ईरान के उपराष्ट्रपति को हुआ कोरोनावायरस, भारत ने तेहरान जाने वाले विमानों को निलंबित किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोनावायरस के केंद्र चीन के वुहान इलाके में फंसे भारतीयों को लाने के लिए गया भारतीय वायुसेना का विमान गुरुवार सुबह लौट आया है। वही जापान के तट पर खड़े क्रूज डायमंढ शिप में फंसे भारतीयों सहित विदेशी नागरिकों को वापस भारत लाया गया है। जिसमें से 16 भारतीय इस जानलेवा वायरस की चपेट में हैं। वहीं सभी को स्वास्थ्य के मद्देनजर 14 दिनों के लिए हरियाणा में मौजूद भारतीय सेना के मानेसर स्थित संगरोध सुविधा केंद्र भेजा गया है। जानिए अब तक का अपडेट...
ईरान के उपराष्ट्रपति को हुआ कोरोनावायरस
वहीं, ईरान के उपराष्ट्रपति मासूमेह इब्तेकार भी कोरोनावायरस के शिकार हो गए हैं। बताया गया है कि उपराष्ट्रपति के कोरोनावायरस से पीड़ित होने के बाद उन्हें अन्य लोगों से अलग रखा गया है। दूसरी ओर, ईरान में घातक कोरोना वायरस के संक्रमण के 245 पुष्ट मामलों में 26 लोगों की मौत हो गई है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता किनोश जहांपौर ने कहा कि और प्रयोगशाला में वायरस के संक्रमण की जांच की जा रही है।
वहीं, चीन में महामारी बन चुके कोरोनावायरस से बुधवार को 29 और लोगों की मौत से इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,744 हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बताया कि 29 जनवरी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब इस विषाणु से एक दिन में इतने कम लोग मारे गए हैं। इससे पहले 29 जनवरी को कोरोना वायरस के कारण 26 लोग मारे गए थे।
आयोग ने बताया कि बुधवार को इसके 433 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 24 के अलावा सभी हुबेई प्रांत में सामने आए हैं, जिसकी राजधानी वुहान से पिछले साल दिसंबर से यह वायरस फैलना शुरू हुआ था। देश में अभी इसके कुल 78,500 मामले हैं।
इसके नए मामलों में पिछले कुछ सप्ताह से हालांकि गिरावट आ रही है। हुबेई में अब भी इसका प्रकोप जारी है लेकिन चीन के बाकी शहरों में धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौट रहा है। फिलहाल सभी स्कूल बंद हैं।
भारत ने निलंबित की ईरान जाने वाली सभी उड़ाने
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कोरोनावायरस को देखते हुए ईरान से संचालित होने वाले सभी विमानों को निलंबित कर दिया है। महान एयर और ईरान एयर ईरान से भारत के बीच संचालित होती है।
श्रीलंका ने भारत को कहा शुक्रिया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने जापान में योकोहामा तट के पास एक जहाज पर सवार श्रीलंका के दो नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए गुरुवार को भारत को शुक्रिया कहा है।
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने जापान में योकोहामा तट के पास एक जहाज पर सवार श्रीलंका के दो नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए बृहस्पतिवार को भारत को शुक्रिया कहा है।
एयर इंडिया के एक विमान से बृहस्पतिवार को 119 भारतीयों को वापस लाया गया। भारतीय नागरिकों के साथ जिन विदेशियों को वहां से वापस लाया गया उनमें श्रीलंका के दो और नेपाल, दक्षिण अफ्रीका तथा पेरू का एक-एक नागरिक शामिल है। बयान में कहा गया है, 'प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी), भारत सरकार को आभार कि उन्होंने नागरिकों को सुरक्षित निकाला।'
पाकिस्तान ने ईरान जाने वाले विमानों को रद्द किया
पाकिस्तान ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने ईरान जाने वाले सभी विमानों की उड़ानों को रद्द कर दिया है। बताया गया है कि हाल ही में ईरान से लौटे सैकड़ों लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें दो लोग कोरोनावायरस से पीड़ित पाए गए। इसके बाद सरकार ने यह कदम उठाया है।
उड्डयन मंत्रालय के संयुक्त सचिव अब्दुल सत्तार खोकार ने कहा कि एविएशन डिवीजन ने पाकिस्तान और ईरान के बीच 27 और 28 फरवरी की मध्यरात्रि से लेकर अगली सूचना तक सभी सीधी उड़ानों को बंद करने का फैसला किया है।
दक्षिण कोरिया में कोरोनावायरस के 1,766 मामले सामने आए
दक्षिण कोरिया में कोरोनावायरस के 171 नए मामले सामने आने के बाद इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर गुरुवार को 1,766 हो गई। देश के रोग नियंत्रण एवं बचाव केंद्र ने बताया कि दक्षिण पूर्वी शहर दाएगू में इसके 115 नए मामले सामने आए हैं, जहां इसके अभी कुल 1,100 मामले सामने आ चुके हैं। देश में अभी तक इससे 13 लोगों की जान भी जा चुकी है।
इस बीच, अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेना ने अपने आगामी संयुक्त अभ्यास को गुरुवार को स्थगित कर दिया। ‘कम्बाइंड फोर्सेज कमांड’ ने कहा कि वायरस को लेकर सियोल के बेहद गंभीर स्तर का अलर्ट घोषित करने के बाद यह निर्णय किया गया। उसने कहा कि अगला नोटिस जारी किए जाने तक इसे स्थगित किया जाता है।
कोरोनावायरस से वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर पर पड़ सकता है 250 अरब डॉलर का प्रभाव: उद्योग मंडल
अग्रवाल ने कहा कि कोरोनावायरस के लगातार फैलने से वैश्विक वृद्धि में 0.3 फीसदी का असर पड़ सकता है। यह 250 अरब डॉलर से अधिक बैठता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत को खोयी हुई बाजार हिस्सेदारी फिर से प्राप्त करने के लिये अपनी आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करनी चाहिए ...।
उन्होंने कहा कि चीन वैश्विक व्यापार में बड़ा देश है और वस्तुओं के कुल वैश्विक निर्यात में उसका योगदान करीब 13 फीसदी है। मुख्य रूप से अमेरिका, हांगकांग, जापान, कोरिया, वियतनाम, जर्मनी, भारत, नीदरलैंड समेत अन्य देशों को निर्यात किया जाता है। वैश्विक व्यापार पर प्रभाव पड़ने से वैश्विक अर्थव्यवस्था की वृद्धि संभावना कमजोर होगी।
अग्रवाल ने कहा कि औषधि, सौर ऊर्जा और लोहा तथा इस्पात क्षेत्रों को कोरोनावायरस के कारण चीन से कच्चे माल के आयात को लेकर बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस समय हमें घरेलू खपत मांग और क्षमता बढ़ाने की जरूरत है ताकि वैश्विक व्यापार पर कोरोनावायरस के संभावित प्रभाव को कम किया जा सके।
पीएचडीसीसीआई के अध्यक्ष डी के अग्रवाल ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति के बाधित होने से न केवल चीन का निर्यात प्रभावित होगा बल्कि आयातक देशों के निर्यात भी प्रभावित होंगे। इसका कारण कच्चे माल और मध्यवर्ती वस्तुओं का बड़ा हिस्सा चीन से आयात होता है और उससे अंतिम वस्तु तैयार कर दूसरे देशों को निर्यात किया जाता है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंडल पीएचडीसीसीआई ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोरोनावायरस के फैलने से वैश्विक वृद्धि पर 0.3 फीसदी यानी 250 अरब डॉलर तक का असर पड़ सकता है।
सऊदी अरब ने धार्मिक यात्राओं पर अस्थायी प्रतिबंध
सऊदी अरब ने अपने यहां कोरोनावायरस के प्रसार पर रोक लगाने के लिए धार्मिक यात्राओं पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक इसके तहत मक्का, मदीना में हजरत मोहम्मद की कब्र पर जाने पर भी रोक लगाई गई है।
छह महाद्वीपों पर पहुंचा कोरोनावायरस
कोरोनावायरस के कदम अब धरती के सभी आवासीय महाद्वीपों पर पहुंच गए हैं। एशिया महाद्वीप से प्रकोप शुरू करने वाले इस वायरस ने बुधवार को अब तक अछूते रहे अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका के देशों में दस्तक दे दी। अफ्रीका के अल्जीरिया और दक्षिण अमेरिका के ब्राजील में एक एक मामला सामने आया है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप, उत्तर अमेरिका में इसके मामले सामने आ चुके हैं। सर्वाधिक पीड़ित एशिया महाद्वीप है और इसके बाद यूरोप दूसरे पायदान पर है।
अब जागा अमेरिका, नागरिकों से कहा अलर्ट रहें
कोरोना को लेकर अभी तक कोई खास कदम नहीं उठाने वाले अमेरिका ने अब आखिरकार मोर्चा खोल दिया है। अमेरिका के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने देशवासियों को अलर्ट करते हुए कहा कि अमेरिका में कोरोनावायरस के फैलने की आशंका है और इससे निपटने के लिए तैयारियां शुरू करनी होंगी। इससे पहले अमेरिका की कोशिश देश में कोरोनावायरस के प्रवेश को रोकने की ही थी पर इस ताजा एलान से साफ हो गया है कि उसके रुख में बदलाव आया है।
सीडीसी प्रमुख डॉ. नैंसी मेस्सोनियर ने यहां कहा कि दूसरे देशों में कोरोना के मामलों ने हमारी चिंताएं बढ़ा दी हैं। अब देखना यह है कि कोरोना यहां कब पहुंचा और कितना फैलता है। इसलिए कारोबारियों, स्कूलों और परिवारों को इस बात पर विचार शुरू कर देना चाहिए कि इस वायरस के उन तक पहुंचने का संभावित असर क्या होगा।
सैन फ्रांसिस्को ने कोरोनावायरस को लेकर लोकल इमरजेंसी का एलान कर दिया है। मेयर लंदन ब्रीड ने एक बयान में कहा कि यह कदम कोरोना से निपटने की तैयारियों में तेजी और लोगों में जागरूकता का स्तर बढ़ाने के लिए उठाया गया है। हालांकि यहां कोई भी व्यक्ति इस रोग से संक्रमित नहीं मिला है। उधर दक्षिण कोरिया में बने अमेरिकी सैन्य अड्डे के एक अमेरिकी सैनिक कोरोना से संक्रमित पाया गया है।
चीन में कोरोना संबंधित अपराधों में चार हजार से अधिक जेल में
चीन में कोरोना से जुड़े अपराधों के लेकर ही 4,260 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। प्रशासन ने कोरोना से संबंधित करीब 22 हजार आपराधिक मामलों की जांच की है पर अपराधों का ब्योरा नहीं दिया। चीन ने हाल ही में कानून बनाया था कि अगर कोई कोरोना नियंत्रण में बाधा पहुंचाता है तो उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।