नौगांव ब्लॉक के मशाल गांव के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन योजना का विरोध किया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में तहसील मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने एसडीएम बड़कोट को ज्ञापन सौंपते हुए उनके गांव के लिए बनने वाली इस योजना को निरस्त करने की मांग की है।
तहसील मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन योजना का कड़ा विरोध किया। ग्राम प्रधान खेमराज सिंह राणा ने एसडीएम को प्रेषित ज्ञापन में कहा कि उनके गांव में जल जीवन मिशन योजना की कोई आवश्यकता नहीं है। यहां पर्याप्त पेयजल संसाधन हैं। साथ ही हर घर में पर्याप्त मात्रा में पानी पहले से पहुंचा हुआ है। उन्होंने गांव के लिए स्वीकृत 27 लाख रुपये की योजना को सरकारी धन का दुरुपयोग बताया। इस संबंध में ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मामले का समाधान करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में नरेश सिंह राणा, शुभम राणा, अंकित राणा, युवराज राणा, राहुल भारती, सुनीता, राजकुमार, विनीता, जयमाला, सुमन देवी, मीना, जसोदा आदि ग्रामीण शामिल रहे। इधर, एसडीएम चतर सिंह चौहान ने ग्रामीणों को मामले में उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया है। जल जीवन मिशन योजना के तहत तीन स्तरों पर सरकार पहले हर घर को नल से जोड़ने, दूसरे में पेयजल स्त्रोतों को टैप करने और तीसरे में पेजयल स्त्रोतों के आसपास जल संवर्धन का कार्य करेगी। योजना का उद्देश्य सभी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।