फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   As Supreme Court expresses on prostitution legality know Countries Where Prostitution is Legal news in hindi

Prostitution Legality: कहीं मौत की सजा, कहीं कारोबार के लिए कंपनियां, जानें वेश्यावृत्ति पर दुनिया में क्या नियम?

Thu, 26 May 2022 10:57 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Thu, 26 May 2022 10:57 PM IST
विज्ञापन
सार
वेश्वयावृत्ति को दुनिया के सबसे पुराने पेशों में देखा जाता है। चूंकि कई बार इसे सिर्फ और सीधे तौर पर पैसे के लेन-देन के बदले यौन संबंधों से जोड़कर देखा जाता है, इसलिए अलग-अलग देशों में इस पेशे को नफरत भरी निगाहों से देखा गया है। 
loader
As Supreme Court expresses on prostitution legality know Countries Where Prostitution is Legal news in hindi
दुनियाभर में क्या है वैश्यावृत्ति को लेकर कानून। - फोटो : iStock

विस्तार

सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़े व अहम फैसले के तहत देश में वेश्यावृत्ति को वैध करार दिया है। उसने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस इसमें दखलंदाजी नहीं कर सकती और न ही सहमति से यह कार्य करने वाले सेक्स वर्करों के खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकती है। शीर्ष कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि सेक्स वर्कर भी कानून के समक्ष सम्मान व बराबरी के हकदार हैं। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से लिया गया यह फैसला काफी अहम करार दिया जा रहा है, खासकर समाज में बराबरी के हक के विवाद के बीच। इस बीच यह जानना भी अहम है कि आखिर पूरी दुनिया में वेश्यावृत्ति को लेकर देशों का क्या रुख है और कहां-कहां इसे वैध करार दिया गया है। 


क्या है वेश्यावृत्ति को लेकर कानूनी पक्ष?
वैश्वयावृत्ति को दुनिया के सबसे पुराने पेशों में देखा जाता है। चूंकि कई बार इसे सिर्फ और सीधे तौर पर पैसे के लेन-देन के बदले यौन संबंधों से जोड़कर देखा जाता है, इसलिए अलग-अलग देशों में इस पेशे को नफरत भरी निगाहों से देखा गया है। इसी के चलते अधिकतर देशों में वेश्यावृत्ति को बैन किया गया है, हालांकि कुछ देश ऐसे भी हैं, जहां इसे कानूनन वैध करार दिया गया है। यहां तक कि सेक्स वर्कर्स को स्वास्थ्य लाभ और सामाजिक योजनाओं के तहत फायदे भी पहुंचाए जाते हैं। ऐसे में हम आपको बताएंगे कि किन देशों में वेश्यावृत्ति वैध है, किन देशों में इस पर पूरी तरह पाबंदी है और कहां इसे सीमित तौर पर वैध कहा गया है और उन देशों में इसके लिए कानूनन क्या शर्तें हैं? 


पहला वर्ग- वे देश जहां वेश्यावृत्ति वैध है

1. जर्मनी
जर्मनी में वेश्यावृत्ति पूरी तरह वैध, संगठित और टैक्स के दायरे में आने वाला पेशा है। यानी पूरी दुनिया में जर्मनी में यह प्रोफेशन सबसे ज्यादा प्रगतिशील है। जर्मनी में तो वेश्यावृत्ति के लिए कोठों और विज्ञापन देने का सिस्टम भी लागू है। इसके अलावा वेश्यावृत्ति के इस बिजनेस में एचआर कंपनियों का भी इस्तेमाल होता है, जो इससे जुड़ी नौकरियों निकालती हैं। 2017 में जर्मनी ने प्रॉस्टिट्यूट्स प्रोटेक्शन एक्ट पास किया था, जिसके तहत वैश्याओं के कानूनी अधिकारों की रक्षा की जाती है। हालांकि, इससे जुड़े व्यापारों के लिए सरकार की इजाजत जरूरी है। इसके अलावा इस पेशे में शामिल वैश्याओं के पास रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी होना अनिवार्य है।

2. मेक्सिको
मेक्सिको में संघीय कानून के तहत वेश्यावृत्ति वैध है। देश के सभी 31 राज्यों में अपने-अपने वेश्यावृत्ति कानून हैं। इनमें से 13 में तो वेश्यावृत्ति को नियमित भी किया गया है। कई राज्यों ने अपने शहरों में टोलरेंस जोन बनाए हैं, जो कि वहां के रेड लाइट एरिया की तरह काम करते हैं। हालांकि, मेक्सिको में कई राज्यों ने वेश्यावृत्ति पर नियंत्रण पर रोक लगाई है। यानी वैश्याओं के लिए न तो कोई उपभोक्ता जुटाने वाला रखा जा सकता है, न ही उनकी कमाई से किसी को हिस्सा मिलेगा। 

3. इंडोनेशिया
इंडोनेशिया पीनल कोड के तहत वेश्यावृत्ति देश में वैध है, लेकिन इसी कानून के तहत वेश्यावृत्ति में बेहूदापन, महिलाओं के व्यापार और किसी सेक्स वर्कर से मिलने वाली कमाई को किसी और को दिया जाना प्रतिबंधित है। देश की सेक्स इंडस्ट्री को चलाने के लिए कई स्थानीय नियम और अधिनियम भी हैं। इसके तहत देश में यौनश्रम पर रोक है, जबकि कोठों पर भी सीमित प्रतिबंध लागू हैं। 

4. न्यूजीलैंड
यहां साल 2003 में वेश्यावृत्ति को कानूनी मान्यता दी गई। इसके लिए बकायदा सार्वजनिक स्वास्थ्य और रोजगार कानून के तहत वेश्यालयों को लाइसेंस जारी किया जाता है। यानी सेक्स वर्कर्स को दूसरे कर्मचारियों की तरह ही रोजगार से संबंधित सामाजिक लाभ हासिल है। हालांकि, देश में 1981 का एक कानून खुलेआम तौर पर सेक्स वर्कर्स की ओर से अभद्रता को बैन करता है और इसके लिए उनकी गिरफ्तारी तक हो सकती है। 

5. सिंगापुर
सिंगापुर में पैसे के बदले यौन संबंध बनाने का यह पेशा गैरकानूनी नहीं है। हालांकि, सेक्स वर्कर्स को लेकर कई तरह की पाबंदियां जरूर हैं। कानून के तहत सार्वजनिक स्थलों पर वैश्याओं की सौदेबाजी बैन है। इसके अलावा वेश्यावृत्ति पर जीवन यापन के लिए निर्भरता को भी बैन किया गया है। इसके अलावा सिंगापुर में वेश्यावृत्ति के ठिकाने कहे जाने वाले कोठे भी बैन हैं। 

6. ऑस्ट्रिया
यहां वेश्यावृत्ति पूरी तरह कानूनी है। सेक्स वर्कर्स की सेहत का भी विशेष रूप से ख्याल रखा जाता है। सबसे पहले उनका रजिस्ट्रेशन होता है और फिर समय-समय पर उनके सेहत की जांच भी होती है। इस पेशे के लिए उम्र की सीमा कम से कम 19 साल है, जबकि देश के दूसरे कर्मचारियों की तरह सेक्स वर्कर्स भी अपनी कमाई का एक हिस्सा सरकार को टैक्स के रूप में देती हैं। हालांकि, इन सब के बीच एक बड़ी समस्या मानव तस्करी और जबरन वेश्यावृत्ति की है।

7. ब्राजील
ब्राजील में वेश्यावृत्ति को कानूनी मान्यता है। लेकिन यहां वेश्यालय चलाना या सेक्स वर्कर को कर्मचारी के तौर पर रखना गैरकानूनी है। यहां बच्चों का वेश्यावृत्ति में शामिल होना सबसे बड़ी चिंता की बात है। माना जाता है कि इस देश में 2.5 लाख से 5 लाख बच्चे वेश्यावृत्ति का हिस्सा हैं।

8. ग्रीस 
ग्रीस में भी वेश्यावृत्ति को कानूनी तौर पर वैध माना गया है। अन्य लोगों की तरह यहां सेक्स वर्कर्स को अपना मेडिकल बीमा भी करवाना होता है। यहां यौन कर्मियों को रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है। 

9. इक्वाडोर
दूसरी तरफ इक्वाडोर में सेक्स वर्क से संबंधित सबकुछ कानूनी है। यहां वेश्यावृत्ति करना, अपना शरीर बेचना, चकला घर चलाना सबकुछ वैध है। लेकिन अगर किसी से जबरन वेश्यावृत्ति कराई जाती है तो इसके खिलाफ सख्त कानून है।

10. नीदरलैंड्स
देह व्यापार में एम्सटर्डम का रेड लाइट एरिया दुनिया का सबसे मशहूर इलाका है। जहां बाकी देशों में लोग छिप-छिपाकर रेड लाइट एरिया में जाते हैं। तो वहीं एम्सटर्डम में यहां आने वाले खुलेआम घूमते हैं। यहां इसे टूरिज्म के लिहाज से भी अहम कहा जाता है।

दूसरा वर्ग- सीमित रूप से वैध वेश्यावृत्ति?

1. ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया में वेश्यावृत्ति को पूरी तरह मान्यता नहीं है। यहां राज्यों ने अपने हिसाब से इसके लिए अलग-अलग नियम लागू किए हैं। यानी कुछ इलाकों में इसे कानूनी मान्यता हासिल है, जबकि कुछ राज्यों में इसे गैरकानूनी माना गया है। यहां भी वेश्यालय के लिए लाइसेंस की व्यवस्था है।

2. कनाडा
वेश्यावृत्ति को लेकर कनाडा में साल 2014 में नया कानून लागू किया गया। इसके तहत देश में वेश्यावृत्ति को तो कानूनी अधिकार मिला, लेकिन इसकी खरीद को गैरकानूनी माना गया। यानी अगर कोई चाहे तो वेश्यावृत्ति कर सकता है, लेकिन इसे कारोबार के तौर पर अपनाना गैरकानूनी है। इसके अलावा किसी और की वैश्यावृत्ति के जरिए फायदा उठाना भी इस कानून के तहत अवैध है। 

3. फ्रांस
फ्रांस में वेश्यावृत्ति को लेकर कानून काफी असमंजस की स्थिति पैदा करने वाला है। यहां 2016 में पास हुए कानून के मुताबिक, सेक्स के लिए पैसे देना गैरकानूनी घोषित है। लेकिन इसे बेचना पूरी तरह वैध गतिविधि है। हालांकि, सेक्स वर्कर्स अगर सार्वजनिक व्यवस्थाओं को बिगाड़ती हैं या ट्रैफिक व्यवस्था का उल्लंघन करती हैं तो उन पर केस किया जा सकता है। 

4. जापान
जापान का 1956 का कानून वेश्यावृत्ति से जुड़े कुछ कामों को अवैध बनाता है। इसके तहत अनजान लोगों के बीच किसी लेन-देन के जरिए संबंध बनाने की घटना को गैरकानूनी बनाया गया है। हालांकि, फ्रांस की तरह यहां भी कानून में कुछ पेंचों की वजह से सेक्स खरीदना बैन नहीं है। यहां कई जगहों पर वेश्यावृत्ति को मान्यता है, क्योंकि कानून के तहत सिर्फ यौन संबंध ही बैन हैं।

5. ब्रिटेन 
ब्रिटेन में भी वेश्यावृत्ति वैध है। हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग प्रावधान हैं। इंग्लैंड और वेल्स सेक्स सेवाओं की खरीद और बिक्री को मान्यता देते हैं, तो वहीं आयरलैंड में सेक्स खरीदने पर सजा का प्रावाधान है। यानी किसी भी तरह से इसे मजबूरन हासिल नहीं किया जा सकता। इसके अलावा ब्रिटेन में वेश्यावृत्ति को नियंत्रित करना और कोठों का प्रबंधन भी बैन है। 

6. अमेरिका
दूसी तरफ अमेरिका में अलग-अलग राज्यों के कानून के हिसाब से वेश्यावृत्ति को वैध या अवैध करार दिया गया है। ज्यादातर राज्यों में सेक्स सेवाओं की खरीद और बिक्री पर रोक है। हालांकि, नेवाडा राज्य में लाइसेंसी कोठे और एचआईवी-यौन संबंधी बीमारियों के टेस्ट के बाद वेश्यावृत्ति को सीमित वैधता दी गई है।

तीसरा वर्ग- वे देश जहां बैन है वेश्यावृत्ति

दुनिया के 100 देशों की एक स्टडी के मुताबिक, जिन देशों में वेश्यावृत्ति को अवैध करार दिया गया है, वहीं दुनिया की 37 फीसदी आबादी रहती है। यानी एक बड़ा वर्ग आज भी इसे पेशा न मानते हुए गलत कार्य करार देती है। जिन देशों में वेश्यावृत्ति पूरी तरह प्रतिबंधित है, उनमें चीन, क्रोएशिया, मिस्र, ईरान, इराक, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। इनमें ईरान और चीन में तो वेश्यावृत्ति से जुड़े केसों में मौत तक की सजा सुनाई जा चुकी हैं। इसके अलावा कई और देश भी हैं, जहां वेश्यावृत्ति पर सख्त से सख्त सजा का प्रावधान है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed