कश्मीर मुद्दे पर परमाणु हमले की धमकी : इमरान खान के मंत्री ने ही खोली 'ढोल की पोल'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान में सरकार भी सेना के इशारों पर काम करती है। भारत यह बात आज से नहीं बल्कि काफी पहले से कहता आ रहा है। बाकी दुनिया भी इस बात को मान रही है, लेकिन पाकिस्तान सरकार हमेशा इस बात से किनारा करती रही है। अब इमरान खान के एक मंत्री ने ही खुलेआम यह स्वीकार किया है कि उन्हें सेना ने भारत के साथ युद्ध पर बोलने के लिए नियुक्त किया था।
पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख रशीद ने ननकाना साहिब में कहा, 'मैं युद्ध के बारे में बात करता हूं क्योंकि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एजेंडा पाकिस्तान को नष्ट करना है। सेना ने मुझे युद्ध की तैयारियों पर बात करने की जिम्मेदारी दी है। मैं इसे पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि पाकिस्तान के पास स्मार्ट बम हैं।'
इमरान सरकार में वरिष्ठ मंत्री शेख रशीद ने कहा कि पाकिस्तान के पास 150 से 250 ग्राम वजनी छोटे परमाणु बम भी हैं, जिनका इस्तेमाल भारत के खिलाफ किया जा सकता है। ये बम भारत में किसी भी लक्षित को मार सकता है और नष्ट कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारत की मोदी सरकार को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए।
पाक रेल मंत्री की यह बातें बिलकुल वैसी ही हैं जैसी बातें पाक सेना सालों से करती रही है। बता दें कि भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंधों का प्रस्ताव लाने वाली हर नागरिक सरकार पाक सेना के निशाने पर रही है। पाक सरकार की कश्मीर और भारत के लिए नीति हमेशा सेना ने ही तय की है। वहीं, इमरान के रूप में सेना को उनकी इच्छाओं के अनुरूप सहयोगी मिला है।
गुरु नानक के नाम पर होगा पाक में ननकाना साहिब रेलवे स्टेशन
शेख रशीद ने कहा कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ननकाना साहिब रेलवे स्टेशन का नाम सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के नाम पर रखा जाएगा। रविवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने वाले रशीद ने कहा कि यह पाकिस्तान के सबसे अच्छे स्टेशनों में से एक होगा और देश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
ननकाना साहिब शहर, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ननकाना साहिब जिले की राजधानी है। इसका नाम सिखों के पहले गुरु गुरुनानक के नाम पर रखा गया है जो इसी शहर में पैदा हुए थे और उन्होंने पहला प्रवचन भी वहीं दिया था। रशीद ने कहा, 'जल्द ही लाहौर से ननकाना के बीच बाबा गुरु नानक ट्रेन नाम से एक नई ट्रेन चलाई जाएगी।'