बीती रात हुई बारिश के कारण निर्माणाधीन ज्ञानसू साल्ड मोटर मार्ग पर बना पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए काम बंद करा दिया है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर आकर समस्या का समाधान नहीं करने तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने देने की चेतावनी दी है।
ज्ञानसू साल्ड मोटर मार्ग पर द्वितीय चरण का निर्माण कार्य किया जा रहा है, लेकिन बीती शनिवार रात को हुई बारिश में निर्माणाधीन सड़क के किनारे लगाया गया पुश्ता ढह गया। प्रधान ममलेश भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य तनुजा नेगी आदि जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए काम बंद करा दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि करोड़ों की लागत से हो रहे इस कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मौका मुआयना कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने को कहा। साथ ही साथ निर्माण कार्य के चलते क्षतिग्रस्त हुए पैदल रास्तों की भी मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने तक निर्माण कार्य बंद रखने व जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी।