आईएस सरगना बगदादी की मौत की वजह बना उसका 'खास' साथी, खुफिया ठिकानों की दी जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका ने दुनिया के सबसे खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) के सरगना अबु बकर अल-बगदादी को मार गिराया। बगदादी की मौत के बाद लगातर नए खुलासे होते जा रहे हैं। एक नए खुलासे में पता चला है कि बगदादी को मरवाने में उसके ही सहयोगी का बड़ा हाथ है।
दो वरिष्ठ इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि खुफिया एजेंसियों को फरवरी 2018 में इस संबंध में बड़ी सफलता मिली थी। उसके ही एक करीबी सहयोगी इस्माइल अल-इथावी ने बताया था कि वह कैसे बीते कई सालों से सुरक्षा बलों की पकड़ से बाहर है।
अधिकारियों के अनुसार, उसके सहयोगी ने बताया था कि बगदादी कई बार सब्जियों से लदी गाड़ियों में बैठकर अपने लड़ाकों से रणनीतिक चर्चाएं करता था ताकि गिरफ्तारी से बचा जा सके। इथावी को तुर्की अथॉरिटीज ने गिरफ्तार कर इराकी सुरक्षा बलों को सौंप दिया था।
इराकी सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इथावी ने कई अहम जानकारियां दी थीं, जिनके जरिए कई इराकी एजेंसियों ने बगदादी और उसके ठिकानों के बारे में कई अहम कड़ियों को सुलझा लिया।
ट्रंप ने की थी पुष्टि
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अबु बकर अल-बगदादी की मौत की पुष्टि की थी। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कहा कि पिछली रात अमेरिका दुनिया के नंबर एक आतंकी को इंसाफ के दायरे में लाया। अबु बकर अल-बगदादी मारा गया। वह दुनिया के सबसे खूंखार और हिंसक संगठन का संस्थापक और सरगना था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि बगदादी के साथ उसके तीन बच्चे और कई सहयोगी भी मारे गए हैं। ट्रंप ने बताया कि बगदादी सीरिया की एक सुरंग में छिपा हुआ था। उन्होंने कहा कि घिर जाने के बाद बगदादी ने खुद को बच्चों सहित उड़ा लिया।
ट्रंप ने कहा कि बगदादी फिर कभी किसी निर्दोष महिला, व्यक्ति और बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचा सकेगा। वह एक कुत्ते और डरपोक की मौत मरा। दुनिया अब पहले से ज्यादा सुरक्षित है। ट्रंप ने आईएस के खिलाफ लड़ाई में सहयोग के लिए रूस, सीरिया और तुर्की को भी शुक्रिया कहा। ट्रंप ने कहा कि वह ऑपरेशन को देख रहे थे।