Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   mexico-cartel-boss-el-chapo-isidro-arrest-violence-11-killed-sinaloa

मैक्सिको: ड्रग कार्टेल का सरगना एल चापो इसिद्रो गिरफ्तार, सड़कों पर गिरोह के लोगों ने की गोलीबारी; 11 की मौत

Sun, 22 Nov 2026 01:37 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, सिनालोआ
पीटीआई, सिनालोआ Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Sun, 22 Nov 2026 01:37 AM IST
सार

मैक्सिको के सिनालोआ राज्य में ड्रग कार्टेल सरगना फॉस्तो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिद्रो की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी। शुक्रवार रात शुरू हुई मुठभेड़ शनिवार सुबह तक जारी रही। मैक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान कार्टेल के सात संदिग्ध बंदूकधारी और चार सैनिक मारे गए।

विज्ञापन
mexico-cartel-boss-el-chapo-isidro-arrest-violence-11-killed-sinaloa
मुठभेड़ में सात संदिग्ध हमलावर और चार सैनिक मारे गए - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मैक्सिको के सिनालोआ राज्य में ड्रग कार्टेल के एक बड़े सरगना की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी। शुक्रवार रात शुरू हुई गोलीबारी और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 11 लोगों की मौत हो गई। मैक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, मारे गए लोगों में कार्टेल के सात संदिग्ध बंदूकधारी और चार सैनिक शामिल हैं।
विज्ञापन


कार्टेल सरगना फॉस्तो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस को ‘एल चापो इसिद्रो’ के नाम से जाना जाता है। वह एफबीआई की दस सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल था। अमेरिकी खुफिया जानकारी के आधार पर मैक्सिको के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया। इस अभियान में मेजा फ्लोरेस समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया गया।
विज्ञापन


एल चापो इसिद्रो ने खड़ा किया था नया संगठन
मेजा फ्लोरेस बेल्ट्रान लेवा कार्टेल में ऊंचे पद तक पहुंचा था। बाद में उसने अपना अलग संगठन मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन बनाया। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर पांच मिलियन डॉलर के इनाम की घोषणा कर रखी थी। उस पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


मेजा फ्लोरेस की गिरफ्तारी के बाद सिनालोआ के गुआसावे शहर में शुक्रवार शाम करीब सात बजे गोलीबारी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शहर के कई इलाकों में गोलीबारी हुई। इसके बाद सैन्य हेलिकॉप्टर और ड्रोन भी आसमान में नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने शहर के कई अहम ठिकानों पर कार्रवाई की।

विमान से लाया गया मैक्सिको सिटी
मैक्सिको के अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने गोपनीयता और अचानक कार्रवाई की रणनीति अपनाते हुए उस इमारत के आसपास घेरा बनाया, जहां मेजा फ्लोरेस मौजूद था। इस दौरान संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने बंदूक और विस्फोटकों से हमला किया। इसके बाद सुरक्षा बल एक घर में दाखिल हुए और मेजा फ्लोरेस को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे विमान से मैक्सिको सिटी ले जाया गया, जहां उसे अभियोजकों के सामने पेश किया जाना था।

एक संघीय अधिकारी के मुताबिक, शहर में जारी हिंसा के कारण सेना और नेशनल गार्ड के विशेष बल मेजा फ्लोरेस को सुबह करीब चार बजे तक गुआसावे से बाहर नहीं निकाल सके। कार्टेल के सदस्यों ने सड़कों पर जलते वाहनों के जरिए कम से कम 10 जगह नाकेबंदी कर रखी थी।

शहर के कई हिस्सों में गोलीबारी से दहशत
हिंसा के दौरान आम लोग भी दहशत में आ गए। स्थानीय पत्रकार अल्मा कैमाचो के मुताबिक, गोलीबारी शहर के कई हिस्सों में फैल गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बेसबॉल मैच के दौरान लोगों को गोलीबारी से बचने के लिए भागते देखा गया। कई जगह कारों और दुकानों में आग लगी हुई थी। हेलिकॉप्टरों से गोलीबारी के दृश्य भी सामने आए।

स्थानीय दमकलकर्मी पाओला सांचेज ने बताया कि शुक्रवार रात हजारों लोगों ने गोलीबारी से बचने के लिए किराना दुकानों और दूसरी जगहों पर शरण ली। कई दुकानों, कारों और ट्रकों को आग के हवाले कर दिया गया। दमकलकर्मियों को भी अपने स्टेशन में सुरक्षित जगह पर रहना पड़ा। शनिवार सुबह अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद ही वे आगजनी की घटनाओं की जांच के लिए बाहर निकल सके।

सिनालोआ में सुरक्षा बलों की तैनाती
मैक्सिको के सुरक्षा सचिव उमर गार्सिया हारफुच ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर बताया कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए सिनालोआ में सुरक्षा बलों की तैनाती जारी रहेगी। शहर में शनिवार को तनावपूर्ण शांति दिखाई दी, लेकिन सड़कों पर जले हुए ट्रक और वाहन नजर आए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं और लोग अब भी डरे हुए थे।

मेजा फ्लोरेस की गिरफ्तारी को अमेरिका और मैक्सिको की सरकारों ने सुरक्षा के लिहाज से अहम कार्रवाई बताया। अमेरिकी राजदूत रोनाल्ड जॉनसन ने कहा कि इस तरह के नतीजे लंबे समय तक चले सहयोग और भरोसे से हासिल होते हैं। मैक्सिको के सुरक्षा सचिव ने गिरफ्तारी को सिनालोआ में शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

ड्रग कार्टेल के कई सरगनाओं पर हुई है कार्रवाई 
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ड्रग कार्टेल के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का दबाव रहा है। शीनबाम सरकार ने अपने कार्यकाल में कई बड़े कार्टेल सरगनाओं को निशाना बनाया है। इससे पहले जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल के प्रमुख नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांतेस उर्फ एल मेंचो को फरवरी में सेना ने मार गिराया था।

हालांकि, सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि बड़े कार्टेल सरगनाओं को गिरफ्तार करने से हिंसा और बढ़ सकती है। सुरक्षा विश्लेषक डेविड सौसेदो के मुताबिक, मेजा फ्लोरेस की गिरफ्तारी अमेरिका के दबाव का नतीजा है। उन्होंने कहा कि केवल शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार करने से पूरे आपराधिक नेटवर्क का खात्मा नहीं होता।


सौसेदो के अनुसार, कार्टेल के शीर्ष सरगनाओं को निशाना बनाने की रणनीति से गुटों के बीच सत्ता संघर्ष बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि नेताओं की गिरफ्तारी के बाद भी संगठन के हथियारबंद सदस्य, नशीले पदार्थों के स्थानीय विक्रेता, कारोबारी और राजनीतिक व पुलिस से जुड़े संपर्क बने रह सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed