हांगकांग: नकाब पहनने पर प्रतिबंध के खिलाफ लोकतंत्र समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, रेल सेवाएं बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हांगकांग में प्रदर्शनकारियों के नकाब पहनने पर प्रतिबंध लगाए जाने को लेकर लोकतंत्र समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें हिंसा भड़कने के बाद शनिवार को आम लोगों के लिए रेल सेवाएं निलंबित कर दी गईं। शनिवार को एयरपोर्ट लाइन ट्रेन समेत रेल सेवाएं निलंबित रहीं।
रेलवे प्रशासन ने कहा कि आम लोगों के लिए रेल सेवाएं फिर से शुरू करने से पहले स्टेशनों को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। मालूम हो कि चेहरे पर नकाब(मास्क) लगा लेने से पुलिस के लिए प्रदर्शनकारियों की पहचान मुमकिन नहीं होती। कहा जा रहा है कि पुलिस की मदद के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।
सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद नकाब पर लगी थी रोक
हांगकांग की नेता कैरी लैम ने चार महीने से चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को प्रदर्शनों के दौरान नकाब पहनने पर रोक लगा दी थी, जिसके जवाब में हजारों प्रदर्शनकारियों ने नकाब पहनकर विरोध जताया।
लैम ने कहा कि औपनिवेशिक काल में बने आपातकालीन नियामक अध्यादेश के तहत उन्होंने आदेश दिए हैं, जिसके तहत वह विधायिका को नजरअंदाज कर सकती हैं और आपातकाल या सार्वजनिक जोखिम के समय में कोई भी कानून बना सकती हैं।
उन्होंने शुक्रवार को कहा कि हमें उम्मीद है कि नया कानून हिंसक प्रदर्शनकारियों और उपद्रवियों को हतोत्साहित करेगा और पुलिस की मदद करेगा।
लैम के आदेश के बाद तेज हुआ विरोध प्रदर्शन
लैम के इस आदेश को लेकर हांगकांग में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए। ज्यादातर कामकाजी लोगों की भीड़ ने सड़कों को अवरुद्ध कर दिया और कुछ प्रदर्शनकारियों ने चीन समर्थक बैनर भी फाड़े। पुलिस ने सड़कों पर उतरने, भूमिगत मार्गों में तोड़फोड़ करने और सड़क पर आग लगाने वाले प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई स्थानों पर आंसू गैस का इस्तेमाल किया।