अमेरिका में इमरान का विमान नहीं हुआ था खराब, नाराज सऊदी प्रिंस ने बुलाया था वापस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री इमरान खान को पाकिस्तान वापस ला रहे विमान में 27 सितंबर को तकनीकी खराबी आ गई थी। लेकिन, पाकिस्तान मीडिया ने दावा किया है कि संयुक्त राष्ट्र से लौटते वक्त विमान में कोई तकनीकी कमी नहीं आई थी बल्कि सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अपना विमान वापस बुला लिया था।
पाकिस्तानी पत्रिका 'फ्राइडे टाइम्स' की रिपोर्ट में कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र में इमरान खान द्वारा दिए गए भाषण से क्राउन प्रिंस नाराज थे इसीलिए उन्होंने अपना विमान वापस बुलाया। संयुक्त राष्ट्र महासभा में शिरकत के लिए अमेरिका की यात्रा से पहले इमरान खान सऊदी अरब गए थे।
सऊदी से इमरान खान व्यावसायिक फ्लाइट से ही न्यूयॉर्क जाने वाले थे लेकिन सऊदी प्रिंस ने उन्हें मेहमान के तौर पर अपना विशेष विमान मुहैया कराया था। इमरान उसी विमान से वापस लौट रहे थे। लेकिन इसे बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा था।
पत्रिका 'फ्राइडे टाइम्स' ने यह कहकर सबको चौंका दिया है कि विमान में कोई तकनीकी खराबी नहीं आई थी, बल्कि यह मोहम्मद बिन सलमान की नाराजगी थी, जिसकी वजह से इमरान के विमान को लौटना पड़ा था। वहीं, पाकिस्तान सरकार ने फ्राइडे टाइम्स की रिपोर्ट को सरासर गलत बताया है।
पत्रिका ने अपनी रिपोर्ट इमरान समर्थकों पर हमला करते हुए कहा, हर हाल में इमरान खान के प्रशंसक बने रहने वालों ने न्यूयॉर्क से लौटने पर उनका विजेता हीरो जैसा स्वागत किया। यहां तक कि जिस विमान से इमरान वापस लौट रहे थे उसे एफ-17 थंडर विमानों के घेरे में सम्मान के साथ लाए जाने का भी सुझाव दिया।
पत्रिका ने लिखा इन समर्थकों को लगता है कि इमरान ने कश्मीर, इस्लामोफोबिया जैसे सभी खास मुद्दों पर धारदार तरीके से बात रखी। उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि इमरान के भाषण के दौरान हॉल आधा खाली पड़ा था और इमरान ने मान लिया था कि पाकिस्तान अलकायदा आतंकियों को प्रशिक्षित करता था।
इस्लामिक ब्लॉक की जद्दोजहद से गुस्सा हुए थे प्रिंस
पत्रिका ने दावा किया है कि सऊदी प्रिंस इस बात को लेकर सबसे ज्यादा नाराज हुए कि इमरान इस्लामिक ब्लॉक की कमान संभालने की जद्दोजहद में थे। उनको इससे फर्क नहीं पड़ता कि भारत-पाक के बीच बातचीत की उम्मीद पहले से कहीं कम हो गई है और उन्होंने एक क्षेत्रीय मुद्दा इस्लामी पाकिस्तान और हिंदू भारत का मुद्दा बना दिया है।