Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Houthis Report Many Killed in Yemen Airstrike as Saudi Turkey Pakistan Hold Defence Talks

बच्चों सहित 11 मौतों से दहला यमन: हूतियों ने सऊदी पर लगाया हमले का आरोप, पाकिस्तान में क्यों जुट रहे तीन देश?

Fri, 27 Nov 2026 06:18 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, दुबई।
पीटीआई, दुबई। Published by: राकेश कुमार Updated Fri, 27 Nov 2026 06:18 PM IST
सार

यमन के ताइज प्रांत में हवाई हमले में 11 लोगों की मौत का दावा किया गया है। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। हूती विद्रोहियों ने हमले के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार बताया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के प्रतिनिधि रक्षा समझौते के तहत इस्लामाबाद में बैठक करने जा रहे हैं। इसमें सऊदी अरब पर हूती हमलों और पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा होगी।
 

विज्ञापन
Houthis Report Many Killed in Yemen Airstrike as Saudi Turkey Pakistan Hold Defence Talks
यमन में सऊदी के हमले से मची भारी तबाही - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

यमन में एक बार फिर हवाई हमले में आम लोगों की जान गई है। ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का दावा है कि देश के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में हुए हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। हूती विद्रोहियों ने इस हमले के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है। इस बीच सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के अधिकारी इस्लामाबाद में रक्षा समझौते के तहत बैठक करने जा रहे हैं। इसमें सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों और मध्य पूर्व के हालात पर चर्चा होने की उम्मीद है।
विज्ञापन


कहां और कैसे हुआ हमला, कितने लोगों की गई जान?
हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि यमन के ताइज प्रांत के तुरबा शहर में हवाई हमला हुआ। यह हमला शुक्रवार सुबह घनी आबादी वाले इलाके में किया गया। मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-असबाही ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हमले में एक सिनेमाघर की इमारत को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि इस हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। इनमें कुछ ऐसे बच्चे थे, जो इलाके में आइसक्रीम बेचते थे। वे इसी इमारत के एक हिस्से में रहते भी थे।
विज्ञापन


मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि अभी मृतकों की संख्या शुरुआती है। राहत और बचाव दल मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। हालांकि, मंत्रालय ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मरने वाले बच्चों की संख्या कितनी है। हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले अल-मसीरा टीवी ने हमले के बाद की तस्वीरें प्रसारित की हैं। इनमें एक इमारत पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। लोग मलबे में दबे बच्चों के शवों को निकालने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हूतियों ने सऊदी अरब पर हमले का आरोप लगाया गया है, लेकिन सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से इस घटना पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सऊदी, तुर्किये और पाकिस्तान की बैठक में क्या होगा?
यमन में हमले की घटना ऐसे समय हुई है, जब सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच रक्षा सहयोग को लेकर अहम बैठक होने जा रही है। तीनों देशों के प्रतिनिधिमंडल इस बैठक के लिए पाकिस्तान पहुंच रहे हैं। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, बैठक इस्लामाबाद में होगी। इसमें पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर चर्चा की जाएगी। खासतौर पर यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर किए जा रहे हमले चर्चा का प्रमुख विषय होंगे। अधिकारियों ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी। उनका कहना है कि उन्हें सार्वजनिक रूप से बैठक के बारे में जानकारी देने की अनुमति नहीं है। यह बैठक रणनीतिक, राजनीतिक और रक्षा समिति (स्ट्रैटेजिक, पॉलिटिकल एंड डिफेंस कमेटी) के तहत हो रही है। इसका संबंध संयुक्त मक्का रक्षा समझौते से है।

क्या है तीन देशों का मक्का रक्षा समझौता?
सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान ने अगस्त में इस संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इस पर सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते की सबसे अहम बात यह है कि तीनों देशों में से किसी एक पर हमला बाकी दो देशों पर हमला माना जाएगा। यानी किसी एक सदस्य देश की सुरक्षा पर खतरा आने की स्थिति में इसे तीनों देशों की साझा सुरक्षा से जोड़कर देखा जाएगा। इस बीच तुर्किये ने भी समझौते को औपचारिक मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति एर्दोगन ने इस पर अपनी मुहर लगा दी। इसके साथ ही तुर्किये में समझौते की मंजूरी की प्रक्रिया पूरी हो गई।

तुर्किये की संसद में क्यों हुआ था विरोध?
इस महीने की शुरुआत में तुर्किये की 600 सदस्यीय संसद ने इस समझौते को मंजूरी दी थी। हालांकि, विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया था। विपक्षी नेताओं की चिंता थी कि इस समझौते के कारण तुर्किये क्षेत्रीय युद्धों में उलझ सकता है। उनका तर्क था कि अगर समझौते के किसी सदस्य देश पर हमला होता है, तो तुर्किये को भी उस संघर्ष में शामिल होना पड़ सकता है। इससे तुर्किये के सैनिकों की जान खतरे में पड़ सकती है।


अब तीनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों की बैठक ऐसे समय हो रही है, जब यमन में ताजा हवाई हमले में बच्चों समेत 11 लोगों की मौत का दावा किया गया है। ऐसे में सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमले और पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति पर होने वाली चर्चा अहम मानी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed