Pakistan: इमरान खान ने FIR को बताया हास्यास्पद, कहा- मौत का खतरा भी मेरे संघर्ष को रोक नहीं सकता
प्राथमिकी तब दर्ज की गई जब सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पंजाब सरकार को इमरान खान पर हत्या के प्रयास में 24 घंटे के भीतर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी हत्या की कोशिश के मामले में दर्ज प्राथमिकी को हास्यास्पद करार देते हुए मंगलवार को कहा कि वह अपने वकीलों के जरिए अपना पक्ष रखेंगे। पंजाब पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी जिसमें नवीद मोहम्मद बशीर को मामले का मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कहा कि बशीर को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया था। एक इकबालिया वीडियो में बशीर ने कहा कि उसने इमरान खान पर इसलिए हमला किया क्योंकि वह जनता को गुमराह कर रहे थे। प्राथमिकी में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह और पाकिस्तान के एक वरिष्ठ सेना अधिकारी मेजर जनरल फैसल नसीर, तीनों के नामों का उल्लेख नहीं है, जिन पर इमरान खान ने उअपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
इमरान बोले, मौत का खतरा भी मेरे संघर्ष को रोक नहीं सकता
इमरान खान ने ट्विटर पर कहा, हास्यास्पद प्राथमिकी के मुद्दे पर मेरे वकील अपना पक्ष रखेंगे। मैंने अपने पूरे जीवन में अपने देश को एक समृद्ध कल्याणकारी राज्य के रूप में देखने का सपना देखा और मेरा संघर्ष इस सपने को अपने देश के लिए साकार करने के लिए रहा है। आज मेरा देश मेरे न्याय, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय संप्रभुता के सपने के साथ खड़ा है। जब हम अपने लक्ष्य के इतने करीब होते हैं तो कोई भी डर या मौत का खतरा मेरे संघर्ष को रोक नहीं सकता है। हमारा शांतिपूर्ण विरोध और संवाद केवल पाकिस्तान की हकीकी आजादी के लिए है। खान ने कहा कि पाकिस्तान के भविष्य के लिए उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के दरवाजे सभी लोकतांत्रिक ताकतों के संघर्ष में शामिल होने के लिए खुले हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया एफआईआर दर्ज करने का आदेश
प्राथमिकी तब दर्ज की गई जब सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पंजाब सरकार को इमरान खान पर हत्या के प्रयास में 24 घंटे के भीतर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। रविवार को खान ने कहा था कि उनकी हत्या के प्रयास पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है क्योंकि अधिकारी तब तक मामला दर्ज करने से इनकार कर रहे हैं जब तक कि वह शिकायत से सेना के जनरल का नाम नहीं हटाते। 70 वर्षीय पीटीआई प्रमुख को पिछले गुरुवार को दाहिने पैर में गोली लग गई थी, जब दो बंदूकधारियों ने शहबाज शरीफ सरकार के खिलाफ एक विरोध मार्च का नेतृत्व करने के दौरान पंजाब प्रांत के वजीराबाद इलाके में उन पर और अन्य पर गोलियां चलाई थीं।
पूछताछ के दौरान बशीर ने इमरान खान के कंटेनर पर गोलियां चलाने की बात स्वीकार की। बशीर ने जांचकर्ताओं से कहा कि उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि इमरान खान देश को गुमराह कर रहे हैं और उन्होंने ईशनिंदा भी की थी। हालांकि, पुलिस का मानना है कि बशीर एक ड्रग एडिक्ट है और घटना के संबंध में उसके बयान संदिग्ध हैं।
पाक पीएम ने प्रधान न्यायाधीश से इमरान पर हमले की जांच के लिए आयोग गठित करने को कहा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को प्रधान न्यायाधीश उमर अता बंदियाल को पत्र लिखकर अपने इमरान खान की हत्या के प्रयास की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग गठित करने का अनुरोध किया। उन्होंने पत्र में लिखा है कि आयोग में सर्वोच्च न्यायालय के सभी उपलब्ध न्यायाधीश शामिल हों।
पत्र में, पीएम शरीफ ने सुझाव दिया कि आयोग कुछ प्रमुख सवालों पर ध्यान केंद्रित करे, जिसमें इमरान खान के काफिले को सुरक्षा प्रदान करने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियां जिम्मेदार थीं, क्या सुरक्षा प्रोटोकॉल और अन्य मानक संचालन प्रक्रियाएं लागू थीं और क्या इन प्रोटोकॉल का पालन किया गया था।