फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Kim Ju Ae North Korea Leader potential successor global attention Hobbies like horse riding and swimming

Kim Ju Ae: किम जोंग उन की संभावित वारिस ने खींचा अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान... घुड़सवारी और तैराकी जैसे शौक

Sat, 06 Sep 2025 07:45 AM IST
ज्योति भास्कर अमर उजाला नेटवर्क।
अमर उजाला नेटवर्क। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 06 Sep 2025 07:45 AM IST
विज्ञापन
Kim Ju Ae North Korea Leader potential successor global attention Hobbies like horse riding and swimming
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बेटी किम जू ए - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
वह तेरह साल की हैं, लेकिन घुड़सवारी, तैराकी और स्कीइंग में निपुण हैं। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग को लेकर लोगों में उत्सुकता रहती ही है, लेकिन चीन की वार्षिक सैन्य परेड में शी जिनपिंग और पुतिन जैसे दिग्गजों की मौजूदगी में भी अंतरराष्ट्रीय मीडिया की नजर अगर उनकी इस बेटी पर जमी रही, इससे उनके भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार जरूर गर्म हो गया है।
विज्ञापन


हाल ही में हुई चीन की 75वीं वार्षिक सैन्य परेड वैसे तो रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन समेत करीब 25 राष्ट्र प्रमुखों की मौजूदगी की वजह से दुनिया भर में चर्चा के केंद्र में रही। लेकिन, परेड में शामिल होने आए किम जोंग के पीछे-पीछे चल रही एक किशोरी ने अनायास अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया। पता चला कि यह किशोरी किम जोंग उन की करीब तेरह वर्षीय बेटी किम जू ऐ हैं। रहस्यों से भरे उत्तर कोरियाई तानाशाह ‘किम’ परिवार के बारे में जानने की उत्सुकता तो हर किसी की रहती है, लेकिन फिलहाल लोग किम जू ऐ के बारे में जानना चाह रहे हैं और उनके बारे में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कहा तो यहां तक जा रहा है कि किम जोंग अपनी इस बेटी को अपने उत्तराधिकारी के तौर पर तैयार कर रहे हैं।
विज्ञापन


रहस्यमय परिवार
यह तो स्पष्ट है कि किम जू ऐ उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता और वर्कर्स पार्टी के महासचिव किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल-जू की बेटी हैं। जू ऐ का जन्म किस तिथि और किस वर्ष में हुआ, इसका रहस्य अब तक बरकरार है। उनकी उम्र बारह या तेरह वर्ष है। चालीस साल से अधिक के हो चुके खुद किम जोंग उन की जन्म की तारीख और सन का अब तक कोई पता नहीं लगा पाया है। यहां तक कि दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी भी कयास ही लगाती रही। अमेरिका के दिग्गज बास्केटबाल खिलाड़ी डेनिस रोडमैन वर्ष 2013 में किम जोंग उन के परिवार से मिले थे। उन्होंने ही पहली बार यह बात सार्वजनिक की थी कि किम जोंग उन का एक बेटा व एक बेटी है। बताया जाता है जू ऐ अपने भाई से छोटी हैं, उनसे छोटी एक बहन भी है। हालांकि, वह बहन है या भाई, यह भी पक्का नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

Kim Ju Ae North Korea Leader potential successor global attention Hobbies like horse riding and swimming
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बेटी किम जू ए - फोटो : अमर उजाला प्रिंट / एजेंसी
तो होंगी पहली महिला प्रमुख
जू ऐ की उम्र फिलहाल करीब तेरह वर्ष है, लेकिन जिस तरह से वह धीरे-धीरे आगे बढ़ रही हैं, उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह उत्तर कोरिया की पहली महिला राष्ट्र प्रमुख बन सकती हैं, क्योंकि किम जोंग उन ने अब तक न तो अपने बड़े बेटे को किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में पेश किया है, न ही अपनी छोटी संतान को सामने लाए हैं। जू ऐ भी करीब दस वर्ष की उम्र में नवंबर 2022 में अपने पिता के साथ पहली बार तब सामने आई थीं, जब इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की जा रही थी। मीडिया ने जू ऐ को पहले ‘प्यारी बेटी’ नाम से संबोधित किया, लेकिन बाद में ‘सम्मानित’ शब्द का इस्तेमाल किया। कुछ अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी जू ऐ को जरूर देखा गया है, लेकिन जिस तरह वह चीन की सैन्य परेड में अपने पिता के साथ बुलेटप्रूफ ट्रेन से पहुंचीं, उनकी वेशभूषा और हावभाव यही बयां कर रहे थे कि वह उत्तर कोरिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो रही हैं। वहीं, मई में हुए रूसी दूतावास के राजनयिक कार्यक्रम में भी जू ऐ की मौजूदगी उनके बढ़ते कद की ओर इशारा करती है।

डाक टिकट पर मौजूदगी
उत्तर कोरिया में कुछ ऐसे डाक टिकट भी जारी किए गए हैं, जिनमें जू ऐ को अपने पिता का हाथ थामे, हाथों में हाथ डाले या सैनिकों के साथ फोटो खिंचवाते हुए दिखाया गया है। जू ऐ ने उस देश में, जहां सख्त ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य है, कई बार अपने फैशन में अलग अंदाज को दिखाया है। मई 2024 में प्योंगयांग की जोनवी स्ट्रीट के उद्घाटन पर वह पारदर्शी बाजू वाली पोशाक पहनकर सबका ध्यान आकर्षित कर चुकी हैं। इसी तरह जून 2024 में वॉनसन कलमा तटीय रिसॉर्ट के उद्घाटन पर जू ऐ सफेद टू-पीस ड्रेस और हीरे जड़ी कार्टियर घड़ी पहने दिखीं।

चौथी पीढ़ी
वर्ष 1948 में जब उत्तर कोरिया का गठन हुआ, तो सबसे पहले इस देश की कमान किम इल सुंग ने संभाली और 1994 तक नेतृत्व किया। किम इल सुंग की छह संतानों में सबसे बड़े किम जोंग इल उत्तर कोरिया के दूसरे सर्वोच्च नेता बने। किम जोंग इल की तीसरी शादी से दूसरे नंबर के बेटे किम जोंग उन 2011 में पिता के निधन के बाद उत्तर कोरिया के सर्वेसर्वा बन गए। किम जोंग उन का 2009-10 में री सोल-जू से विवाह हुआ। किम और सोल-जू की तीन संतानों में किम जू ऐ दूसरे नंबर की हैं। बताते हैं कि तानाशाह किम जोंग उन अपनी बेटी जू ऐ को बेहद पसंद करते हैं और उसकी नेतृत्व क्षमता से भी खासे प्रभावित हैं। किम जोंग उन के सौतेले भाई-बहनों में भी अनबन चलती है। इस वजह से वह अपनी बेटी को पहले ही राजनीति के सभी दांवपेच सिखा देना चाहते हैं।

घुड़सवारी, स्कीइंग और तैराकी का शौक
बताया जाता है कि जू ऐ को स्कीइंग और तैराकी का शौक है। वह एक बेहतरीन घुड़सवार भी हैं। किम जू ऐ का कभी किसी आधिकारिक शिक्षा केंद्र में दाखिला नहीं हुआ। उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग स्थित आवास में ही भाई-बहन के साथ जू ऐ की शिक्षा व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed