सेहत खराब: चेक गणराज्य के राष्ट्रपति चुनाव के एक दिन बाद अस्पताल में भर्ती, पढ़ें दो अन्य महत्वपूर्ण खबरें
मधुमेह से पीड़ित जेमान को कुछ दिन पहले से अस्पताल से छुट्टी मिली थी। उन्हें 14 सितंबर, 2021 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
विस्तार
चेक गणराज्य के राष्ट्रपति मिलोस जेमान (77) को संसदीय चुनाव के एक दिन बाद रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह भी ऐसे वक्त में, जब नई सरकार बनाने में उनकी अहम भूमिका है। चेक गणराज्य में राष्ट्रपति को देश का नया प्रधानमंत्री चुनने का अधिकार है।
प्राग के सैन्य अस्पताल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जेमान को राष्ट्रपति आवास से यहां लाया गया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने वाले डॉक्टर के जल्द उनकी सेहत के बारे में जानकारी देने की संभावना है।
दरअसल, मधुमेह से पीड़ित जेमान को कुछ दिन पहले से अस्पताल से छुट्टी मिली थी। उन्हें 14 सितंबर, 2021 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके कार्यालय ने इसे पहले से तय जांच बताया था।
इससे पहले रविवार को जेमान ने लैनी में अपने करीबी सहयोगी प्रधानमंत्री आंद्रे बाबिस से मुलाकात की थी। शनिवार को बाबिस की अगुवाई वाली एएनओ मूवमेंट पार्टी बेहद कम अंतर से संसदीय चुनाव हार गई थी। पढ़ें विदेश की अन्य खबरें....
ब्रिटिश एयरवेज में अब नहीं सुनाई देगा लेडीज एंड जेंटलमेन
ब्रिटिश एयरवेज की उड़ानों में 'लेडीज एंड जेंटलमेन' (देवियों और सज्जनों) सुनने को नहीं मिलेगा। कंपनी ने अपने पायलटों और केबिन कर्मियों को इस संबोधन से बचने के लिए खास निर्देश जारी किए हैं।
एयरवेज के मुताबिक, लिंग-भेद से बचने के लिए ऐसा फैसला किया है। लुफ्थांसा, इजीजेट और एयर कनाडा सहित प्रमुख एयरलाइनों ने पहले ही लिंग रहित शब्द इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था।
ऑस्ट्रेलियाई एयरलाइन कंटास ने 2018 में कर्मचारियों को लिंग बताने वाले शब्दों के इस्तेमाल रोकने को कहा था। अमेरिकी डेल्टा एयरलाइन में उड़ान के दौरान घोषणाओं में भी यही भाषा इस्तेमाल करने वाली है।
ईरान ने 120 किलो यूरेनियम संवर्धित किया
ईरान ने करीब 120 किलोग्राम यूरेनियम 20 प्रतिशत संवर्धित कर लिया है। यह दावा ईरान के परमाणु कार्यक्रम प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने किया। यह आंकड़ा संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था के पिछले महीने किए गए 84.3 किलोग्राम के दावे से कहीं अधिक है।
उल्लेखनीय है कि परमाणु समझौते के तहत ईरान यूरेनियम को 3.67 प्रतिशत से अधिक संवर्धित नहीं कर सकता था। अमेरिका ने 2018 में यह डील इकतरफा निर्णय के तहत अपनी ओर से खत्म कर दी थी। एक परमाणु बम बनाने के लिए इसे 90 प्रतिशत संवर्धित करना होता है।