Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   bangladesh-pm-tarique-rahman-accuses-awami-league-destabilising-country-Sheikh-Hasina

बांग्लादेश में बढ़ी हिंसा: पीएम तारिक रहमान ने शेख हसीना पर लगाए आरोप, कहा- अवामी लीग के लोग फैला रहे अशांति

Fri, 20 Nov 2026 01:34 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, ढाका
पीटीआई, ढाका Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Fri, 20 Nov 2026 01:34 AM IST
सार

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग पर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर हिंसा और आगजनी करने वालों को जवाब देने की अपील की। अवामी लीग के देशव्यापी बंद के दौरान कई जिलों में आगजनी, बम विस्फोट और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। 

विज्ञापन
bangladesh-pm-tarique-rahman-accuses-awami-league-destabilising-country-Sheikh-Hasina
बांग्लादेशी प्रधानमंत्री तारिक रहमान - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर आतंकवाद, हत्या, आगजनी और चुनाव में धांधली की राजनीति को फिर से शुरू करने की कोशिश करने वालों को जवाब देने की अपील की।
विज्ञापन


भारत की सीमा से सटे उत्तर-पश्चिमी इलाके लालमोनिरहाट में गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए रहमान ने आरोप लगाया कि अवामी लीग के समर्थक अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा ले रहे हैं। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब शेख हसीना की पार्टी की ओर से बुलाए गए देशव्यापी बंद के दौरान कई इलाकों में हिंसा हुई।
विज्ञापन


पीएम रहमान ने की हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ एकजुट होने की अपील
सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, रहमान ने कहा कि देश के लोग जबरन गायब किए जाने, हत्याओं, आगजनी, आतंकवाद और मतदान के अधिकार छीनने वाली राजनीति की ओर लौटना नहीं चाहते। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर हिंसा फैलाने वालों को ऐसा जवाब देने की अपील की, जिससे वे दोबारा देश और उसके नागरिकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न कर सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन


सात जिलों में करीब तीन हजार अर्धसैनिक बल तैनात
हिंसा की घटनाओं के बाद बांग्लादेश के सात जिलों में करीब तीन हजार अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया। कई इलाकों में आगजनी, देसी बम विस्फोट और तोड़फोड़ की घटनाओं के कारण परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं।

रहमान ने आरोप लगाया कि अवामी लीग की सरकार ने देश व जनता के हितों की अनदेखी की और सीमा पार अपने आकाओं के हितों की सेवा की। हालांकि, उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता से हटने और देश छोड़ने के बाद भी पार्टी के लोग आगजनी और हत्याओं की राजनीति कर रहे हैं।

भारत में रह रही हैं शेख हसीना
79 वर्षीय शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हटाए जाने के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत चली गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं। अवामी लीग ने गुरुवार को सुबह से शाम तक देशव्यापी बंद का आह्वान किया था। यह बंद सरकार की ओर से हसीना को पासपोर्ट देने से इनकार करने के बाद बुलाया गया। हसीना ने दिसंबर में स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटने की योजना जताई थी।

यह बंद उस विशेष न्यायाधिकरण के फैसले की बरसी के दिन भी हुआ, जिसने पिछले साल हसीना को उनकी सरकार के कार्यकाल में प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों और न्यायाधिकरण की कार्यवाही को खारिज किया है।

पूर्व अंतरिम प्रमुख के घर में आगजनी
बढ़ी हुई सुरक्षा के बावजूद चटगांव में संदिग्ध अवामी लीग कार्यकर्ताओं ने पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। गोपालगंज के काशियानी में प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस थाने, एक सांसद के आवास और उनके रिश्तेदारों तथा समर्थकों के कई घरों में आग लगा दी। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

ढाका में सुबह होने से पहले देसी बम विस्फोट हुए। वहीं, नारायणगंज, मयमनसिंह और राजशाही में अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात लोगों ने खड़ी पांच बसों और एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक, राजधानी में हिंसा की घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए।

बंद से पहले चार लोगों की हत्या
देशव्यापी बंद से पहले हुई अलग-अलग घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो नेता भी शामिल थे। इससे पहले प्रधानमंत्री रहमान ने बीएनपी के सांसदों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर सक्रिय रहने को कहा था। उन्होंने अवामी लीग के कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय खुद मौजूद रहने की अपील की थी।


हसीना के प्रत्यर्पण पर भारत से आग्रह
इस बीच, बांग्लादेश ने भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि के तहत शेख हसीना को वापस भेजने की मांग दोहराई है। यह मांग हसीना की ओर से स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटकर कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताए जाने के बावजूद की गई है। हसीना के सत्ता से हटने के बाद मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया था। 12 फरवरी को हुए चुनाव के बाद सत्ता में आई बीएनपी की सरकार ने भी इस प्रतिबंध को बरकरार रखा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed