'पोते की चाह में पोती की बलि देना चाहती है सास'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साहब! मेरी तीन बेटियां हैं। दहेज के लिए ससुराली प्रताड़ित करते हैं। जादू टोने में विश्वास रखने वाली सास पोते की चाह में उसकी सबसे छोटी बेटी की बलि देने की कोशिश कर चुकी है।
सास अपने लड़के की दूसरी शादी कराने की कोशिश में है और तीन बेटियां जनने की सजा उसे दे रही है। जनता दरबार में महिला का दर्द सुनकर कप्तान ने गंभीर रुख लेते हुए आरोपी ससुरालियों के खिलाफ एएसपी काशीपुर को मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित पुलिस लाइन में कप्तान अनंत शंकर ताकवाले ने जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी विशाखा ने कहा कि उसकी पुत्री स्वाती को ससुरालियों ने जलाकर मार दिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो रही है।
लोगों ने की इंसाफ की फरियाद
जनता दरबार में श्याम टाकीज के पास रहने वाले विशनलाल गंगवार ने कहा कि बीते 9 मई को उसके भाई रामस्वरुप को पत्नी ने जहर खिलाकर मार दिया था। लेकिन अभी तक बिसरा रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। सिंह कालोनी निवासी एक महिला ने कहा कि एक व्यक्ति ने शादीशुदा होने के बावजूद उससे संबंध बनाए और जलाने की कोशिश की।
जेल से छूटने के बाद आरोपी ने उससे शादी की, मगर गर्भवती होने के बावजूद उसे वह नहीं अपना रहा है। ग्राम मढ़ैया खुर्द केलाखेड़ा निवासी महिला ने मारपीट और फायरिंग करने के आरोपियों की मुकदमा दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने की शिकायत की।
लक्ष्मीपुरवा रामनगरिया हरदोई निवासी महिला ने पति सहित सात ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और सास पर जादू टोना कर बेटी की बलि लेने की कोशिश करने की शिकायत की।
एसएसपी ताकवाले ने अधीनस्थों से शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। हालांकि कप्तान के जरुरी कार्यक्रम में जाने के बाद बाकी समस्याएं एएसपी कमलेश उपाध्याय ने सुनीं। इस मौके पर सभी थानों के सीओ और इंचार्ज मौजूद रहे।