श्रीलंका चुनाव में राजपक्षे की पार्टी को बढ़त, प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर दी बधाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीलंका के प्रभावशाली राजपक्षे परिवार द्वारा नियंत्रित श्रीलंका पीपुल्स पार्टी (एसएलपीपी) बृहस्पतिवार को घोषित किए गए शुरुआती परिणामों के अनुसार संसदीय चुनाव में भारी जीत की ओर अग्रसर है। सिंहली बहुल दक्षिण क्षेत्र से अब तक पांच परिणामों की घोषणा की गयी है। इनमें एसएलपीपी को 60 प्रतिशत से अधिक मत मिले हैं। दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने श्रीलंकाई समकक्ष महिंदा राजपक्षे को फोन कर सफल मतदान के लिए बधाई दी।
एसएलपीपी की निकटतम प्रतिद्वंद्वी एक नई पार्टी है जिसकी स्थापना सजीथ प्रेमदासा ने की है। प्रेमदासा ने अपनी मूल पार्टी यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) से अलग होकर नयी पार्टी बनायी है। चुनाव परिणामों के अनुसार यूएनपी चौथे स्थान पर है। आधिकारिक परिणामों से पता चलता है कि मार्क्सवादी जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) ने भी यूएनपी की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।
तमिल बहुल उत्तर क्षेत्र में, मुख्य तमिल पार्टी को जाफना में एक क्षेत्र में जीत मिली है जबकि राजपक्षे की सहयोगी ईलम पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (ईपीडीपी) ने जाफना जिले के एक अन्य क्षेत्र में तमिल नेशनल एलायंस (टीएनए) को हराया है। गौरतलब है कि मतदान बुधवार को हुआ था। मतों की गिनती सुबह शुरू हुई। मतों की गिनती शुरू होते ही एसएलपीपी के संस्थापक बेसिल राजपक्षे ने कहा कि पार्टी नयी सरकार बनाने के लिए तैयार है।
विश्लेषकों के अनुसार एसएलपीपी 225 सदस्यीय संसद में आराम से बहुमत हासिल कर लेगी। बेसिल राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के छोटे भाई हैं। प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे उनके सबसे बड़े भाई हैं। राष्ट्रपति को उम्मीद है कि एसएलपीपी को दो-तिहाई बहुमत मिलेगा। इससे वह संविधान में संशोधन करते हुए राष्ट्रपति पद की शक्तियों को बहाल कर सकेंगे। 2015 में संविधान में संशोधन करते हुए राष्ट्रपति के अधिकारों में कटौती की गयी थी।
पीएम मोदी और महिंदा ने की फोन पर बात, संबंध मजबूत करने पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से फोन पर बात की और बुधवार को आम चुनाव के लिए सफलतापूर्वक मतदान संपन्न होने की बधाई दी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि फोनवार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड-19 महामारी के बावजूद प्रभावी तरीके से चुनाव संपन्न कराने पर श्रीलंका सरकार और चुनावी संस्थानों की तारीफ की।
इस फोनवार्ता को लेकर महिंदा राजपक्षे ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। राजपक्षे ने कहा, 'बधाई देने के लिए फोन करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद। श्रीलंका की जनता के मजबूत समर्थन के साथ दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को और बढ़ाने के लिए मैं आपके साथ और नजदीकी से काम करना चाहता हूं। श्रीलंका और भारत मित्र हैं।'
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने श्रीलंकाई समकक्ष को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा, 'धन्यवाद, प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे! आपसे बात करके अच्छा लगा। एक बार फिर बहुत बधाई। हम द्विपक्षीय सहयो के सभी पक्षों को आगे बढ़ाने के लिए हम मिलकर काम करेंगे। हम अपने विशेष संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।'