{"_id":"578faa054f1c1b347fc4c210","slug":"gangotri-highways-closed-roads-including-four-in-the-district","type":"story","status":"publish","title_hn":"गंगोत्री हाईवे समेत जिले की चार सड़कें अब भी बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गंगोत्री हाईवे समेत जिले की चार सड़कें अब भी बंद
ब्यूरो/अमर उजाला, उत्तरकाशी
Updated Wed, 20 Jul 2016 10:12 PM IST
विज्ञापन
उत्तरकाशी हेलगूगाड के पास गंगोत्री हाईवे अवरूद्ध होने के कारण जान जोखिम में डालकर आवाजाही करते कांवडियां।
- फोटो : Amar Ujala
जनपद में तीसरे दिन भी चटक धूप के साथ मौसम खुशगवार बना रहा। हालांकि हेलगूगाड में भारी चट्टानें खिसकने से अवरुद्ध गंगोत्री हाईवे पर तीसरे दिन भी यातायात बहाल नहीं हो पाया। इसके अलावा जिले में तीन आंतरिक सड़कें भी अभी तक अवरुद्ध पड़ी होने से संबंधित गांवों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
सोमवार की शाम को हेलगूगाड के पास दो स्थानों पर भारी चट्टानें खिसकने से अवरुद्ध हुए गंगोत्री हाईवे पर तीसरे दिन भी यातायात बहाल नहीं हो पाया। बीआरओ ने भारी मशक्कत कर हेलगूगाड से आगे अवरुद्ध सड़क पर तो यातायात बहाल कर लिया, लेकिन दूसरे स्थान पर अभी बीआरओ के प्रयास सफल नहीं हो पाए हैं। यहां बुधवार को भी पुलिस, एसडीआरएफ एवं बीआरओ के जवानों की मदद से कांवड़ यात्रियों की पैदल आवाजाही जारी रही।
विज्ञापन
तीन दिनों से मौके पर डटे बीआरओ के कमान अधिकारी मेजर एसएस रॉय ने बताया कि भारी चट्टानों को काटने और ऊपर से बार-बार चट्टानें दरकने से मार्ग खोलने में दिक्कत आ रही है। बृहस्पतिवार तक यहां यातायात बहाल कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
गंगोत्री हाईवे के अलावा जनपद में तीन आंतरिक सड़कों पर भी अभी यातायात बहाल नहीं हो पाया है। मनेरी-जखोल मोटर मार्ग भी बृहस्पतिवार को खुलने की उम्मीद है। जबकि गंगोरी-गजोली सड़क पर 25 जुलाई और खरादी-नगाणगांव मोटर पुल की बही एप्रोच 15 सितंबर तक दुरुस्त होने की बात कही जा रही है। इनके अलावा बीते दिनों की बरसात में अवरुद्ध हुई अन्य 29 सड़कों पर यातायात बहाल कर लिया गया है।