इस्राइल: प्रधानमंत्री बेेनेट को भारत यात्रा का न्योता, जयशंकर ने मुलाकात कर सामरिक रिश्ते मजबूत करने पर दिया जोर
भारत आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान भारतीय सेना द्वारा लड़े गए युद्घों के छह स्थानों के स्मारकों की एक शृंखला बना रहा है। उसमें इस्राइल के हाइफा व राअन्ना भी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पांच दिनी इस्राइल दौरे पर आए भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को प्रधानमंत्री नफ्ताली बेेनेट से मुलाकात की। उन्होंने इस्राइल के पीएम को पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत आने का न्योता दिया। बेनेट से चर्चा में जयशंकर ने दोनों देशों के बीच सामरिक रिश्ते और मजबूत करने पर जोर दिया। पीएम बेनेट के साथ मुलाकात के दौरान जयशंकर ने द्विपक्षीय रिश्तों के विस्तार, दोस्ताना संबंधों को और पुख्ता करने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान जयशंकर ने कहा कि हम भारत-इस्राइल संबंधों को लेकर एक महत्वपूर्ण चरण में हैं। अब चुनौती यह है कि इन संबंधों को अगले स्तर पर कैसे ले जाया जाए। जयशंकर ने आगे कहा कि मैं आपको बता सकता हूं कि इस्राइल के साथ हमारे संबंधों को लेकर भारत में भावनाएं और हित बहुत मजबूत हैं। वहीं,बेनेट ने कहा कि मैं इस्राइलियों की ओर से कहता हूं- हम भारत से प्यार करते हैं। हम भारत को अपने खास दोस्त की तरह देखते हैं और सभी क्षेत्रों व आयामों में अपने संबंधों को विस्तार देने के लिए हम काम कर रहे हैं।
तबसोर स्मारक की पट्टिका का अनावरण
इससे पहले, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को उत्तरी इस्राइल के राअन्ना स्थित सैन्य स्मारक में प्रथम विश्व युद्घ के दौरान तबसोर की जंग में शहीद भारतीय सैनिकों को श्रद्घांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए भारतीय जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।
जयशंकर ने कहा कि भारत आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान भारतीय सेना द्वारा लड़े गए युद्धों के छह स्थानों के स्मारकों की एक शृंखला बना रहा है। उसमें इस्राइल के हाइफा व राअन्ना भी हैं। यह श्रृंखला 2022 में पूरी हो जाएगी। तबसोर में सितंबर 1918 में भारतीय सेना ने जंग लड़ी थी।
इस स्मारक पर लगाई पट्टिका के जरिए यह बताया जाएगा कि क्षेत्र के इतिहास को आकार देने में हमारे सैनिकों ने अहम भूमिका निभाई है। पट्टिका का अनावरण जयशंकर व राअन्ना के मेयर चैम ब्रोयडे ने किया। भारत की आजादी की 75 वीं वर्षगांठ व इस्राइल से कूटनीतिक संबंधों के 30 साल पूरे होने के मौके पर यह कार्यक्रम रखा गया।