Emmanuel Macron: यूक्रेन संकट के बीच फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का बड़ा एलान, अप्रैल में करेंगे चीन का दौरा
एक दिन पहले शुक्रवार को मैक्रों ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि फ्रांस का मकसद यूक्रेन को बचाना है, रूस को कुचलना नहीं। उन्होंने कहा, इस सोच के समर्थक नहीं है कि सभी को मिलकर रूस पर हमला कर देना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फ्रांसिसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को बड़ा एलान किया है। न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, उन्होंने कहा है कि वह अप्रैल की शुरुआत में चीन की यात्रा करेंगे। फ्रांसिसी राष्ट्रपति की ओर से यह घोषणा रूस-यूक्रेन युद्ध के एक साल पूरा होने के अगले ही दिन की गई है।
एक दिन पहले शुक्रवार को मैक्रों ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि फ्रांस का मकसद यूक्रेन को बचाना है, रूस को कुचलना नहीं। उन्होंने कहा, इस सोच के समर्थक नहीं है कि सभी को मिलकर रूस पर हमला कर देना चाहिए, जबकि कुछ का मकसद ही उसे तबाह कर देना है। हालांकि, फिलहाल वे यह सुझाव नहीं देंगे कि रूस के साथ शांतिवार्ता की जाए।
यूक्रेन की संप्रभुता का सम्मान करे मॉस्को: इमैनुएल मैक्रों
मैक्रों ने कहा कि शांति तभी संभव है जब रूसी आक्रामकता को रोका जाए, उनके सैनिकों को वापस बुलाया जाए। यूक्रेन की क्षेत्रीय संप्रभुता का सम्मान किया जाए। उन्होंने कहा कि वह अप्रैल की शुरुआत में बीजिंग का दौरा करेंगे। फ्रांसिसी राष्ट्रपति ने कहा, तथ्य यह है कि चीन शांति प्रयासों में शामिल हो रहा है, यह एक अच्छी बात है।
फ्रांस का आग्रह- रूस को किसी भी हथियार की आपूर्ति न करे चीन
फ्रांस ने बीजिंग से रूस को किसी भी हथियार की आपूर्ति न करने का आग्रह किया और मॉस्को पर रासायनिक या परमाणु हथियारों का इस्तेमाल न करने के लिए दबाव डालने के लिए उनकी मदद मांगी। इससे एक दिन पहले चीन ने यूक्रेन में जारी संघर्ष के लिए राजनीतिक समाधान का आह्वान करते हुए 12 सूत्रीय दस्तावेज का प्रस्ताव दिया था।
बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको भी पहुंचेंगे बीजिंग
इस बीच, चीन के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको भी राजकीय दौरे पर 28 फरवरी को बीजिंग पहुंचेंगे। लुकाशेंको को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का करीबी सहयोगी माना जाता है। उन्होंने पहले यूक्रेन के खिलाफ रूस के विशेष सैन्य अभियान का समर्थन किया था। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने एक बयान में कहा कि (चीनी) राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको 28 फरवरी से 2 मार्च तक चीन की राजकीय यात्रा पर रहेंगे।