US: पाम स्प्रिंग्स में फर्टिलिटी क्लिनिक के पास कार विस्फोट, एक की मौत; एफबीआई ने आतंकवादी हमला बताया
US: कैलिफोर्निया के पाम स्प्रिंग्स शहर में फर्टिलिटी क्लिनिक के पास धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई और क्लिनिक को भारी नुकसान पहुंचा। एफबीआई ने इसे 'जानबूझकर किया गया आतंकी कृत्य' बताया है। घटना में चार लोग घायल हुए और जांच अभी जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के पाम स्प्रिंग्स शहर में शनिवार को एक फर्टिलिटी क्लिनिक के बाहर जोरदार धमाका हुआ। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और क्लिनिक को गंभीर नुकसान पहुंचा। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने इसे 'जानबूझकर किया गया आतंकवादी कृत्य' बताया है।
एफबीआई लॉस एंजेलिस कार्यालय के प्रमुख अकील डेविस ने कहा कि क्लिनिक को जानबूझकर निशाना बनाया गया था, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि अधिकारी इस नतीजे तक कैसे पहुंचे। मृतक की पहचान अभी नहीं हुई है। डेविस ने यह नहीं बताया कि मृतक ही संदिग्ध था या नहीं। हालांकि उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी और संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है।
ये भी पढ़ें: मैक्सिको के सुरक्षा सलाहकार की गोली मारकर हत्या, अमेरिकी विदेशी मंत्रालय में भी कर चुके थे काम
डेविस ने यह भी बताया कि इस धमाके में चार लोग घायल हुए हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें आई चोटें कितनी गंभीर हैं। अधिकारियों को इस बात की भी जांच करनी है कि क्या इस धमाके का कहीं सीधा प्रसारण (इंटरनेट पर लाइवस्ट्रीम) किया गया था। एफबीआई ने घटनास्थल पर बम विशेषज्ञ और अन्य जांचकर्ता भेजे हैं।
इस मामले से जुड़े दो अधिकारियों ने बताया कि धमाके को कार बम विस्फोट के रूप में देखा जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा माना जा रहा है कि जो व्यक्ति मरा है, वही धमाके के लिए जिम्मेदार हो सकता है। हालांकि जांच अभी शुरुआती दौर में है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने कहा कि संघीय एजेंसियां जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा, ट्रंप प्रशासन महिलाओं और माताओं को अमेरिका की धड़कन मानता है। किसी फर्टिलिटी क्लिनिक पर हमला अक्षम्य है।
ये भी पढ़ें: Sagarmatha Sambaad: नेपाल में बोले विशेषज्ञ- पहाड़ मानवता की जीवन-रेखा, इनका संरक्षण विश्व समुदाय का कर्तव्य
एफबीआई ने सोशल मीडिया पर बताया कि जांचकर्ता, बम विशेषज्ञ और सबूत जुटाने वाली टीम घटनास्थल पर पहुंची है। इसके अलावा शराब, तंबाकू, हथियार और विस्फोटक मामलों की जांच करने वाला ब्यूरो (एटीएफ) भी मदद कर रहा है। पाम स्प्रिंग्स शहर ने बताया कि धमाका सुबह 11 बजे हुआ और लोगों से कहा गया कि वे नॉर्थ इंडियन कैन्यन ड्राइव और ईस्ट ताचेवाह ड्राइव के आसपास के इलाके से दूर रहें।
क्लिनिक में नहीं थे मरीज, सभी कर्मचारी सुरक्षित
अमेरिकन रिप्रोडक्टिव सेंटर फर्टिलिटी क्लिनिक के मालिक डॉ. महेर अब्दुल्ला ने बताया कि उनके क्लिनिक को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस को फोन पर इंटरव्यू में बताया कि उनका पूरा स्टाफ सुरक्षित और सही सलामत है। विस्फोट से उस कार्यालय को नुकसान हुआ जहां मरीजों से बातचीत होती है, लेकिन आईवीएफ लैब और वहां रखे गए सभी भ्रूण सुरक्षित हैं। अब्दुल्ला ने कहा, मुझे नहीं पता कि क्या हुआ, शुक्र है कि आज कोई मरीज नहीं था। घटनास्थल से आई तस्वीरों में क्लिनिक के पास एक जलती हुई कार दिखाई दी। विस्फोट ने इमारत की छत को ढहा दिया और सड़क के दूसरी तरफ मलबा फैला दिया।
पास के एक स्काईलार्ट होटल में काम करने वाले राइनो विलियम्स (47 वर्षीय) ग्राहकों से बातचीत कर रहे थे। विस्फोट की तुरंत बाद वह घटनास्थल की ओर दौड़ते हुए दिखाई दिए। उन्होंने धुएं का गुबार उठते हुए देखा और जलते हुए हुए प्लास्टिक और रबर की गंध महसूस की। उन्होंने देखा कि एक इमारत का हिस्सा उड़कर सड़क तक आ गया था और चारों तरफ मलबा फैला हुआ था। निमा तब्रिजी (37 वर्षीय) पास की एक कैनबिस डिस्पेंसरी में थे। उन्होंने कहा, यह विस्फोट ऐसा लगा जैसे बम फट गया हो....हम घटनास्थल पर गए और शव देखे। पाम स्प्रिंग्स एक खूबसूरत शहर है, जो लॉस एंजेलिस से लगभग दो घंटे की दूरी पर स्थित है और अपने लग्जरी रेस्तरां के लिए जाना जाता है।