Big News : बलोचिस्तान में धमाका, एक की मौत 20 घायल, पढ़ें कुछ अहम खबरें
बलोचिस्तान में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच अकसर झड़प होती रहती है और आत्मघाती तथा रिमोट से होने वाले धमाके आम बात हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में शुक्रवार को एक बाजार में बम धमाका हुआ। इसमें एक की मौत और कम से कम 20 लोग घायल हो गए। घटना बलोचिस्तान के कोहलू जिले के एक भीड़भाड़ वाले इलाके में मिठाई की दुकान पर हुई।
पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। बलोचिस्तान में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच अकसर झड़प होती रहती है और आत्मघाती तथा रिमोट से होने वाले धमाके आम बात हैं।
पाकिस्तान के सबसे बड़े निजी बैंक पर अल-कायदा की मदद का आरोप
पाकिस्तान में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े हबीब बैंक लिमिटेड पर अमेरिका ने अल-कायदा की मदद का आरोप लगाया है। डॉन की खबर के मुताबिक, बैंक ने 2010 से 2019 के बीच अफगानिस्तान में अल-कायदा को कई आतंकी हमलों की साजिश के लिए मदद दी या उकसाया, जिनमें 370 लोगों की मौत हो गई। उधर, बैंक ने कहा कि अमेरिकी कोर्ट में वह इन आरोपों का पूरी क्षमता से मुकाबला कर रहा है।
डॉन के मुताबिक, न्यूयॉर्क की अदालत ने 28 सितंबर को जारी आदेश में कहा कि बैंक आतंकवाद प्रायोजक के तौर पर पक्ष है। उसने जानबूझकर अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी साजिश रचने वाले लोगों को मदद दी। बैंक ने अपने ग्राहकों की मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का जानबूझकर उल्लंघन किया। उस पर लगे आरोप अमेरिका से निष्कासन के लिए काफी हैं। उधर, एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, इस खुलासे के बाद 370 लोगों ने बैंक पर क्षतिपूर्ति का दावा किया है।
पहली तिमाही में सरकार की देनदारी बढ़कर 146 लाख करोड़ रुपये हुई
सरकार की देनदारी पहली तिमाही में बढ़कर 145.72 लाख करोड़ रुपये हो गई। यह मार्च 2022 के अंत में 139.58 लाख करोड़ रुपये थी। तिमाही आधार पर यह वृद्धि 4.40 फीसदी है। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि जून 2022 के अंत में कुल सकल देनदारी में सार्वजनिक ऋण की हिस्सेदारी 88.3 फीसदी है जो मार्च 2022 के अंत में 88.1 फीसदी थी। केंद्र ने 2022-23 के लिए सकल राजकोषीय घाटा 16,61,196 करोड़ या जीडीपी का 6.4% आंका था। वहीं, 2021-22 के लिए संशोधित अनुमान 15,91,089 करोड़ रुपये था।
शारदा समूह की 69 संपत्तियां नीलाम होंगी
पूंजी बाजार नियामक सेबी ने शुक्रवार को कहा कि वह शारदा समूह की 69 संपत्तियों की निलामी एक नवंबर को करेगा। इसका आरक्षित मूल्य 30 करोड़ रुपये रखा गया है। एक नोटिस में सेबी ने कहा, शारदा ने 239 कंपनियों के समूह के साथ 17 लाख निवेशकों से 4,000 करोड़ जुटाए थे।
संस्थान भी बन सकेंगे दिवालिया पेशेवर
इंसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी बोर्ड ऑफ इंडिया (आईबीबीआई) ने दिवालिया पेशेवर कंपनियों को समाधान पेशेवर के रूप में काम करने को मंजूरी दे दी है। अभी तक सिर्फ व्यक्तिगत स्तर पर ही किसी पेशेवर को कर्ज समाधान पेशेवर के तौर पर पंजीकृत होने की मंजूरी मिली हुई थी।
120 अरब डॉलर का होगा इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात
इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 2025-26 तक बढ़कर 120 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। यह राज्य सरकारों के भागीदारी के कारण होगा। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण का मूल्य 70-75 अरब डॉलर है और 2025-26 तक इसका लक्ष्य 300 अरब डॉलर का रखा गया है।
47.64 लाख रुपये की क्रिप्टो मुद्रा व टीथर ईडी ने किया फ्रीज
ईडी ने मनी लॉन्डि्रग कानून (पीएमएलए) के तहत 47.64 लाख रुपये की आभासी मुद्रा क्रिप्टो और टीथर को फ्रीज किया है। ईडी ने मोबाइल गेमिंग एप्लिकेशन से जुड़े आमिर खान नामक शख्स की जांच के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया है। एजेंसी ने बताया, कोलकाता की पार्क स्ट्रीट पुलिस की ओर से फेडरल बैंक की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आमिर खान व अन्य के खिलाफ धन शोधन की जांच शुरू की गई थी।
ई-नगेट्स गेमिंग एप से ठगी
खान ने ई-नगेट्स के नाम से लोगों को ठगने के लिए मोबाइल गेमिंग एप बनाया था। इस एप के जरिये शुरू में तो मोबाइल गेम खेलने वालों को पैसे मिलते, लेकिन जब पर्याप्त राशि कंपनी के पास आ जाती, तो अचानक से किसी-न-किसी बहाने से पैसा मिलना बंद हो जाता। बाद में एप के सर्वर से सारा डाटा भी नष्ट कर दिया जाता था। खान के खिलाफ छापे में एजेंसी को 17.32 करोड़ रुपये बरामद हुए थे।
मीसा बंदियों को पेंशन देने के आदेश पर रोक
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगा दी है जिसमें राज्य सरकार को आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था अधिनियम (मीसा) के बंदियों को पेंशन देने का आदेश दिया गया था। जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस जेके माहेश्वरी की पीठ ने हाईकोर्ट के 25 जनवरी, 2022 के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर पेंशन लेने वाले 47 लोगों को नोटिस दिए। शीर्ष अदालत छत्तीसगढ़ सरकार की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। राज्य सरकार के मुताबिक हाईकोर्ट ने तकनीकी कारणों के आधार पर उसकी याचिका खारिज कर दी थी।
आईएएस अफसर ने उड़ाया था मजाक, अब छात्रा को एक साल तक मुफ्त मिलेंगे सेनेटरी पैड
भारतीय सेनेटरी पैड निर्माण कंपनी पैन हेल्थकेयर प्रा.लि. बिहार की स्कूल छात्रा रिया कुमारी को एक साल तक सेनेटरी पैड उपलब्ध कराएगी। पैड निर्माता कंपनी ने ये निर्णय पटना में हुई उस घटना के बाद लिया जिसमें वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने रिया का सार्वजनिक रूप से मजाक उड़ाया था। एक कार्यशाला में रिया ने आईएएस अधिकारी हरजोत कौर भामरा के समक्ष गरीब लड़कियों और झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं के लिए सस्ते सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के लिए कहा था। जवाब में भामरा ने ये कहते हुए रिया का मजाक उड़ाया था कि जब वह परिवार नियोजन की आयु प्राप्त कर लेंगी तो सरकार से निरोध (कंडोम) की भी मांग करेंगी।
तमिलनाडु पुलिस ने 7 चोलकालीन मूर्तियां व 2 तंजावुर चित्र जब्त किए
तमिलनाडु में सीआईडी की प्रतिमा शाखा ने करोड़ों रुपये कीमत की सात चोलकालीन मूर्तियां व 15वीं सदी के दो तंजावुर चित्र जब्त किए हैं। प्रतिमा शाखा के डीजीपी के जयंत मुरली ने बताया कि इन कलाकृतियों को जिस घर से जब्त किया गया है, उसके मालिक के पास इनके स्वामित्व के वैध दस्तावेज नहीं है। उन्होंने बताया कि कांसे की बनीं मूर्तियां भगवान कृष्ण, देवी पार्वती व बुद्ध की हैं। इसके अलावा कांच के फ्रेम में लगे चित्र यशोदा व तारा देवी के हैं।
सभी कलाकृतियों को एएसआई के सामने पेश किया जाएगा, ताकि निरीक्षण करने के बाद मूर्तियों को उन मंदिरों में पहुंचायी जा सकें जहां से इन्हें चुराया गया था। डीजीपी जयंत मुरली ने बताया कि मूर्ति व चित्र एक एनआरआई के घर में मिले, जो फिलहाल अमेरिका में है। घर के मालिक के मुताबिक कलाकृतियां उसे पैतृक संपत्ति के तौर पर मिली थीं। लेकिन, बिना वैध स्वामित्व दस्तावेज के कलाकृतियां रखना अवैध है, लिहाजा कलाकृतियों को चोरी की मानते हुए जब्त कर लिया गया।
सामूहिक दुष्कर्म में 4 नाबालिगों पर चलेगा वयस्कों की तरह मुकदमा
बीते मई में हुए जुबली हिल्स सामूहिक दुष्कर्म मामले में चार नाबालिगों पर वयस्कों के रूप में मुकदमा चलाया जा सकता है। किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) ने शुक्रवार को कहा कि अपराध की गंभीर प्रकृति को देखते हुए ये फैसला लिया जा सकता है। पांचवां आरोपी भी नाबालिग भी है, लेकिन उस पर नाबालिग के रूप में ही मुकदमा चलेगा क्योंकि उसके खिलाफ आरोप जघन्य नहीं है। मामले में पुलिस पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
28 मई को एक 17 वर्षीय लड़की के यौन उत्पीड़न में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। घटना के समय इनमें से एक आरोपी 18 वर्ष का और पांच कानूनन नाबालिग थे। सभी छह आरोपी अभी जमानत पर हैं। पीड़ित लड़की दिन के समय एक पब में गई थी। रास्ते में आरोपियों ने कथित तौर पर उसे एक बहुउद्देश्यीय वाहन (एमपीवी) में घर छोड़ने का प्रस्ताव देकर उसे लिफ्ट दी और गाड़ी में यौन हमला किया था।
आरएसएस को मिली 6 नवंबर को पथ संचलन की अनुमति
मद्रास हाईकोर्ट ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को 2 अक्तूबर की जगह 6 नवंबर को तमिलनाडु में 51 स्थानों पर पथ संचलन और जनसभाएं करने का निर्देश दिया। जस्टिस जीके इलांथिरैया ने अवमानना याचिका पर विचार करते हुए राज्य सरकार और पुलिस को निर्देश दिया कि 31 अक्तूबर तक इस कार्यक्रम की अनुमति दें और कोर्ट को भी अवगत कराया जाए।
यात्रा ही अभिव्यक्ति का जरिया, बाकी सभी मंच विपक्ष के लिए बंद : राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जनता तक पहुंचने के लिए पार्टी के पास बचा एकमात्र विकल्प है। क्योंकि अभिव्यक्ति के अन्य सभी मंच विपक्ष के लिए बंद कर दिए गए हैं। यात्रा शुक्रवार को तमिलनाडु के गुडालुर से कर्नाटक के चामराजनगर पहुंची। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय संविधान को बचाना और भाजपा और संघ की नफरत और हिंसा की विचाराधारा के खिलाफ खड़े होना है। राहुल ने कहा कि यह यात्रा संविधान को बचाने के लिए है। संविधान के बिना इस तिरंगे का कोई अर्थ नहीं है।
मानसून : देश में औसत से 6 प्रतिशत अधिक हुई बारिश
देश के मानसून सीजन जून-सितंबर के दौरान सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में अधिक वर्षा हुई जबकि पूर्वी और उत्तरी राज्यों में बारिश अपेक्षाकृत कम हुई है। भारत में पूरे वर्ष में होने वाली कुल बारिश का 75 प्रतिशत भाग मानसून सीजन में प्राप्त होता है। यह पूरे देश की लगभग आधी कृषि भूमि की सिंचाई जरूरतों को पूरा कर देती है। ये जानकारी मौसम विभाग के कार्यालय ने दी है। विभाग ने पहले पूरे सीजन में सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया था।