World News: अमेरिका के फ्लोरिडा के एक मॉल में फायरिंग, एक युवक की मौत, महिला घायल; बुरुंडी में 20 लोगों की मौत
अफ्रीकी देश बुरुंडी में कांगो स्थित एक विद्रोही समूह ने हमला कर दिया। हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। बुरुंडी सरकार के प्रवक्ता जेरोम नियोनजिमा ने एक बयान जारी कर बताया कि मृतकों में 12 बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं। इनमें से दो महिलाएं गर्भवती हैं।
विस्तार
अमेरिका के फ्लोरिडा शहर के एक मॉल में गोलीबारी हो गई। ओकाला पुलिस के प्रमुख माइक बाल्कन ने शनिवार शाम को बताया कि मध्य फ्लोरिडा के ओकाला स्थित पैडॉक मॉल में दोपहर करीब 3.40 बजे गोलीबारी हुई। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एक महिला घायल है। महिला के पैरों में गोली लगी है। बाल्कन का कहना है कि आरोपी हमले के बाद मौके से फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने के जांच मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
बुरुंडी पर कांगो के विद्रोही संगठन ने किया हमला, 20 की मौत
अफ्रीकी देश बुरुंडी में कांगो स्थित एक विद्रोही समूह ने हमला कर दिया। हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। बुरुंडी सरकार के प्रवक्ता जेरोम नियोनजिमा ने एक बयान जारी कर बताया कि मृतकों में 12 बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं। इनमें से दो महिलाएं गर्भवती हैं। बुरुंडियन सशस्त्र विद्रोही समूह रेड-तबारा ने एक्स पर हमले की जिम्मेदारी ली। विद्रोही समूह का दावा है कि उन्होंने किसी नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचाया है। बल्कि, एक पुलिस जवान और नौ सैनिकों की हत्या की है।
ट्विटर ने कर्मचारियों को लाखों डॉलर बोनस न देकर तोड़ा अनुबंध : जज
अमेरिका के एक संघीय जज ने कहा है कि एक्स कॉर्प के नाम से पहचानी जाने वाली कंपनी ट्विटर ने अपने कर्मचारियों को बोनस में लाखों डॉलर न देकर अनुबंध का उल्लंघन किया है। उसने कर्मियों से बोनस देने का वादा किया था, लेकिन इसके भुगतान में वह नाकाम रही।
मई में एलन मस्क की कंपनी छोड़ने से पहले ट्विटर के मुआवजा विभाग के वरिष्ठ निदेशक मार्क शोबिंगर ने अनुबंध के उल्लंघन का दावा करते हुए जून में ट्विटर पर मुकदमा दायर किया था। शोबिंगर ने आरोप लगाया कि अरबपति मस्क ने पिछले साल ट्विटर को खरीदने से पहले और बाद में, कर्मचारियों को 2022 में लक्ष्य बोनस का 50% देने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसका भुगतान नहीं किया गया।
सिंगापुर में कोविड-19 के मामले अब थमने के मिले संकेत: मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ओंग ये कुंग ने कहा है कि कोविड-19 की नई लहर में सिंगापुर में संक्रमण के मामले संभवत: चरम पर पहुंच चुके हैं, इसलिए मास्क पहनने को अनिवार्य करने जैसे अतिरिक्त उपायों को लागू करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, पिछले कुछ दिनों में संक्रमितों की अनुमानित संख्या घटी है। ऐसे संकेत हैं कि मामले थम गए हैं।
फ्रांस की नाइजर से सैन्य वापसी की प्रक्रिया पूरी, मदद का अंत
फ्रांस ने नाइजर से अपने सैनिकों को वापस बुलाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। नाइजर के नए सैन्य प्रशासन ने फ्रांस से अपने सैनिकों को देश से वापस बुलाने को कहा था। 22 दिसंबर को इस वापसी के साथ ही वर्षों से नाइजर को मिल रही जमीनी सैन्य मदद का भी अंत हो गया। इससे अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में जिहादी हिंसा के खिलाफ लड़ाई में बाधा पहुंचेगी। जुलाई में तख्तापलट के बाद देश के सैन्य शासन ने फ्रांस के साथ संबंध समाप्त कर दिए थे। नाइजर के सैन्य प्रशासन ने इस सहयोग समाप्ति को ‘एक नए युग’ की शुरुआत बताया।
अभिनेता चार्ली शीन को पीटने के आरोप में पड़ोसी गिरफ्तार
कैलिफोर्निया के मालिबू में अभिनेता चार्ली शीन को उनके घर में पीटने के आरोप में उनकी पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया है। लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग ने बताया, इलेक्ट्रा श्रॉक को धारदार हथियार से हमला करने के लिए गिरफ्तार किया गया है। महिला को शारीरिक रूप से चोट पहुंचाने और चोरी के आरोप में भी हिरासत में लिया गया। शीन के प्रतिनिधियों ने मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। शीन (58) को ‘टू एंड ए हाफ मैन’ में उनकी भूमिका के लिए जाना जाता है।
चीन में भूकंप से अब तक 148 की मौत
चीन में बीते सोमवार की देर रात आए भूकंप में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 148 हो गई है। स्थानीय अधिकारियों ने कड़ाके की ठंड के बीच राहत और बचाव कार्य चलाया था। इसके बाद पांच दिनों तक पुनर्निर्माण और पुनर्वास पर फोकस किया है। गांसू और किंगई प्रांत में आए इस भूंकप की तीव्रता 6.1 मापी गई थी। 18 दिसंबर की मध्यरात्रि को क्षेत्र में नौ साल में आया यह सबसे तेज भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई में आया था।
अफवाह रोकने को चीन में 34,000 ऑनलाइन खाते बंद
सामाजिक स्थिरता के नाम पर चीन में सुरक्षा अधिकारियों ने अप्रैल में एक कार्रवाई शुरू करने के बाद से अफवाहें फैलाने वाले 34,000 ऑनलाइन खातों को बंद कर दिया है। इस कार्रवाई में 6,300 से अधिक लोगों को दंडित किया गया है।
सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ली टोंग ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मंत्रालय ने 2024 तक ऑनलाइन अफवाहों पर एक साल की कार्रवाई जारी रखने का फैसला किया है। चीनी पुलिस ने 2023 में साइबर हिंसा से जुड़े ऑनलाइन स्मियरिंग, अपमान और गोपनीयता उल्लंघन जैसे मामलों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाए हैं।