Israel Crisis: यूएन चीफ का गाजा-लेबनान में तत्काल युद्धविराम पर बल; अमेरिका बोला- पस्त हो रहा है हिजबुल्ला
हिजबुल्ला के उप नेता नईम कासिम ने मंगलवार को कहा था कि वह युद्ध विराम को लागू करने के प्रयासों का समर्थन करते हैं। इस पर अमेरिका ने निशाना साध कहा कि हम इस संघर्ष का कूटनीतिक समाधान चाहते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इस्राइल की मार से कराह रहे हिजबुल्ला ने लेबनान में युद्ध विराम के प्रस्तावों का समर्थन किया है। उसका कहना है कि बातचीत के जरिए युद्ध विराम का रास्ता खुला हुआ है। इसपर अमेरिका ने हमला बोलते हुए कहा कि संघर्ष विराम का प्रस्ताव दिखाता है कि ईरानी समर्थक संगठन पीछे हट गया है और यह पस्त हो रहा है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मध्य पूर्व क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच गाजा और लेबनान में तत्काल संघर्ष विराम की मांग की। उन्होंने साफ कह दिया कि वह इस संघर्ष विराम की मांग करते रहेंगे।
क्या बोला हिजबुल्ला?
हिजबुल्ला के उप नेता नईम कासिम ने एक टेलीविजन भाषण में मंगलवार को कहा था कि वह युद्ध विराम को लागू करने के प्रयासों का समर्थन करते हैं। संगठन लेबनानी संसद के अध्यक्ष नबीह बेरी के लड़ाई को रोकने की कोशिशों का समर्थन करता है। हम युद्ध विराम के नाम पर बेरी द्वारा की जा रही राजनीतिक गतिविधि का समर्थन करते हैं। बता दें, यह पहली बार है, जब हिजबुल्ला ने लेबनान-इस्राइल सीमा पर लड़ाई को रोकने के लिए गाजा में युद्ध की समाप्ति का उल्लेख नहीं किया। इससे पहले हिजबुल्ला की पहली मांग गाजा में संघर्ष विराम ही रही है।
कासिम ने कहा था, 'हिजबुल्ला और इस्राइल के बीच संघर्ष एक युद्ध है कि कौन पहले चिल्लाता है और हिजबुल्ला पहले नहीं रोएगा। इस्राइल से 'दर्दनाक प्रहारों' के बावजूद समूह की क्षमताएं बरकरार हैं। हम उन पर हमला कर रहे हैं। हम उन्हें चोट पहुंचा रहे हैं और हम समय बढ़ाएंगे। दर्जनों इस्राइली शहर हमारी की मिसाइलों की रेंज के भीतर हैं। हम आपको आश्वस्त करते हैं कि हमारी क्षमताएं ठीक हैं।'
अब अचानक युद्ध विराम चाहते हैं: अमेरिका
इस संघर्ष विराम प्रस्ताव पर अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा, 'एक साल से पूरी दुनिया युद्ध विराम के लिए बोल रही थी। मगर हिजबुल्ला लगातार सहमत होने से इनकार कर रहा था। अब जब हिजबुल्ला पीछे हट गया और पस्त हो रहा है तो अचानक उसने अपना सुर बदल लिया और युद्ध विराम चाहते हैं।'
लेबनान के अंदर चल रही बातचीत: मिलर
उन्होंने आगे कहा कि हम इस संघर्ष का कूटनीतिक समाधान चाहते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका लेबनान में एक नया राष्ट्रपति चुनने के प्रयासों के बारे में बेरी से बात कर रहा है, मिलर ने कहा कि हमारे अधिकारी मध्यस्थों के माध्यम से लेबनान के अंदर कई पक्षों से बातचीत कर रहे हैं।
क्या बोले गुटेरेस?
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'हम गाजा और लेबनान में तत्काल युद्ध विराम, बंधकों की तुरंत तथा बिना शर्त रिहाई और सभी को तत्काल जीवनरक्षक सहायता देने की मांग नहीं छोड़ सकते। क्षेत्र के सभी लोग शांति से रहने के हकदार हैं।'
उन्होंने कहा, 'मध्य पूर्व में संघर्ष हर घंटे हर दिन बदतर होता जा रहा है। युद्ध के भयावह प्रभावों के बारे में हमारी चेतावनियां सही साबित होती जा रही हैं। हर हवाई हमला, हर मिसाइल लॉन्च, हर दागा गया रॉकेट शांति को दूर धकेल रहा है। इनके बीच फंसे लाखों नागरिकों के दर्द को और बदतर बना रहा है।'