फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   india poland pm modi donald tusk trade partnership

भारत-पोलैंड संबंध: पीएम मोदी बोले- एफटीए से बढ़े अवसर; टस्क ने कहा- मित्र कहने पर गर्व; हितों में टकराव नहीं

Thu, 22 Oct 2026 12:44 PM IST
राकेश कुमार एएनआई, नई दिल्ली।
एएनआई, नई दिल्ली। Published by: राकेश कुमार Updated Thu, 22 Oct 2026 12:44 PM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता कर व्यापार, रक्षा और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। दोनों देश सालाना व्यापार को करीब छह अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक पहुंचाना चाहते हैं। टस्क अपनी यात्रा के दौरान भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे और 23 अक्तूबर को बंगलूरू में सूचना प्रौद्योगिकी तथा अंतरिक्ष क्षेत्र के नेताओं से मुलाकात करेंगे। यह 2010 के बाद किसी पोलिश प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा है।
 

विज्ञापन
india poland pm modi donald tusk trade partnership
पीएम मोदी के साथ पोलैंड के पीएम टस्क - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा की और व्यापार, रक्षा, तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा की। टस्क 21 से 23 अक्तूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। टस्क से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत ने दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं पैदा की हैं। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में मोदी ने कहा कि ईयू के साथ व्यापार समझौते ने इन अवसरों को और व्यापक बना दिया है।
विज्ञापन

दो साल में रणनीतिक साझेदारी को मिली नई गति: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने भारत दौरे पर आए डोनाल्ड टस्क का स्वागत करते हुए 2024 में अपनी पोलैंड यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। इसके बाद पिछले दो वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिली है। मोदी के मुताबिक, भारत और पोलैंड की दोस्ती केवल कूटनीतिक रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता और संवेदनशीलता की साझा विरासत पर आधारित है।

विज्ञापन

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत ने की थी मदद
प्रधानमंत्री मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलैंड के लोगों को भारत में मिली मदद का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जामनगर और कोल्हापुर के शाही परिवारों ने हजारों पोलिश बच्चों और परिवारों को भारत में आश्रय दिया था। पीएम मोदी ने इस ऐतिहासिक घटना को दोनों देशों के बीच मानवीय संबंधों की मजबूत कड़ी बताया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

व्यापार, रक्षा और तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर जोर
संयुक्त प्रेस वार्ता से पहले मोदी और टस्क ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता की। इसमें भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा की गई और व्यापार, रक्षा, तकनीक समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी हुआ।


पीएम मोदी को दोस्त कहने पर गर्व: टस्क
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त कहने पर गर्व है। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान टस्क ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच हितों का कोई टकराव नहीं है। उन्होंने वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका की भी सराहना की।

राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार सुबह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्रपिता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। टस्क बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की और कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।

जयशंकर से मुलाकात में भी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-पोलैंड सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, 'पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात करके खुशी हुई। भारत-पोलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर उनके विचारों की सराहना की।'

यह भी पढ़ें: ईरान पर नए हमले की तैयारी में अमेरिका: ट्रंप बोले- कोई बातचीत नहीं हो रही, तेहरान के साथ जल्द कुछ होने वाला है

छह अरब डॉलर से 10 अरब डॉलर तक व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य
भारत में पोलैंड के पूर्व राजदूत एडम बुराकोव्स्की के मुताबिक, दोनों देश सालाना द्विपक्षीय व्यापार को करीब छह अरब डॉलर से बढ़ाकर 10 अरब डॉलर तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कारोबार को बढ़ावा देने में कंपनियों के बीच साझेदारी और कारोबारी मंचों की भूमिका को अहम बताया। बुराकोव्स्की ने रक्षा और अंतरिक्ष तकनीक को भी सहयोग के प्रमुख क्षेत्र बताया। उनके अनुसार, भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता आर्थिक संबंधों को विस्तार देने में मदद कर सकता है।


नई दिल्ली के बाद बंगलूरू जाएंगे पोलैंड के प्रधानमंत्री
भारत यात्रा के दौरान टस्क नई दिल्ली में भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 23 अक्तूबर को वह बेंगलुरु जाएंगे, जहां भारत के सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्रों से जुड़े नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की वार्ता में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होना है।

2010 के बाद पोलिश प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा
भारत और पोलैंड ने अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। टस्क का मौजूदा दौरा 2010 के बाद किसी पोलिश प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा है। भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस यात्रा से दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलने और लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed