Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   bangladesh-chinese-nationals-livestreaming-uttara-dhaka-vloggers-live-streaming-disinformation-about-india-why

भारत को बदनाम करने की साजिश रच रहा चीन?: रिपोर्ट में दावा- ढाका को दिल्ली बता रहे चीनी व्लॉगर्स; उठ रहे सवाल

Mon, 09 Nov 2026 01:24 PM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 09 Nov 2026 01:24 PM IST
सार

ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों में करीब 150 चीनी नागरिकों के वीडियो बनाने और उन्हें नई दिल्ली का बताकर लाइव प्रसारित करने का मामला सामने आया है। बांग्लादेशी मीडिया की जांच के मुताबिक, कुछ व्लॉगर स्थानीय घरों, दुकानों और रहन-सहन को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।

विज्ञापन
bangladesh-chinese-nationals-livestreaming-uttara-dhaka-vloggers-live-streaming-disinformation-about-india-why
बांग्लादेशी न्यूज साइट का दावा- भेजे 150 सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

बांग्लादेश की राजधानी ढाका की गरीब बस्तियों में चीनी नागरिकों के वीडियो बनाने और उन्हें भारत का बताकर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। ढाका के समाचार पत्र प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 150 चीनी नागरिक ढाका के अलग-अलग इलाकों में लाइवस्ट्रीमिंग कर रहे हैं।
विज्ञापन


इन वीडियो में वे स्थानीय रहन-सहन को भारत की स्थिति बताकर दिखाते हैं और भारतीयों के जीवन स्तर को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करते हैं। इस गतिविधि ने आशंका पैदा की है कि कहीं यह भारत के खिलाफ किसी दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा तो नहीं है।
विज्ञापन


चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कर रहे लाइव स्ट्रीम
प्रोथोम आलो ने 6 नवंबर को प्रकाशित अपनी जांच रिपोर्ट में बताया कि चीनी नागरिक टेकपारा और उत्तरा की संकरी गलियों में वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। इसके बाद इन वीडियो को चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव दिखाया जाता है। प्रसारण के दौरान इन जगहों को भारत की राजधानी नई दिल्ली का हिस्सा बताया जाता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की गतिविधि सामने आई है। मई में ढाका के मीडिया संस्थान द बिजनेस स्टैंडर्ड ने भी टेकपारा जैसे कम आय वाले इलाकों में चीनी व्लॉगर्स के वीडियो बनाने की जानकारी दी थी। 

नई दिल्ली बताकर दिखाए जा रहे बांग्लादेश के इलाके
प्रोथोम आलो ने उत्तरा के सेक्टर 12 और टेकपारा में चीनी नागरिकों की लाइवस्ट्रीमिंग की जांच की। अखबार ने उनकी टिप्पणियों का गूगल ट्रांसलेट से अनुवाद कराया और चीनी भाषा जानने वाले बांग्लादेश के चार लोगों से इसकी पुष्टि भी कराई।
रिपोर्ट के अनुसार, 'मियांमियां' ने लाइव प्रसारण के दौरान कहा, “यह नई दिल्ली है। यहां के घर बेहद गंदे हैं। टिन की छत वाले घरों में पंखा तक नहीं है। यह जगह काफी पिछड़ी, गंदी और अस्वच्छ है। यहां कानून-व्यवस्था की स्थिति भी खराब है।”

वहीं, टेकपारा में चाय की दुकानों पर रिकॉर्डिंग कर रहे 'वांग वेई' नाम के चीनी नागरिक ने स्थानीय लोगों की चाय को लेकर आपत्तिजनक दावा किया। प्रोथोम आलो के मुताबिक, उसने लाइवस्ट्रीम में कहा, “देखिए, ये लोग चाय पी रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि यह किस तरह की चाय है? यह गाय के पेशाब से बनी चाय है। ये लोग गाय के पेशाब वाली चाय पीते हैं।”

चीनी नागरिक कर रहे अजीबोगरीब दावे
रिपोर्ट में कुछ चीनी महिलाओं के दावों का भी उल्लेख है। वे लाइवस्ट्रीमिंग के दौरान कह रही थीं कि उन्होंने भारत में शादी की है और अपने पति तथा परिवार के साथ यहां रहती हैं। 

जांच के दौरान पता चला कि ये चीनी नागरिक वीचैट और डॉयिन जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो प्रसारित कर रहे हैं। डॉयिन चीन में इस्तेमाल होने वाला टिकटॉक जैसा प्लेटफॉर्म है। 'फांगयू' नाम के एक चीनी नागरिक ने प्रोथोम आलो को बताया कि ये वीडियो उत्पादों के प्रचार के लिए बनाए जा रहे हैं। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस काम के लिए टेकपारा और उत्तरा जैसे इलाकों को ही क्यों चुना गया।

कई महीनों से जारी है वीडियो बनाने का सिलसिला
ढाका में चीनी नागरिकों की यह गतिविधि किसी एक-दो वीडियो तक सीमित नहीं है। द बिजनेस स्टैंडर्ड ने 28 मई को प्रकाशित रिपोर्ट में टेकपारा की घनी आबादी वाली बस्तियों में चीनी व्लॉगर्स की मौजूदगी का जिक्र किया था। रिपोर्ट में बताया गया कि ये लोग कूलिंग फैन लगे आईफोन का इस्तेमाल कर रहे थे। इससे उनके लंबे समय तक वीडियो रिकॉर्ड करने की बात सामने आई।

अखबार ने चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बिलिबिली और यूकू पर मौजूद वीडियो की भी समीक्षा की। इसमें पाया गया कि बांग्लादेश में रिकॉर्ड किए गए कई वीडियो का अंदाज एक जैसा था। उनके शीर्षकों में गरीब, गंदा और झुग्गी-बस्ती जैसे शब्द शामिल थे। वीडियो में गरीब बांग्लादेशियों की जिंदगी दिखाई जाती थी और व्लॉगर्स खुद को जरूरतमंद लोगों की मदद करने वाले व्यक्ति के तौर पर पेश करते थे।

बांग्लादेश के एक अन्य समाचार संस्थान कलेर कंठो ने 6 जुलाई को प्रकाशित रिपोर्ट में उत्तरा के सेक्टर 12 में चीनी नागरिकों की बढ़ती संख्या पर ध्यान दिलाया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में इनकी मौजूदगी बढ़ी थी और वे लगातार इलाके में वीडियो बना रहे थे।

चीनी नागरिकों को लेकर क्या बोले स्थानीय लोग?
एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हम उनकी भाषा नहीं समझते और न ही जानते हैं कि वे क्या कह रहे हैं। हमें नहीं पता कि वे यहां क्यों आते हैं। हम उन्हें टेकपारा रोड पर घूमते और वीडियो बनाते हुए देखते हैं।” एक अन्य व्यक्ति ने कहा, “वे पिछले तीन-चार महीनों से लगातार ऐसा कर रहे हैं। हर दुकान में जाते हैं और वीडियो रिकॉर्ड करते हैं। हमें नहीं पता कि उनकी असली योजना क्या है।”

स्थानीय लोगों की निजता को लेकर भी चिंता
इस पूरे मामले में सिर्फ जगह की गलत पहचान का मुद्दा ही नहीं है, बल्कि स्थानीय निवासियों की निजता और उनकी सहमति का सवाल भी उठ रहा है। प्रोथोम आलो और द बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्टों में दावा किया गया कि कुछ चीनी व्लॉगर बिना अनुमति लोगों के घरों में दाखिल होकर रिकॉर्डिंग कर रहे थे।

प्रोथोम आलो को स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ व्लॉगर्स घरों के अंदर और यहां तक कि बाथरूम तक में वीडियो बनाने पहुंच गए थे। द बिजनेस स्टैंडर्ड ने भी रसोई और अन्य निजी स्थानों में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोपों का उल्लेख किया था।

पैसे देकर लोगों को बरगला रहे चीनी नागरिक
दोनों समाचार पत्रों की रिपोर्ट में बांग्लादेश की कुछ महिलाओं के चीनी नागरिकों की मदद करने की बात भी सामने आई। प्रोथोम आलो के मुताबिक, एक स्थानीय गाइड ने बताया कि वह इन लोगों की सहायता करने के बदले रोजाना 700 से 800 टका कमाती थी। वहीं, द बिजनेस स्टैंडर्ड ने कुछ महिलाओं को 500 से 1,000 टका तक भुगतान किए जाने की जानकारी दी।

कलेर कंठो की रिपोर्ट में एक और घटना का जिक्र किया गया। इसके मुताबिक, एक चीनी नागरिक ने वहां पहुंचे बांग्लादेशी पत्रकार को देखकर किसी व्यक्ति को फोन किया। बाद में फोन स्थानीय दवा दुकान के मालिक को दिया गया। कथित तौर पर दूसरी ओर से मौजूद व्यक्ति ने दुकानदार से पत्रकारों के फोन नंबर लेने और उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहने को कहा।

पुलिस को जानकारी, लेकिन गतिविधियों का मकसद साफ नहीं
लगातार हो रही रिकॉर्डिंग के बावजूद चीनी नागरिकों की इस गतिविधि का वास्तविक उद्देश्य अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रोथोम आलो के मुताबिक, उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी ने स्वीकार किया कि पुलिस ने इलाके में चीनी नागरिकों को वीडियो बनाते देखा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें इसके पीछे का कारण नहीं पता। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


क्या भारत के खिलाफ दुष्प्रचार की कोशिश हो रही है?
बांग्लादेश के इलाकों को भारत का बताकर दिखाना और भारतीयों के रहन-सहन पर अपमानजनक टिप्पणियां करना इस मामले को सामान्य वीडियो निर्माण से अलग बनाता है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इन वीडियो के जरिए चीनी दर्शकों के बीच भारत की नकारात्मक छवि बनाने की कोशिश की जा रही है? क्या यह किसी संगठित दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा है या फिर अलग-अलग कंटेंट क्रिएटर अपने स्तर पर ऐसा कर रहे हैं?
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed