Twitter: एलन मस्क बोले- ट्विटर इंटरनेट पर सबसे दिलचस्प प्लेटफॉर्म, यहां आपको वह मिलता है जिसके लिए पे करते हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्विटर पर 'ब्लू टिक' के लिए मासिक शुल्क लेने की योजना की घोषणा करने के एक दिन बाद माइक्रोब्लॉगिंग साइटके नए मालिक एलन मस्क ने कहा कि इंटरनेट पर ट्विटर सबसे दिलचस्प प्लेटफॉर्म है और यहां आपको वह मिलता है जिसके लिए आप भुगतान करते हैं। मस्क ने बुधवार को ट्वीट किया, "ट्विटर इंटरनेट पर सबसे दिलचस्प जगह है। इसलिए आप अभी इस ट्वीट को पढ़ रहे हैं।"
Twitter is simply the most interesting place on the Internet. That’s why you’re reading this tweet right now.
— Elon Musk (@elonmusk) November 2, 2022
इससे पहले उन्होंने ट्वीट किया था, "एक साथ दाएं और बाएं दोनों तरफ से हमला किया जाना एक अच्छा संकेत है" और "आपको वह मिलता है जिसके लिए आप भुगतान करते हैं"। ट्विटर के मालिक बनते ही मस्क ने कई बड़े बदलाव करना शुरू किया। सबसे बड़े बदलाव के रूप में ब्लू सब्सक्रिप्शन के लिए पेड सुविधा को शामिल करना है। मस्क ने घोषणा की है कि ऐसे उपयोगकर्ता जिनके नाम के सामने सत्यापित 'ब्लू टिक' है, जो ट्विटर अकाउंट को प्रमाणित करता है, उनसे हर महीने आठ डॉलर (करीब 660 रुपये) का शुल्क लिया जाएगा। मस्क की इस घोषणा के बाद लंबे समय के कुछ उपयोगकर्ताओं में आक्रोश और अविश्वास पैदा हो गया है।
शीर्ष अधिकारियों को किया बर्खास्त
बता दें कि दुनिया के सबसे अमीर शख्स मस्क ने 28 अक्तूबर को 44 बिलियन अमेरिकी डॉलर के सौदे में ट्विटर का अधिग्रहण किया था। मस्क ने ट्विटर की कमान संभालते ही ट्विटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पराग अग्रवाल समेत कई शीर्ष अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया। मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) नेड सेगल को भी बर्खास्त किया गया था। अब मस्क अकेले ही 'बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स' की जिम्मेदारी संभालेंगे। पराग अग्रवाल, नेड सेगल, विजया गाड्डे समेत ट्विटर के शीर्ष अधिकारी एलन मस्क के लंबे समय से निशाने पर थे। इनके व मस्क के बीच ट्विटर के अधिग्रहण के पहले से तनातनी व जुबानी जंग जारी थी। यही कारण रहा कि मस्क ने इस सोशल मीडिया साइट का अधिग्रहण करते ही सबसे पहले इनकी छुट्टी की।
डाउनवोट फीचर
मस्क द्वारा ट्विटर खरीदते ही डाउनवोट फीचर को जारी किया गया है। नए डाउनवोट फीचर को पोस्ट के लिए नहीं बल्कि पोस्ट के रिप्लाई के लिए पेश किया गया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स को आपत्तिजनक भाषा और गैर जरूरी कमेंट से निपटने में मदद मिलेगी। इस फीचर को खासकर यूजर्स के ट्वीट पर कंट्रोल बढ़ाने के लिए पेश किया गया है। इस फीचर की खास बात यह है कि डाउनवोट सार्वजनिक नहीं होंगे और उन्हें फ्रंट-एंड पर काउंट भी नहीं किया जा सकेगा। वही कंपनी का वादा है कि डाउनवोट निजी रहेंगे, ये वोट सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। इस फीचर को एंड्रॉयड और आईओएस दोनों के लिए पेश किया गया है।
ट्वीट एडिट फीचर
ट्विटर ने Tweet Edit फीचर की सबसे पहले अमेरिका और दूसरे देशों के सेलेक्टेड यूजर्स के लिए शुरुआत की थी। इस फीचर को 30 अक्तूबर से भारत में भी कुछ सिलेक्टेड यूजर्स के लिए जारी किया गया है। फीचर के तहत यूजर्स अपने ट्वीट को पोस्ट करने के 30 मिनट के भीतर ही और केवल पांच बार ही एडिट कर सकेंगे। 30 मिनट के बाद यूजर्स अपने ट्वीट को एडिट नहीं कर सकेंगे।
स्पष्ट प्रक्रिया के बाद ही ट्विटर पर बहाल होंगे प्रतिबंधित खाते
टि्वटर के नए मालिक एलन मस्क ने बुधवार कहा कि जब तक माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म के पास स्पष्ट प्रक्रिया नहीं होगी, तब प्रतिबंधित खातों को बहाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, ऐसी प्रक्रिया बनाने में कुछ और हफ्ते लगेंगे। उनकी टिप्पणी तब आई है, जब अमेरिका मध्यावधि चुनाव की तैयारी कर रहा है। पिछले महीने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मस्क की प्रशंसा करते हुए कहा था कि माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म अब समझदार हाथों में है।
हालांकि, यह नहीं बताया कि वह उस मंच पर वापसी करना चाहते हैं, जिसने जनवरी 2021 में कैपिटल हिल दंगों के बाद उन पर प्रतिबंध लगा दिया था। पूर्व में मस्क ने कहा था कि ट्विटर को उपयोगकर्ताओं को स्थायी रूप से प्रतिबंधित नहीं करना चाहिए। वह ट्रंप पर प्रतिबंध को उलट देंगे, लेकिन उनके इस ट्वीट से लगता है कि ट्रंप को अभी वापसी के लिए इंतजार करना पड़ेगा।