सऊदी से आ रही थी फ्लाइट: टॉयलेट के नैपकिन में लिखा मिला बम, अहमदाबाद में कराई गई विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
डम्माम से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में टॉयलेट के अंदर अंग्रेजी में बम लिखा टिश्यू पेपर मिलने से हड़कंप मच गया। क्रू सदस्य ने इसकी जानकारी पायलट को दी। इसके बाद विमान को अहमदाबाद डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। 32 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। आइए, जानते हैं जांच में क्या निकला?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सऊदी अरब के डम्माम से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार को बम की धमकी मिलने के बाद उसे अहमदाबाद डायवर्ट कर दिया गया। विमान में सवार क्रू सदस्य को टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर अंग्रेजी में सिर्फ बम लिखा था। क्रू सदस्य ने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी। सुरक्षा नियमों के तहत पायलट ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से संपर्क किया और विमान को आपात स्थिति में उतारने की अनुमति मांगी। इसके बाद एयरपोर्ट पर सभी जरूरी आपात सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया।
अहमदाबाद पहुंचने के बाद यात्रियों को कैसे सुरक्षित उतारा गया?
विमान के अहमदाबाद रनवे पर उतरने के बाद उसे अलग सुरक्षित स्थान यानी आइसोलेशन बे में ले जाया गया। विमान में कुल 32 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारकर एयरपोर्ट बस के जरिए टर्मिनल तक पहुंचाया गया। यात्रियों के सामान को भी अलग रखा गया और उसकी जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए विमान के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया।
विमान की जांच में क्या सामने आया?
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान की गहन जांच शुरू की गई। फायर ब्रिगेड, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी सीआईएसएफ, बम निरोधक दस्ता और अन्य बचाव दल विमान के पास पहुंच गए। सुरक्षा अधिकारियों और तकनीकी टीमों ने विमान के हर हिस्से की जांच की। सीटों से लेकर कार्गो होल्ड तक को देखा गया। जांच के दौरान विमान के अंदर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
क्या यात्रियों या विमान को कोई नुकसान हुआ?
इस घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर टर्मिनल पहुंचाया गया। विमान की जांच में भी कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामान नहीं मिला। यानी टिश्यू पर लिखे धमकी वाले शब्द के बावजूद विमान के अंदर से कोई वास्तविक विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को हल्के में नहीं लिया और पूरी प्रक्रिया के तहत विमान तथा सामान की जांच की।
अब सुरक्षा एजेंसियां किस सवाल का जवाब तलाश रही हैं?
विमान की जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिलने के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि टॉयलेट में बम लिखा टिश्यू पेपर किसने छोड़ा था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ऐसा करने के पीछे मकसद क्या था। धमकी वाला संदेश मिलने के बाद विमान को अहमदाबाद उतारने से लेकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और विमान की जांच तक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। फिलहाल जांच का केंद्र उस नोट को छोड़ने वाले व्यक्ति और उसके मकसद पर है।
एअर इंडिया ने क्या कहा?
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि डम्माम से दिल्ली जा रही उसकी एक उड़ान को सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बम की विशेष धमकी मिलने के बाद एहतियातन अहमदाबाद डायवर्ट किया गया। एयरलाइन के मुताबिक, सरकार की ओर से गठित बम थ्रेट असेसमेंट कमेटी को तुरंत इसकी जानकारी दी गई और सभी जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाएं शुरू कर दी गईं। विमान अहमदाबाद में सुरक्षित उतरा और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि विमान को जरूरी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही दोबारा उड़ान के लिए छोड़ा जाएगा।