अमेरिकी कारोबार को नुकसान पहुंचा रहा भारत, व्यापार पर मोदी से करूंगा बात : ट्रंप
अपने पहले भारत दौरे से चार दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शिकायती लहजे में कहा है कि कई साल से ऊंचे शुल्क लगाकर भारत हमारे कारोबार को काफी नुकसान पहुंच रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपने पहले भारत दौरे से चार दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शिकायती लहजे में कहा है कि कई साल से ऊंचे शुल्क लगाकर भारत हमारे कारोबार को काफी नुकसान पहुंच रहा है। ट्रंप ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी से अमेरिकी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए कारोबारी बातचीत करूंगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि उनके दो दिनी इस दौरे में बड़ा कारोबारी समझौता भी हो सकता है।
24-25 फरवरी को अहमदाबाद, आगरा और दिल्ली की यात्रा पर आ रहे ट्रंप ने कोलोराडो में कीप अमेरिका ग्रेट रैली में कहा, मैं अगले हफ्ते भारत जा रहा हूं और हम कारोबार पर बातचीत करेंगे। हम थोड़ी सी सामान्य बातचीत करेंगे फिर थोड़ा कारोबार के बारे में बात होगी। भारत हम पर ऊंचा शुल्क थोपता है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। इससे हमें नुकसान हो रहा है।
ट्रंप ने लास वेगास में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उम्मीद जताई कि हम भारत जा रहे हैं और वहां बड़ा समझौता कर सकते हैं। हो सकता है कि इसकी प्रक्रिया धीमी हो, मगर हम चुनाव के बाद इसमें तेजी लाएंगे। मेरा मानना है कि यह भी हो सकता है। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि लोग पसंद करें या न करें, हमारे लिए अमेरिका फर्स्ट की नीति सबसे ऊपर है। गौरतलब है कि ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि हम भारत से व्यापार सौदा कर सकते हैं, लेकिन अभी नहीं, मैं इसे बाद के लिए बचा रहा हूं।
दोनों देशों में यह फंस रहा है पेच
भारत : प्राथमिकता की सामान्य प्रणाली (जीएसपी) के तहत स्टील और एल्युमिनियम उत्पादों पर अमेरिका की ओर से लगाए जाने वाली ऊंची शुल्क दरों में छूट की मांग करता रहा है, ताकि कृषि, ऑटोमोबाइल, ऑटो उपकरणों और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों के अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार पा सके।
अमेरिका : खेती-विनिर्माण, डेयरी-मेडिकल उत्पादों के भारतीय बाजार पर बड़ी पहुंच बनाने के लिए भारत की ओर से आयात पर ऊंचे शुल्क लगाए जाने में कटौती की मांग करता रहा है। अमेरिका ने भारत से ऊंचे कारोबारी घाटे पर भी चिंता जताई है, जो 2018-19 में 16.9 अरब डॉलर रहा था।
बाकी दुनिया के मुकाबले महज तीन फीसदी कारोबार
वस्तुओं और सेवाओं के मामले में अमेरिका का भारत से द्विपक्षीय कारोबारी समझौता उसके दुनिया के अन्य देशों से कारोबार का केवल तीन फीसदी है। कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, कारोबारी रिश्तों के लिहाज से भारत के लिए अमेरिका ज्यादा मुफीद रहा है।
2018 में निर्यात के मामले में यूरोपीय यूनियन (17.8 फीसदी) के बाद अमेरिका (16 फीसदी) रहा। वहीं, आयात के मामले में चीन (14.6 फीसदी), यूरोपीय यूनियन (10.2 फीसदी) के बाद अमेरिका (6.3 फीसदी) रहा। वस्तुओं एवं सेवाओं के मामले में भारत अमेरिका का आठवां सबसे बड़ा करोबारी भागीदार है।
भारत आ रहा पूरा ट्रंप परिवार, बेटी-दामाद भी साथ
पहली बार पूरा ट्रंप परिवार किसी विदेशी दौरे में एकसाथ जा रहा है। ट्रंप अपने पहले भारत दौरे पर पत्नी मेलानिया के साथ 24-25 फरवरी को भारत आएंगे। उनके साथ बेटी इवांका भी आएंगी। वह अमेरिका की उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगी। इवांका और दामाद जेरेड कुश्नर अमेरिकी राष्ट्रपति के सलाहकार हैं। इवांका, नवंबर 2017 में हैदराबाद आई थीं। वहां उन्होंने पीएम मोदी के न्योते पर एक कार्यक्रम में भागीदारी की थी।