वुहान में पीएलए ने भेजे आठ मालवाहक विमान, बांग्लादेश ने वीजा देने पर लगाई रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके वुहान में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने मदद के लिए एयरफोर्स के आठ बड़े मालवाहक विमान भेजे हैं। इन विमानों में सेना के 795 मेडिकल कर्मचारी और 58 टन राहत सामग्री और दवाइयां हैं।
ये आठ मालवाहक विमान लगातार इन इलाकों में जरूरी सामान और स्वास्थ्यकर्मियों को लाने ले जाने का काम कर रहे हैं। वुहान के अलावा अन्य प्रभावित शहरों में भी इसके जरिये हर तरह की मदद पहुंचाई जा रही है।
इससे पहले 2008 और 2010 में आए भूकंप के दौरान भी बड़े मालवाहक जहाजों का इस्तेमाल हुआ था, लेकिन इस बार ये सबसे बड़े और ज्यादा संख्या में इस्तेमाल हो रहे हैं। बेशक इससे जाहिर होता है कि कोरोना के खतरे से निपटने के लिए चीन किस तत्परता और गंभीरता से लगा है।
बांग्लादेश ने चीनी नागरिकों को वीजा देने पर लगाई रोक
वहीं बांग्लादेश ने चीन से आने वाले नागरिकों के लिए तात्कालिक तौर पर वीजा ऑन अराइवल सेवा बंद कर दी है। बांग्लादेश सरकार ने अधिकारियों से कहा है कि जब तक कोरोना वायरस का असर खत्म नहीं हो जाता, बांग्लादेश के किसी भी प्रोजेक्ट के लिए चीनी नागरिकों को वीजा न दिया जाए।
बांग्लादेश के विदेश मंत्री ए के अब्दुल मोमेन ने कहा है कि सरकार ने बांग्लादेश में काम करने वाले चीनी नागरिकों से अनुराध किया गया है कि वे फिलहाल कोई छुट्टी न लें, साथ ही बांग्लादेश ने चीनी नागरिकों की नई नियुक्तियों पर भी फिलहाल रोक लगा दी है।
यह एक एहतियाती कदम के तौर पर है, हालांकि जरूरी मेडिकल सर्टिफिकेट के साथ चीनी नागरिक वीजा के लिए आवेदन दे सकते हैं।
गौरतलब है कि भारत ने भी चीन से आने वालों के लिए ई-वीजा देने की प्रक्रिया फिलहाल बंद कर दी है। कोरोना वायरस से अब तक चीन में करीब 400 लोगों की जान जा चुकी है और इसका असर अमेरिका, ब्रिटेन और भारत समेत 25 से ज्यादा देशों में नजर आ रहा है।