Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Kerala born Nitya Raman became Mayor of Los Angeles government official once told her Leave your shoes outside

अमेरिका: भारतवंशी नित्या को यूं ही नहीं मिली सफलता, कभी सरकारी अफसर ने कहा था- जूते और राजनीति बाहर छोड़कर आना

Sat, 07 Nov 2026 02:02 AM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Sat, 07 Nov 2026 02:02 AM IST
सार

केरल में जन्मीं नित्या रमन ने संघर्ष, सामाजिक कार्य और शहरी विकास के क्षेत्र में अपने अनुभव के दम पर लॉस एंजिलिस के मेयर पद तक का सफर तय किया है। दिल्ली की झुग्गियों में काम करने से लेकर अमेरिका में बेघर लोगों और किरायेदारों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने तक, उनके अनुभवों ने उनकी राजनीति को दिशा दी। दिसंबर में वह शहर की पहली एशियाई अमेरिकी मेयर के रूप में पद संभालेंगी।

विज्ञापन
Kerala born Nitya Raman became Mayor of Los Angeles government official once told her Leave your shoes outside
नित्या रमन - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर की नई मेयर बनने जा रहीं 45 साल की भारतवंशी नित्या रमन की सफलता की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। केरल के एक छोटे से शहर में जन्म, दिल्ली की झुग्गियों में गरीबों के हक की लड़ाई, सरकारी दफ्तर में एक अफसर से दो टूक जवाब और चुनाव प्रचार के दौरान चार साल के जुड़वां बच्चों को संभालने जैसी चुनौतियों से गुजरते हुए नित्या ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने मौजूदा मेयर करेन बास को हराकर अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर की पहली एशियाई अमेरिकी मेयर बनने का इतिहास रचा है। उन्हें करीब 53 फीसदी वोट मिले, जबकि बास को 47 फीसदी मत मिले। नित्या दिसंबर में पद संभालेंगी।

विज्ञापन


दिग्गज कैरेन बास को हराकर रचा इतिहास
लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव में नित्या रमन ने पूर्व मेयर कैरेन बास को शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। कैरेन बास को पार्टी के बड़े नेताओं, चुनावी फंडिंग और संगठनात्मक ताकत का समर्थन हासिल था, लेकिन नित्या ने सीमित बजट के बावजूद जीत दर्ज की। उन्हें 52 फीसदी वोट मिले और उन्होंने 47,253 वोटों के अंतर से कैरेन बास को हराया। उनकी जीत में युवा मतदाताओं, खासकर जेन-जी और मिलेनियल्स का समर्थन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह जीत बताती है कि स्थानीय समस्याओं पर आधारित राजनीति और जमीनी काम बड़े राजनीतिक चेहरों को भी चुनौती दे सकते हैं।
विज्ञापन


केरल में जन्म, छह साल की उम्र में पहुंचीं अमेरिका
नित्या का जन्म 1981 में केरल के त्रिशूर में हुआ था। उनके पिता वेंकटरमन केल्ट्रॉन में काम करते थे और मां सुधा केचेरी बैंकिंग क्षेत्र में थीं। परिवार कुछ समय तिरुवनंतपुरम में भी रहा। नित्या जब करीब छह साल की थीं, तब परिवार अमेरिका चला गया। 22 साल की उम्र में उन्होंने अमेरिकी नागरिकता हासिल की। हालांकि, भारत से उनका जुड़ाव कभी खत्म नहीं हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन


दिल्ली की झुग्गियों ने बदल दी जिंदगी की दिशा
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान नित्या ने गरीब और बेघर लोगों की समस्याओं को करीब से समझना शुरू किया। वह ऐसे कार्यक्रम से जुड़ीं, जिसमें घर से निकाले जाने का खतरा झेल रहे किरायेदारों को बिना ब्याज कर्ज दिया जाता था। बेघर लोगों की परेशानी सामने लाने के लिए वह कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे भी सोईं। भारत में दिल्ली की झुग्गी बस्तियों के साथ काम करते हुए उन्होंने देखा कि सरकारी फैसलों का गरीबों की रोजी-रोटी और जिंदगी पर कितना बुरा असर पड़ता है। वहां लोगों को घरों से बेदखल होने से बचाने और बुनियादी सुविधाएं दिलाने के लिए काम किया। इसी अनुभव ने उन्हें शहरी विकास और सरकारी व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
 

सरकारी अफसर ने कहा- जूते और राजनीति बाहर छोड़कर आओ
हार्वर्ड में पढ़ाई के दौरान भारत में सरकारी कामकाज पर शोध करते हुए नित्या तमिलनाडु के एक ग्रामीण सरकारी दफ्तर पहुंचीं। वहां एक अधिकारी ने उनसे कहा कि दफ्तर में आने से पहले अपने जूते और राजनीति बाहर छोड़कर आएं। लेकिन नित्या ने जूते उतारने से इनकार कर दिया और वहां से बाहर निकल गईं। बाद में उसी अधिकारी ने उन्हें अपने दफ्तर में बुलाकर सवाल पूछने का मौका दिया। यह घटना उनके शोध का हिस्सा बनी। इसके बाद उन्होंने एमआईटी से अर्बन प्लानिंग में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी करने के बाद चेन्नई में 'ट्रांसपेरेंट चेन्नई' नाम का प्रोजेक्ट शुरू किया। इसके जरिए शहर की सार्वजनिक सुविधाओं और नागरिकों की जरूरतों से जुड़ा डेटा जुटाया जाता था।

अमेरिका में भी बेघरों के लिए उठाई आवाज
2013 में नित्या लॉस एंजिलिस पहुंचीं। वहां सरकारी कार्यालय में काम करते हुए उन्होंने बेघर लोगों के लिए खर्च होने वाले करीब 100 मिलियन डॉलर के बजट की पड़ताल की। उन्हें पता चला कि इस रकम का बड़ा हिस्सा लोगों को घर और सुविधाएं देने के बजाय गिरफ्तारियों पर खर्च हो रहा था। 2017 में उन्होंने बेघर लोगों की मदद के लिए एसईएलएएच नेबरहुड होमलेस कोएलिशन की सह-स्थापना की। 2020 में उन्होंने पार्षद डेविड रयू को चुनाव में हराकर अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। इसके बाद किरायेदारों को बेदखली से बचाने और किराये में बढ़ोतरी की सीमा कम करने जैसे मुद्दों पर लगातार काम किया।
 

चेन्नई के सार्वजनिक शौचालयों की मैपिंग से मिली शहरी समस्याएं सुलझाने की सीख
नित्या रमन की राजनीतिक सफलता के पीछे चेन्नई में किया गया उनका एक अनूठा प्रयोग भी अहम रहा। अमेरिका से उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद भारत लौटीं नित्या ने चेन्नई में 'ट्रांसपेरेंट चेन्नई' नाम से गैर-सरकारी संस्था बनाई। इसके जरिए उन्होंने शहर के गरीब और तंग इलाकों में सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता का डाटा जुटाकर उनकी मैपिंग की। इस प्रयोग का मकसद यह पता लगाना था कि किन इलाकों में शौचालयों की सुविधा नहीं है और लोगों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

शौचालयों से लेकर बस रूट और ट्रैफिक तक जुटाया जमीनी डाटा
नित्या ने स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों की मदद से सार्वजनिक शौचालयों के अलावा बस रूट, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं का भी डाटा तैयार किया। उन्होंने यह जानकारी पुलिस और नगर निगम के साथ साझा की। इस काम से उन्हें समझ आया कि शहरों की वास्तविक समस्याओं का समाधान सिर्फ सरकारी योजनाएं बनाने से नहीं, बल्कि जमीनी जरूरतों की पहचान और नागरिकों की भागीदारी से संभव है। यही अनुभव आगे चलकर लॉस एंजिल्स में बेघर लोगों की समस्या और शहरी बुनियादी सुविधाओं पर काम करने में उनके काम आया।



पति से हार्वर्ड में हुई मुलाकात, जुड़वां बच्चों की भी जिम्मेदारी
नित्या के पति वाली चंद्रशेखरन से मुलाकात हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। वाली पेशे से टीवी लेखक हैं और 'मॉडर्न फैमिली' तथा '30 रॉक' जैसे लोकप्रिय अमेरिकी शो से जुड़े रहे हैं। दंपती के 10 साल के जुड़वां बच्चे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान परिवार और राजनीति के बीच संतुलन बनाना उनके लिए आसान नहीं था। एक भारतीय अखबार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि जब वह भाषण देती थीं, तब उनके जुड़वां बच्चे कभी खाने के लिए कुछ मांगने लगते तो कभी उनके आसपास दौड़ने लगते थे। ऐसे में उन्हें बच्चों को संभालने के साथ अपना भाषण भी जारी रखना पड़ता था। उन्होंने कहा था कि इस दौरान उन्हें अपना ध्यान केंद्रित रखना सीखना पड़ा।


ये भी पढ़ें: एक मंच पर आएंगे रूस-चीन-अमेरिका: ट्रंप-जिनपिंग और पुतिन पर ड्रैगन ने क्या संकेत दिए; कब-कहां मुलाकात की कवायद?

दिसंबर में संभालेंगी मेयर की जिम्मेदारी

नित्या ने इस बार मौजूदा मेयर करेन बास को चुनौती देकर चुनाव लड़ा। शुरुआत में वह बास का समर्थन कर चुकी थीं, लेकिन बाद में खुद मैदान में उतरने का फैसला किया। चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें पुलिस यूनियन के विरोध का भी सामना करना पड़ा। इसके बावजूद युवा मतदाताओं का समर्थन उनके साथ रहा। अब दिसंबर में मेयर पद संभालने के बाद उनके सामने लॉस एंजिलिस में आवास संकट, बेघर लोगों की समस्या और किरायेदारों के अधिकारों की रक्षा जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी। 2028 में होने वाले समर ओलंपिक की तैयारियां भी उनकी जिम्मेदारी का अहम हिस्सा होंगी। केरल से अमेरिका तक का उनका सफर अब एक नई परीक्षा के दौर में पहुंच गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed