{"_id":"6691b6fa965e6cf2e80dafb4","slug":"european-union-says-blue-tick-of-x-like-fraud-with-customers-anyone-can-get-it-by-paying-money-2024-07-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"EU: ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी जैसा है एक्स का ब्लू टिक, यूरोपीय संघ ने कहा- पैसे देकर कोई भी पा सकता है","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
EU: ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी जैसा है एक्स का ब्लू टिक, यूरोपीय संघ ने कहा- पैसे देकर कोई भी पा सकता है
Sat, 13 Jul 2024 04:36 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Sat, 13 Jul 2024 04:36 AM IST
सार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ईयू के डिजिटल सेवा कानून (डीएसए) के मुताबिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के लिए जरूरी पारदर्शिता और जवाबदेही संबंधी जरूरतों को भी पूरा नहीं करता है।
विज्ञापन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : एएनआई
विस्तार
यूरोपीय संघ (ईयू) ने शुक्रवार को कहा कि एलन मस्क की कंपनी एक्स के ब्लू टिक ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी जैसे हैं, क्योंकि ये पूरी तरह भ्रामक हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ईयू के डिजिटल सेवा कानून (डीएसए) के मुताबिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के लिए जरूरी पारदर्शिता और जवाबदेही संबंधी जरूरतों को भी पूरा नहीं करता है।
विज्ञापन
यूरोपीय संघ के नए सोशल मीडिया नियमों के प्रभावी होने के बाद से यह किसी टेक कंपनी के खिलाफ पहला आरोप है। डीएसए के नियमों का एक व्यापक सेट है, जिसके तहत ऑनलाइन प्लेटफार्मों को उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और अपनी वेबसाइटों को साफ करने के लिए जिम्मेदारी लेनी होती है। अनुपालन नहीं करने पर भारी जुर्माने का भी प्रावधान है। 27 देशों के समूह ईयू ने डीएसए के तहत एक्स के खिलाफ की गई अपनी जांच के प्रारंभिक निष्कर्षों में एक्स के ब्लू टिक पर निशाना साधते हुए कहा कि ये एक तरह का डार्क पैटर्न बनाते हैं, जो उद्योग के सर्वोत्तम अभ्यास के अनुरूप नहीं हैं। इसके अलावा इनका उपयोग दुर्भावना के साथ काम करने वाले आसमाजिक तत्वों द्वारा उपयोगकर्ताओं को धोखा देने के लिए किया जा सकता है।
विज्ञापन
एक्स ने नहीं दिया अब तक कोई जवाब
एलन मस्क ने 2022 में एक्स (पहले ट्विटर) को खरीदने के बाद ब्लू टिक सत्यापन के लिए लिए प्रति माह 8 डॉलर भुगतान की मांग की, जिसके बाद हर कोई ब्लू टिक हासिल कर पाता है। पहले ब्लू टिक सत्यापन एक बैज की तरह था जो सिर्फ मशहूर हस्तियों, राजनेताओं और अन्य प्रभावशाली लोगों के ट्विटर खातों के लिए आरक्षित था। हालांकि, इस पूरे मामले में एक्स की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। वहीं, यूरोपीय आयुक्त थिएरी ब्रेटन ने कहा कि एक्स को लेकर हमारा प्रारंभिक दृष्टिकोण यह है कि एक्स उपयोगकर्ताओं को धोखा दिया जा रहा है और डीएसए का उल्लंघन हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन पारदर्शिता से जुड़े नियमों के उल्लंघन का भी आरोप
इतना ही नहीं यूरोपीय आयुक्त ब्रेटन ने एक्स पर विज्ञापन पारदर्शिता से जुड़े नियमों के उल्लंघन का भी आरोप लगाया है। ब्रेटन के मुताबिक डीएसए के तहत किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को चलाए गए सभी डिजिटल विज्ञापनों का एक डाटाबेस प्रकाशित करना होता है, जिसमें यह विवरण शामिल होता है कि उनके लिए किसकी तरफ से कितना भुगतान किया गया और लक्षित दर्शक कौन हैं। लेकिन, एक्स के डाटाबेस में इस तरह की पारदर्शिता नहीं है। इन सबके बावजूद फिलहाल एक्स के खिलाफ कोई जुर्माना या दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।