कर देंगे।’