Video: 'रनवे से उड़ान भरते ही टेढ़ा हुआ विमान, फिर...'; दिल दहलाने वाली घटना का कथित वीडियो आया सामने
सौर्य एयरलाइंस का विमान काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान भरने के दौरान दुर्घटना का शिकार हुआ। हादसे के बाद जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनमें विमान को आग की लपटों में घिरा देखा जा सकता है।
विस्तार
नेपाल में एक बार फिर बड़ा विमान हादसा हुआ। आज सुबह 11 बजे राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टेकऑफ के दौरान सौर्य एयरलाइंस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पलभर में विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया और धूं-धूंकर जलकर राख हो गया। हालांकि, इस वीडियो की अमर उजाला कोई पुष्टि नहीं करता है।
विमान की मरम्मत के लिए जा रहे थे पोखरा
काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उड़ान भरने के दौरान सौर्य एयरलाइन कंपनी का विमान रनवे से फिसल गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोखरा जाने वाले विमान में चालक दल के दो सदस्य और 17 तकनीशियन सवार थे। ये लोग एक अन्य विमान की मरम्मत के लिए पोखरा जा रहे थे। हादसा कितना भयानक था इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि इसमें सवार 19 लोगों में से 18 की मौत हो गई।
Sad news Plane crash in Nepal pic.twitter.com/cTL1r9bMJn
— Abdul Shah (@abdulshah918) July 24, 2024
आसमान में छा गया धुएं का गुबार
स्थानीय सूत्रों ने बताया है कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई और धुएं का भारी गुबार आसमान में छा गया। दुर्घटना के कारण विमान में लगी आग को बुझाने के लिए अग्निशमन कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों की एक टीम तैनात की गई है। दमकलकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की एक टीम स्थिति पर काबू पाने के लिए काम कर रही है। हादसे के बाद जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनमें विमान को आग की लपटों में घिरा देखा जा सकता है।
काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता तेज बहादुर पौडयाल ने कहा, 'केवल कैप्टन को जिंदा बचाया जा सका। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आग बुझाने की कोशिश करते दिखे दमकलकर्मी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं और आसमान में काला धुआं उठता दिख रहा है। इतना ही नहीं, भीषण हादसे के एक वीडियो में पूरी दुर्घटना देखी जा सकती है। इसमें विमान को रनवे से थोड़ा ऊपर उड़ते और दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले झुकते हुए देखा जा सकता है।
#Nepal
— Ranjay yadav (@RanjayK86) July 24, 2024
The moment before plane crashing at the tribhuvan international airport.
19 people were board at this plane pic.twitter.com/DujXp65P3M
इतना ही नहीं, हरे-भरे खेतों में बिखरे विमान के जले हुए अवशेषों के बीच बचावकर्मियों को दिखाया गया है।