भटवाड़ी की ब्लाक प्रमुख विनीता रावत ने डीएम मयूर दीक्षित से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की समस्याएं बताई। साथ ही उन्होंने ऑल वेदर रोड के तहत गंगोत्री हाईवे के डाइवर्जन से उपला टकनौर क्षेत्र के कुछ गांव अलग-थलग पड़ने की आशंका जताते हुए डीएम के माध्यम से केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
बृहस्पतिवार को ब्लाक प्रमुख विनीता रावत के नेतृत्व में भटवाड़ी के प्रतिनिधि मंडल ने जिले के नवनियुक्त डीएम से मुलाकात की। प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र में संचार सेवाओं की बदहाली के चलते विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने ई-लर्निंग क्लास के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई का इंतजाम करने की मांग की। प्रमुख ने बताया कि ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत गंगोत्री हाईवे को बाईपास कर निकालने की तैयारी है, जिससे सुक्की, जसपुर एवं पुराली के ग्रामीणों को अलग-थलग पड़ने की चिंता सता रही है। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला संयोजक जगमोहन रावत, ज्येष्ठ उपप्रमुख मनोज रावत, कनिष्ठ उपप्रमुख मनोज पंवार, पिंकी राणा, संतोष कठैत, मुकेश कठैत, विनोद राणा, नवीन रावत आदि मौजूद रहे।