फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Canadian forest Fire choked american cities, know why the people of two countries are suffocating

Canada Fire: आग कनाडा के जंगलों में लगी, धुंध अमेरिका में छाई, जानें दो देशों के लोगों का दम क्यों घुट रहा

Thu, 08 Jun 2023 06:48 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Thu, 08 Jun 2023 06:48 PM IST
विज्ञापन
सार
पूर्वी कनाडा में लगी आग के कारण उत्तरी अमेरिका के शहरों में धुआं और धुंध छा गया है। धुंध की वजह से न्यूयार्क में स्थिति बेहद खराब हो गई है, इसके कई इलाकों में आसमान गहरे नारंगी रंग का हो गया है। न्यूयॉर्क बुधवार को दुनिया में सबसे खराब हवा की गुणवत्ता वाला शहर रहा। 
loader
Canadian forest Fire choked american cities, know why the people of two countries are suffocating
कनाडा में जगल की आग - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

कनाडा इन दिनों भीषण जंगली आग की लपटों से घिरा हुआ है। आग इतनी खतरनाक है कि इसका असर दक्षिण की ओर स्थित पड़ोसी देश अमेरिका तक पहुंच गया है। इसकी वजह से अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर और अन्य क्षेत्रों में गहरे नारंगी रंग की धुंध छा गई है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों के लिए चेतावनी जारी की है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से फोन पर बात की है। 

आग की चपेट में अमेरिका-कनाडा
आग की चपेट में अमेरिका-कनाडा - फोटो : AMAR UJALA
कनाडा में क्या हुआ है?
कनाडा इस समय सबसे खराब जंगली आग से लड़ रहा है। कनाडियन नेशनल फायर डाटाबेस के अनुसार, देश का 3.8 मिलियन हेक्टेयर क्षेत्र जंगली आग की चपेट में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरे कनाडा में 400 से अधिक सक्रिय आग जल रही है, जिनमें से 246 नियंत्रण से बाहर हैं।

सबसे खराब स्थिति क्यूबेक प्रान्त की है जहां 154 जगह आग जल रही हैं। यही वजह है कि क्यूबेक ने लोगों के निकासी का आदेश दिया है। ओटावा में हवा की गुणवत्ता को 10+ श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। पर्यावरण कनाडा के वायु गुणवत्ता स्वास्थ्य सूचकांक पर यह सबसे खराब स्तर है जो बहुत उच्च जोखिम दर्शाता है। 

प्राकृतिक संसाधन विभाग में उत्तरी वानिकी केंद्र के महानिदेशक माइक नॉर्टन ने बताया कनाडा ने इस साल अब तक 2,214 जंगलों में लगी आग देखी है। इनमें 30 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र जल गया है। 

 

आग लगने की वजह क्या है?
कनाडा में इस महीने की शुरुआत में बिजली गिरने से कुछ जगह आग लगी। वहीं, इसके अल्बर्टा, नोवा स्कोटिया और क्यूबेक प्रांतों में इस साल रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ी जिसने आग में घी का काम किया है। कनाडा की प्राकृतिक संसाधन एजेंसी ने जलवायु परिवर्तन को आग की गतिविधियों में वृद्धि का कारण माना है। इसके साथ ही एजेंसी ने अनुमान लगाया है कि हर साल आग की चपेट में आने वाले क्षेत्र सदी के अंत तक दोगुने हो सकते हैं। 2022 में, संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम ने पाया था कि जलवायु परिवर्तन ने जंगल में लगने वाली आग को पहले से ही बदतर बना दिया है। संयुक्त राष्ट्र ने इस तरह की घटनाएं बढ़ने की भी चेतावनी दी थी। 

आग की चपेट में अमेरिका-कनाडा
आग की चपेट में अमेरिका-कनाडा - फोटो : SOCIAL MEDIA
आग कनाडा में लेकिन अमेरिका में धुंध क्यों?
पूर्वी कनाडा में लगी आग के कारण उत्तरी अमेरिका के शहरों में धुआं और धुंध छा गया है। धुंध की वजह से न्यूयार्क में स्थिति बेहद खराब हो गई है, इसके कई इलाकों में आसमान गहरे नारंगी रंग का हो गया है। न्यूयॉर्क बुधवार को दुनिया में सबसे खराब हवा की गुणवत्ता वाला शहर रहा। कनाडा के पूर्वी प्रांत नोवा स्कोटिया के तट पर आए तूफानों की वजह से धुआं अमेरिका में आ गया है।

आग की चपेट में अमेरिका-कनाडा
आग की चपेट में अमेरिका-कनाडा - फोटो : AMAR UJALA
न्यूयॉर्क में कब तक धुआं रहेगा?
एक्यूवेदर के अनुसार, न्यूयॉर्क क्षेत्र में कम से कम शुक्रवार तक धुंध छाया रह सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हवा की गुणवत्ता उतनी ही खराब होगी या नहीं। यूएस नेशनल वेदर सर्विस के मौसम पूर्वानुमान में कहा गया कि अमेरिका पर धुएं का प्रभाव जल्द कमजोर हो जाएगा क्योंकि जेट स्ट्रीम (पृथ्वी के ऊपर चलने वाली हवा की तेज धाराएं) कमजोर हो जाती है। इसके अलावा मौसम बदलने से भी राहत मिल सकती है उधर भले ही कनाडाई आग जारी रहे।

धुंध से नुकसान क्या हो सकते हैं?
अमेरिका के राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, वायु प्रदूषकों के संपर्क में आना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। इससे सिरदर्द, आंखों में जलन, सांस लेने में कठिनाई, सीने में दर्द, थकान और गले में जलन हो सकती है। अस्थमा, फेफड़ों की बीमारी या हृदय रोग जैसी स्वास्थ्य समस्याओं वाले व्यक्तियों में लक्षण बढ़ सकते हैं। बुजुर्ग, बच्चे और इम्युनोकॉम्प्रोमाइज्ड (जिनकी रोग प्रतिरोधी क्षमता कमजोर होती है) लोगों को अधिक खतरा हो सकता है।

बाइडन ट्रूडो
बाइडन ट्रूडो - फोटो : SOCIAL MEDIA
स्थिति से निपटने के लिए क्या किया जा रहा है?
बोस्टन, न्यूयॉर्क और फिलाडेल्फिया सहित अन्य राज्यों के 11 करोड़ से अधिक अमेरिकियों के लिए वायु गुणवत्ता सलाह जारी की गई है। अधिकारियों ने निवासियों से घर के अंदर रहने और बाहर जाने पर उच्च गुणवत्ता वाले मास्क पहनने का आग्रह किया।
 
न्यूयॉर्क के अधिकारियों ने भी जोखिम को कम करने के लिए निवासियों को खिड़कियां बंद करने और एयर प्यूरीफायर का उपयोग करने की सलाह दी है। इसके साथ ही शहर के बाहरी इलाकों में स्थित स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

उधर कनाडा की बात करें तो अब इसकी मदद के लिए कई देश सामने आ रहे हैं। फ्रांस और अमेरिका से सैकड़ों अतिरिक्त अग्निशामक देश में सहायता के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा, यह अतिरिक्त सहायता के लिए कोस्टा रिका, पुर्तगाल और चिली के साथ बातचीत कर रहा है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से फोन पर बात की है और उन्हें मदद का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed