ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत गंगोत्री हाईवे पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य से गांव रास्ता, सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने तथा आवासीय भवनों पर खतरा मंडराने से रतूड़ी सेरा गांव के ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने डीएम से शीघ्र सुरक्षा कार्य कराने व क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
मंगलवार को डीएम से मिलने पहुंचे रतूड़ीसेरा के ग्रामीणों ने बताया कि गंगोत्री हाईवे पर स्थित उनके गांव के निकट ऑल वेदर रोड के तहत सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। बेतरतीब ढंग से सड़क की कटिंग करने के कारण गांव का मुख्य मार्ग और सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही यहां रास्ते से सटे आवासीय भवनों पर भी खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन और बीआरओ के अधिकारियों से कई बार शिकायत की। अक्तूबर में एसडीएम डुंडा की मौजूदगी में निर्माण एजेंसी ने मौका मुआयना भी किया था, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र क्षतिग्रस्त रास्ते और सिंचाई नहर का पुनर्निर्माण कराने व भवनों की सुरक्षा के लिए दीवार का निर्माण कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में रतूड़ीसेरा के प्रधान दुर्गेश जोशी, राजीव बहुगुणा सहित कई ग्रामीण शामिल थे। डीएम ने एडीएम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।